हाथों की उंगलियों पर लगाएं मेहंदी की ये 5 आसान डिजाइन

सावन का महीना कई तरह से विशेष होता है। इस महीने में भगवान शिव की पूजा होती है और कई तीज त्योहार आते हैं। इन त्योहारों में अधिकतर पर्व महिलाओं के लिए होते हैं। सावन के महीने में आने वाले तीज त्योहारों में मेहंदी लगाने का प्रचलन भी है। जाहिर है, महिलाओं का त्योहार है तो वह साज-श्रृंगार तो करेंगी ही और मेहंदी के बिना एक महिला का श्रृंगार अधूरा ही रह जाता है।
इसलिए सावन के आते ही महिलाएं मेहंदी की नए डिजाइन तलाशने में लग जाती हैं। वैसे आजकल की महिलाओं को मेहंदी से हाथों को भरने की जगह सिंपल-सोबर मेहंदी डिजाइन ज्यादा लुभाते हैं। आजकल केवल उंगलियों में मेहंदी की खूबसूरत डिजाइन लगाने के बाद महिलाएं हथेली को खाली छोड़ देती हैं या फिर कोई साधारण से डिजाइन लगाकर काम चला लेती हैं।
यह ट्रेंड खासतौर पर युवा महिलाओं में अधिक देखा जा रहा है और बेस्ट बात तो यह है कि इससे समय और मेहनत दोनों ही कम लगते हैं। तो चलिए अगर आप भी हाथ की उंगलियों के लिए स्टाइलिश मेहंदी डिजाइन की तलाश में हैं, तो इसमें हम आपकी मदद करते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: 10 मिनट में हाथों पर लगाएं ये 5 मेहंदी डिजाइन
जाल वर्क वाली मेहंदी
उंगलियों को अगर आप पूरी तरह से कवर करना चाहती हैं, तो इसके लिए बेस्ट होगा कि आप जाल वर्क वाली मेहंदी डिजाइन का चुनाव करें। यह मेहंदी डिजाइन बहुत ही कम समय और आसानी से लग जाती है। अगर आप मेहंदी लगाने में निपुण नहीं हैं, तो भी आप यह डिजाइन हाथों में जरूर लगा लेंगी।
कैसे बनाएं यह डिजाइन
- सबसे पहले उंगली पर चेक बना लें।
- अब इन चेक्स के ज्वॉइंट्स पर एक डॉट या फूल नुमा डिजाइन बनाएं।
- इससे आपको एक सुंदर सी जाल वर्क वाली मेहंदी डिजाइन मिल जाएगी।
- आप चाहें तो जाल वर्क के अंत में उसे कवर करने के लिए कैरियां और फूल आदि की डिजाइन भी बना सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: देखें 'दो बेल वाली मेहंदी' की लेटेस्ट डिजाइन
चेक मेहंदी डिजाइन
अगर आप केवल 5 मिनट में ही उंगलियों को मेहंदी से कवर करना चाहती हैं, तो चेक मेहंदी डिजाइन एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है। इस डिजाइन को लगाना भी आसान है और आप इसे मात्र 5 मिनट में ही लगा सकती हैं। इस मेहंदी डिजाइन से आपकी उंगलियां भरी-भरी और खूबसूरत भी नजर आती हैं।
कैसे बनाएं यह डिजाइन
- सबसे पहले आप उंगलियों पर चेक बना लें।
- आप पहले कोई आकार बना लें और फिर उसमें चेक बनाएं, तो यह और भी बेहतर नजर आएगा।
- इसके बाद आप इन चेक्स के किनारों को हाइलाइट करने के लिए बेल डिजाइन या डॉट डिजाइन बना सकती हैं।
डॉट मेहंदी डिजाइन
डॉट मेहंदी डिजाइन से भी उंगलियों को भरना बहुत आसान है और इस डिजाइन से उंगलियां सुंदर भी नजर आती हैं। जो महिलाएं मेहंदी लगाने की कला में पारंगत नहीं हैं, वह भी इस तरह की डिजाइन को आसानी से उंगलियों पर लगा लेती हैं।
कैसे बनाएं यह डिजाइन
- डॉट वाली मेहंदी में बहुत सारे डिजाइन होते हैं।आप कैरियां, फूल, बेल आदि के साथ डॉट डिजाइन का क्लब कर सकती हैं।
- आप डॉट वाली मेहंदी को पारंपरिक स्टाइल में केवल लाइन खींच-खींच कर भी लगा सकती हैं।
- डॉट वाली मेहंदी में आप लटकन बना कर उसे ज्वेलरी पैटर्न दे सकती हैं।
फूल की बेल
उंगली पर फूल की बेल वाली मेहंदी डिजाइन भी बहुत कम समय में लग जाती है। मगर आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आप किस तरह का फूल बनाना चाहती हैं। अगर आपकी आर्ट बहुत अच्छी है, तो आप फूल को डिजाइनर आकर भी दे सकती हैं। वहीं अगर आप आर्ट में कमजोर हैं, तो सिंपल फूल की डिजाइन बना कर मेहंदी को कंप्लीट कर सकती हैं।
कैसे बनाएं यह डिजाइन
- सबसे पहले फूल की आकृति बना लें।
- इस बात का ध्यान रखें कि सारे फूल एक ही आकार के बने हों।
- इसके बाद फूल को मेहंदी से भरें।
- अब आप सभी फूलों को डॉट्स से जोड़ लें।
- इस तरह आपकी डिजाइन कंप्लीट हो जाएगी।
पत्ती की बेल
अगर आप केवल 5 मिनट में उंगलियों को मेहंदी से भरने के लिए डिजाइन तलाश रही हैं तो आपको पत्ती की बेल वाली डिजाइन का चुनाव करना चाहिए। इस तरह की डिजाइन कोई भी लगा सकता है, जिसने पहली बार कोन हाथ में पकड़ा हो, उसके लिए भी यह डिजाइन लगाना आसान है।
कैसे बनाएं यह डिजाइन
- उंगली के बीच में 2 सीधी रेखाएं खीचें।
- इन रेखाओं के दोनों ओर पत्तियां बनाएं।
- आप चाहें तो केवल डॉट्स बना सकती हैं और फिर उन्हें किसी नुकीली वस्तु की मदद से फैला दें।
- ऐसा करने पर आपको एक सुंदर बेल डिजाइन मिल जाती है।
उम्मीद है कि आपको मेहंदी की यह डिजाइन पसंद आई होंगी। तो फिर देर किस बात की है, आप भी एक बार इन डिजाइंस को ट्राई करके जरूर देखें, साथ ही इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए देखती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: wedbook.com, shutterstock, weddingwire.in, arabicmehndidesign.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।