आपको पता है 12वीं के बाद पुलिस ऑफिसर बनने के लिए कैसे करना पड़ता है खुद को तैयार?

12वीं के बाद पुलिस ऑफिसर बनने के लिए सही स्ट्रीम चुनना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए शारीरिक दक्षता पर ध्यान देना, करंट अफेयर्स और सामान्य ज्ञान मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके अलावा, आपको मानसिक रूप से तैयार रहना और परीक्षा के लिए चयन प्रक्रिया के अनुसार तैयारी करना भी आवश्यक है। इसी के साथ आइए जानते हैं कि पुलिस ऑफिसर बनने के लिए आप खुद को और किस तरह से तैयार कर सकती हैं।
image

बहुत से युवाओं का सपना होता है कि वे पुलिस बल में शामिल होकर देश और समाज की सेवा करें। 12वीं कक्षा पास करने के बाद यह सपना और भी प्रबल हो जाता है। कई लोगों को लगता है कि सिर्फ पढ़ाई करके भी वे पुलिस ऑफिसर बन सकते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं होता है। दरअसल, पुलिस ऑफिसर बनने के लिए सिर्फ अच्छी पढ़ाई ही काफी नहीं होती है। इसके लिए आपको शारीरिक और मानसिक रूप से भी खुद को खास तरह से तैयार करना पड़ता है। यह एक चुनौतीपूर्ण रास्ता है, जिसके लिए सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत की आवश्यकता होती है। अगर आप भी 12वीं के बाद पुलिस ऑफिसर बनने का लक्ष्य बना रही हैं, तो यह लेख आपके लिए ही है। हम आपको वो सारे महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में बताएंगे जिन पर आपको ध्यान देना चाहिए। इनमें, शैक्षणिक योग्यता से लेकर शारीरिक दक्षता, मानसिक तैयारी और सही परीक्षा की रणनीति तक सबकुछ शामिल है। यह सफर आसान नहीं होता है, पर सही दिशा और लगन से आप निश्चित रूप से अपने इस सपने को पूरा कर सकते हैं। आइए, 12वीं के बाद पुलिस ऑफिसर बनने के लिए आपको खुद को तैयार करने के कुछ खास टिप्स के बारे में जान लेते हैं।

12वीं के बाद पुलिस ऑफिसर कैसे बनें?

12वीं के बाद पुलिस ऑफिसर बनने का लक्ष्य रखने वाले छात्रों को एक समग्र रणनीति अपनानी होती है, जिसमें पढ़ाई, शारीरिक दक्षता और मानसिक तैयारी सभी शामिल हों। नीचे कुछ महत्वपूर्ण पहलू दिए गए हैं, जिन पर आपको ध्यान देना होगा।

शैक्षणिक योग्यता और स्ट्रीम का चयन

12वीं के बाद आप सीधे कांस्टेबल या कुछ अन्य निचले स्तर के पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, यदि आपका लक्ष्य सब-इंस्पेक्टर (SI) या उससे ऊपर के अधिकारी बनना है, तो आपको स्नातक की डिग्री की आवश्यकता होगी। यदि आप 12वीं में कला विषय लेते हैं, तो यह आपको सामान्य अध्ययन, इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल जैसे विषयों में मदद करेगा, जो पुलिस भर्ती परीक्षाओं का एक बड़ा हिस्सा होते हैं। वहीं, विज्ञान के छात्र गणित और तार्किक क्षमता में बेहतर हो सकते हैं, जो कुछ परीक्षाओं में सहायक होता है।

Police Officer

हालांकि, पुलिस भर्ती के लिए कोई विशिष्ट स्ट्रीम अनिवार्य नहीं है, आप किसी भी स्ट्रीम से 12वीं पास करके आवेदन कर सकते हैं। अगर आप SI या IPS बनना चाहते हैं, तो 12वीं के बाद किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त करें। आप अपनी रुचि के अनुसार कोई भी विषय चुन सकते हैं, लेकिन वे विषय जो सिविल सेवा परीक्षाओं में सहायक हों, वैसे सब्जेक्ट ही मददगार साबित हो सकते हैं।

शारीरिक दक्षता पर ध्यान दें

पुलिस बल में शारीरिक दक्षता सबसे महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक है। 12वीं के बाद से ही इस पर काम करना शुरू कर दें। नियमित रूप से दौड़ने का अभ्यास करें। पुलिस भर्ती परीक्षाओं में अक्सर निश्चित समय-सीमा में 1.6 किमी या 5 किमी की दौड़ होती है। अपनी स्टैमिना बढ़ाएं। ऊंची कूद और लंबी कूद जैसी गतिविधियों का भी अभ्यास करें। इनकी जरूरत विभिन्न राज्यों की पुलिस भर्ती परीक्षाओं में होती है। इसके अलावा, पुश-अप्स और सिट-अप्स करना भी जरूरी है। इसके साथख-साथ आपको खानपान और अपनी जीवनशैली पर ध्यान देना होगा। यह आपको शारीरिक रूप से फिट रखेगा। विभिन्न पुलिस बलों के लिए न्यूनतम ऊंचाई महिलाओं के लिए आवश्यक मानक होते हैं। अपनी श्रेणी के लिए आवश्यक मानकों को पहले से जान लें।

मानसिक तैयारी और सामान्य ज्ञान

पुलिस ऑफिसर बनने के लिए मानसिक रूप से मज़बूत होना भी उतना ही जरूरी है। रोजाना अखबार पढ़ें, न्यूज चैनल देखें और ऑनलाइन स्रोतों से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय घटनाओं, सरकारी योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से अपडेट रहें।

Police officer eligibility

  • सामान्य ज्ञान- भारतीय इतिहास, भूगोल, संविधान, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे विषयों का अध्ययन करें। लुसेंट जैसी सामान्य ज्ञान की किताबें सहायक होती हैं।
  • रीजनिंग और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड- इन वर्गों में अपनी पकड़ मज़बूत करें। इन पर आधारित प्रश्न लगभग सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में होते हैं।
  • भाषा ज्ञान- यदि राज्य पुलिस में जाना है, तो उस राज्य की स्थानीय भाषा पर अच्छी पकड़ होना अनिवार्य है। इनमें हिंदी, मराठी, बंगाली आदि शामिल हैं।
  • मानसिक दृढ़ता- पुलिस का काम तनावपूर्ण हो सकता है। चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें। योग और ध्यान इसमें मदद कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें-आपको पता है IPS अधिकारी का इस्तीफा किसके पास जाता है? जवाब जानकर हैरान रह जाएंगे

सही परीक्षा का चयन और रणनीति

पुलिस बल में कई स्तर होते हैं। अपना लक्ष्य स्पष्ट करें-

कांस्टेबल- 12वीं के बाद सीधे इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट होता है।

सब-इंस्पेक्टर- इसके लिए स्नातक की डिग्री अनिवार्य है। इसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता, मेडिकल और इंटरव्यू भी हो सकता है।

IPS- यह सबसे उच्च स्तर है, जिसके लिए UPSC की सिविल सेवा परीक्षा पास करनी होती है। इसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा और गहन तैयारी की आवश्यकता होती है। अपनी योग्यता, रुचि और लक्ष्य के अनुसार सही परीक्षा का चयन करें और उसी के अनुसार तैयारी शुरू करें।

इसे भी पढ़ें-कांस्टेबल, होम गार्ड और सब-इंस्पेक्टर बनने के लिए किन विषयों पर होनी चाहिए पकड़ और योग्यता?

अनुशासन और समर्पण

पुलिस ऑफिसर बनने के लिए अनुशासन और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। अपनी तैयारी के लिए एक शेड्यूल बनाएं और उसका सख्ती से पालन करें। नियमित रूप से मॉक टेस्ट दें ताकि आपको परीक्षा पैटर्न और टाइम मैनेजमेंट का अनुभव हो। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करें ताकि आपको महत्वपूर्ण विषयों और प्रश्नों के प्रकार का अंदाजा हो सके। 12वीं के बाद से ही इन सभी पहलुओं पर काम करना शुरू करने से आप अपने पुलिस ऑफिसर बनने के सपने को साकार कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें-एनकाउंटर क्या होता है? जान लें पुलिस को कब मिलती है इसकी परमिशन

इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ।

Image credit- Freepik


HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP