बिना मौसम वाली सब्जियां और फल खाने से क्यों बिगड़ जाता है डाइजेशन? एक्सपर्ट ने बताया सच

आज के समय में मौसम चाहे कोई भी हो, बाजार में हर मौसम के फल और सब्जियां सालभर मिलते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि इन्हें खाना सेहत पर भारी पड़ सकता है? दरअसल, बेमौसम मिलने वाली इन चीजों को केमिकल और इंजेक्शन से उगाया जाता है। ऐसे में इन्हें खाने से शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता है। अगर आप हेल्दी रहना चाहती हैं तो हमेशा फ्रेश और मौसम के हिसाब से ही डाइट लेना चाहिए।
कई बार लगता है कि हम पोषक तत्वों से भरपूर फल और सब्जियां खा रहे हैं, फिर भी शरीर में मिनरल्स की कमी बनी रहती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बेमौसम कोई भी सब्जी या फल शरीर को पूरा पोषण नहीं देती, बल्कि नुकसान पहुंचा सकती है। इसके लिए हमने अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल, दिल्ली की सीनियर न्यट्रिशनिस्ट, डा. दिव्या मलिक से बात की। उन्होंने विस्तार से जानकारी दी कि बेमौसम फल-सब्जियां क्यों नहीं खानी चाहिए और कैसे रहें सावधान?
-1778062125756.jpg)
डॉक्टर ने क्या कहा?
उन्होंने बताया कि नेचर मौसम के हिसाब से ही हमें फल और सब्जियां प्रदान करती है, तभी उनमें भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं, लेकिन आजकल पूरे साल हर प्रकार की सब्जियां ओर फल बाजार में आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे में किसी भी ऋतु में कुछ भी खाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- अक्सर फल खाना स्किप कर देती हैं आप, जानिए शरीर के लिए कितने जरूरी होते हैं मौसमी फल
शरीर को नहीं मिलता सही पोषण
इसका मतलब है कि ये आहार ऋतु के विपरीत आप तक पहुंचाए जा रहे हैं। ऐसे में क्या आपने कभी सोचा है कि समय से पहले फल कैसे पक जाते हैं या गर्मी की सब्जियां सर्दियों में कैसे मिलने लगती हैं? दरअसल, इनमें प्राकृतिक गुणों के बजाय कृत्रिम तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे ये बेमौसम भी उपलब्ध हो पाते हैं। ऐसे आहार से न तो सही पोषण मिलता है और न ही सेहत।
बिगड़ता है पाचन
बेमौसम फल और सब्जियां खाने से स्वास्थ्य को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं, जैसे पाचन संबंधी गड़बड़ियां, गैस, एसिडिटी और पेट दर्द। दरअसल, इन फलों को जल्दी पकाने और लंबे समय तक ताजा रखने के लिए इनमें हानिकारक रसायनों और मोम का उपयोग किया जाता है, जो एलर्जी, संक्रमण और अन्य बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें- कहीं आप भी तो नहीं खा रहीं इंजेक्शन वाली लौकी? खरीदते समय इन 4 तरीकों से करें असली-नकली की पहचान
ऋतुचर्या के विपरीत
प्रकृति हमेशा ऋतु और समय के अनुसार ही फल और सब्जियां उगाती है। वैसे तो साल में छह ऋतुएं होती हैं, लेकिन आम तौर पर गर्मी, बरसात और सर्दी के हिसाब से पूरे साल में फल-सब्जियां मिलती हैं। अब अगर गर्मी के फल सर्दी में खाए जाएंगे, तो क्या वही स्वाद और पोषण मिलेगा? ठीक वैसे ही, ऋतु के विपरीत कोई भी चीज खाने से उसका पूरा लाभ नहीं मिल पाता।
कब क्या खाएं?
सर्दी की सब्जियां और फल- इस मौसम में गाजर, पालक, मटर, पत्तागोभी, फूलगोभी और कई तरह की हरी सब्जियां खूब आती हैं। फलों में संतरा, नाशपाती, कीनू, अमरूद मिलते हैं।
-1778062138949.jpg)
गर्मी के फल और सब्जियां- गर्मियों में तरबूज, खीरा, ककड़ी, बेल और आम जैसे रस और पानी से भरपूर फल मिलते हैं। ये फल शरीर को हाइड्रेट रखते हैं। प्रकृति ने ऋतु और मौसम की जरूरत के अनुसार ही ये आहार दिए हैं, लेकिन आजकल जून में पकने वाले आम मार्च के अंत तक ही बाजार में आने लगते हैं।
कैसे बरतें सावधानी?
अगर आप ऋतु के विपरीत या समय से पहले कोई फल या सब्जी खा रही हैं, तो उसे अच्छी तरह से धोकर ही खाएं ताकि उस पर लगे कार्बाइड या केमिकल साफ हो सकें।
किसी भी फल या सब्जी को काटने या खाने से पहले कुछ देर पानी में भिगोकर जरूर रखें, इससे उनका नुकसान कुछ हद तक कम किया जा सकता है। आप चाहें तो नमक डालकर भी सब्जियों को कुछ देर भिगोकर रख सकती हैं। इसके बाद उन्हें धो लें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
Image Credit- Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।