herzindagi
image

क्रिसमस पर बनाए जाने वाला प्लम केक होता है स्पेशल, जानें कैसे महीने भर पहले से होती है तैयारी शुरू

क्या आपको पता है कि क्रिसमस का सेलिब्रेशन बगैर प्लम केक के पूरा नहीं होता। यह क्रिसमस में एक खास जगह बनाता है। प्लम केक क्यों खास है और इसे कैसे बनाया जाता है, चलिए इस लेख में जानें।
Editorial
Updated:- 2024-12-02, 15:48 IST

दिवाली के बाद जिस लंबी छुट्टी का सभी को इंतजार रहता है वो क्रिसमस और न्यू ईयर है। हमारे देश में क्रिसमस मनाने का चलन काफी देर से शुरू हुआ। वेस्टर्न कल्चर से प्रभावित हुए लोगों ने क्रिसमस ईव और क्रिसमस पर डेजर्ट्स बनाने शुरू किए। ऑफिसेस में सीक्रेट सैंटा का दौर शुरू हुआ। वहीं, क्रिसमस बनने वाले कई सारे डेजर्ट्स के बीच प्लम केक ऐसा डेजर्ट जिसके बिना यह सेलिब्रेशन अधूरा माना जाता है।

प्लम केक क्रिसमस का पर्याय है। अपने रिच, फलयुक्त स्वाद, नम और स्पंजी बनावट के कारण यह क्लासिक डेजर्ट क्रिसमस में बनाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि प्लम केक क्रिसमस की पार्टियों में वॉर्म्थ के साथ-साथ खुशी लाता है। मगर सवाल है कि यह इतना खास क्यों है? क्रिसमस से इसका क्या लेना-देना है? चलिए इस लेख में हम इसके महत्व को जानने के साथ इसे बनाने का तरीका भी जानें।

इंग्लैंड में बनाया गया था पहली बार प्लम केक

why plum cake is special

प्लम केक का क्रिसमस के साथ पुराना नाता है। इसकी उत्पत्ति 16वीं शताब्दी के इंग्लैंड में हुई थी, जहां छुट्टियों के मौसम में प्लम खिचड़ी मेन व्यंजन हुआ करता था। समय के साथ, ड्राई फ्रूट्स, मेवे और मसाले खिचड़ी का हिस्सा बन गए और फिर यही पोरिज या खिचड़ी क्रिसमस पुडिंग में बदल गई। यह अंततः बेक्ड डिलाइट में बदल गया जिसे अब हम प्लम केक के रूप में जानते हैं।

इसका नाम भले ही प्लम केक है, लेकिन इसमें प्लम फ्रूट्स नहीं होते हैं। दरअसल, 'प्लम' शब्द ड्राइड फ्रूट्स, नट्स और आलूबुखारे जैसे ड्राई फ्रूट्स को संदर्भित करता है, जिन्हें पकाने से पहले कई हफ्तों या महीनों तक स्प्रिट में भिगोया जाता है। भिगोने की यह प्रक्रिया केक को एक गहरा और स्ट्रॉन्ग स्वाद देती है जो कि क्रिसमस के लिए बिल्कुल सही है।

प्लम केक में मौजूद मसाले, जैसे कि दालचीनी, जायफल और लौंग शामिल होते हैं। सर्द रातों में ये मसाले शरीर को गर्म रखते हैं, इसलिए इनका उपयोग किया जाता है।

इसे भी पढ़ें: क्रिसमस के दिन तैयार करें ये 2 स्वादिष्ट केक, नहीं पड़ेगी बाजार से मंगवाने की जरूरत

ऑथेंटिक क्रिसमस प्लम केक के लिए सामग्री-

फ्रूट मिक्स के लिए:

  • 1 कप किशमिश
  • 1 कप कटे हुए आलूबुखारे या खजूर
  • 1/2 कप कटे हुए कैंडीड संतरे के छिलके
  • 1/4 कप कटे हुए सूखे अंजीर
  • 1/4 कप कटे हुए बादाम या अखरोट
  • 1/2 कप डार्क रम या संतरे का जूस

केक बैटर के लिए:

  • 1 1/2 कप मैदा
  • 1 चम्मच बेकिंग पाउडर
  • 1/2 चम्मच बेकिंग सोडा
  • 1/2 चम्मच दालचीनी पाउडर
  • 1/4 चम्मच जायफल पाउडर
  • 1/4 चम्मच लौंग पाउडर
  • 3/4 कप अनसाल्टेड मक्खन
  • 3/4 कप ब्राउन शुगर
  • 3 बड़े अंडे
  • 1/4 कप दूध
  • 1 चम्मच वनिला एक्सट्रैक्ट

कैरेमल सिरप के लिए:

  • 1/2 कप दानेदार चीनी
  • 2 बड़े चम्मच पानी

क्रिसमस प्लम केक बनाने का तरीका-

how to make plum cake

  • ड्राई फ्रूट्स को रम या स्प्रिट में महीने भर पहले से भिगोया जाता है। इसके लिए बड़े बर्तन में किशमिश, आलूबुखारा, कैंडीड संतरा और अंजीर को डार्क रम या संतरे के जूस में भिगोकर रख दें।
  • एक छोटे सॉस पैन में, चीनी को धीमी आंच पर तब तक पिघलाएं जब तक कि यह गहरे भूरे रंग में न बदल जाए। इसमें धीरे से पानी डालें और इसे लगातार चलाते रहें। सिरप को पूरी तरह से ठंडा होने दें।
  • इसके बाद ओवन को 160°C पर पहले से गर्म करें। 9 इंच के गोल केक पैन में तेल या मक्खन लगाकर उसे ग्रीस कर लें। उसके ऊपर पार्चमेंट पेपर रखें।
  • एक कटोरे में मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, दालचीनी, जायफल और लौंग पाउडर को एक साथ छान लें।
  • दूसरे मिक्सिंग बाउल में, नरम किया हुआ मक्खन और ब्राउन शुगर को हल्का और फूला हुआ होने तक मिलाएं। ध्यान रखें कि यह फ्लफी होना चाहिए। अब इसमें एक-एक करके अंडे डालें, सुनिश्चित करें कि अगला अंडा डालने से पहले पहले डाला गया अंडा पूरी तरह से मिल जाए।
  • ठंडा कैरेमल सिरप और वनिला एक्सट्रेक्ट मिलाएं, जिससे बैटर को एक रिच, सुनहरा रंग और टॉफी का स्वाद मिलेगा।
  • धीरे-धीरे ड्राई सामग्री को गीले मिश्रण में मिलाएं। दूध को आराम से डालें और अच्छे से मिक्स करें जब तक यह अच्छी तरह से मिल न जाए। भिगोए हुए फल और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाएं।
  • बैटर को तैयार पैन में डालें और एक स्पैचुला से ऊपर की सतह को फ्लैटन और स्मूथ करें। पहले से गर्म ओवन में 1 घंटे के लिए केक को बेक करने के लिए रखें। आप इसे बीच में एक बार चेक भी कर सकते हैं।
  • केक को वायर रैक पर रखने से पहले 10 मिनट तक पैन में ठंडा होने दें। पूरी तरह से ठंडा होने के बाद, आप इसे एल्युमीनियम फॉइल का उपयोग करके लपेटें और 3-4 दिन के लिए 2-3 सेकंड गर्म करें। इससे स्वाद अच्छी तरह सेटल होगा।

क्रिसमस में प्लम केक है सद्भावना का प्रतीक

अब आपने यह तो जाना कि इसे बनाने की शुरुआत कैसे हुई, लेकिन क्या आपको पता है कि इसे सद्भावना का प्रतीक भी माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि 16वीं सदी में जब इसकी सामग्री को बड़े बर्तन या बैरल में रम या स्प्रिट्स में भिगोया जाता था, तब अलग-अलग परिवारों के लोग रोजाना बैरल में ड्राई फ्रूट्स को हिलाते थे।

इस केक को बनाने के लिए लोग एकजुट होते थे और पूरे गांव के लिए यह तैयार होता था। कुछ लोग बैटर तैयार करते और कुछ लोग बाकी काम में लगते थे। फलों को भिगोना, कैरेमल तैयार करना और केक के पकने का इंतजार करना परिवारों को एक अनोखे उत्सव के उत्साह से भर देता था।

इसके बाद भी जब लोग अपने घर में इसे बनाने लगे, तो अक्सर पड़ोसियों, दोस्तों और प्रियजनों के साथ केक को साझा किया जाता था। आज भी ऐसा करने की परंपरा है। यह सद्भावना और एकजुटता का प्रतिनिधित्व करता है।

इसे भी पढ़ें: क्रिसमस पर पहले ही बनाकर रख लें ये 2 तरह की स्पेशल कुकीज

कैसे करना चाहिए प्लम केक को स्टोर?

how to store plum cake

  • अगर आप प्लम केक को 2-3 दिनों के अंदर खाने की योजना बना रहे हैं तो केक को कसकर लपेटने के लिए एल्युमिनियम फॉयल, पार्चमेंट पेपर या क्लिंग रैप का इस्तेमाल करें। यह इसे ड्राई होने से रोकता है और इसकी खुशबू भी बरकरार रहती है। लपेटे हुए केक की ताजगी बनाए रखने के लिए एयरटाइट कंटेनर में रखें।
  • इसे 15 दिन तक स्टोर करने के लिए केक को अच्छे से लपेटकर रेफ्रिजरेटर में रखें। परोसने से पहले केक को रूम टेंपरेचर पर लगभग 30 मिनट तक रहने दें ताकि इसकी सॉफ्टनेस और स्वाद वापस आ जाए।

प्लम केक सिर्फ एक डेजर्ट नहीं है यह परंपरा, स्वाद और उत्सव का पर्याय है। इसका इतिहास, अनूठी तैयारी और समृद्ध स्वाद इसे क्रिसमस का एक अनिवार्य हिस्सा बनाते हैं।

इस क्रिसमस पर इसे घर पर बनाकर जरूर खाइएगा। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।