क्या आपके चावल भी चिपचिपे बनते हैं? जानिए 5 गलतियां जो बिगाड़ देती हैं स्वाद
-1786341214391.webp)
चावल सभी के पसंदीदा होते हैं। इसके बावजूद कई बार बनाने के बाद चावल आपस में चिपक जाते हैं या बेहद गल जाते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इसकी वजह खाना बनाते समय होने वाली कुछ छोटी-छोटी चूक हो सकती है। आइए जानते हैं कि चावल बनाते वक्त किन बातों का खास ध्यान रखना चाहिए ताकि हर बार दाना-दाना अलग और खिला-खिला बने। जानते हैं आगे...
1. चावल को बिना धोए बनाना
चावल न धोने की भूल सबसे ज्यादा की जाती है। प्रोसेसिंग के दौरान चावल के दानों पर स्टार्च की एक परत जम जाती है। अगर इसे साफ न किया जाए, तो बनने के दौरान चावल आपस में चिपक जाते हैं।
क्या करें?
चावल को बनाने से पहले ठंडे पानी से दो से तीन बार अच्छी तरह धोएं। पानी को तब तक बदलत रहें जब तक वह पूरी तरह साफ न दिखने लगे। इससे स्टार्च निकल जाता है।


2. बार-बार बर्तन का ढक्कन हटाना
पकाते समय बार-बार ढक्कन उठाकर देखने से अंदर बनी भाप बाहर निकल जाती है। इससे बर्तन का तापमान गिरता है और चावल सही से नहीं पकते हैं।
क्या करें?
एक बार चावल उबलने लगे तो ढक्कन बंद रहने दें। अगर अंदर देखना जरूरी लगे तो कांच के ढक्कन वाले बर्तन का इस्तेमाल करें। जब पानी पूरी तरह सूख जाए और आंच बंद कर दें, तब भी बर्तन को लगभग 10 मिनट तक ढका रहने दें। इस तरह भाप में चावल अपने आप सेट हो जाते हैं।
3. नमक का इस्तेमाल न करना
सिर्फ सादे पानी में पकाने से चावल का स्वाद फीका लग सकता है, खासकर तब जब चावल ही आपकी मुख्य डिश हो। साथ ही सिंपल चावल उबलकर आपस में चिपक सकते हैं।
क्या करें?
चावल चढ़ाते समय पानी में थोड़ा सा नमक जरूर मिलाएं। स्वाद को और बेहतर बनाने के लिए पानी की जगह वेजिटेबल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा लौंग, छोटी इलायची या तेजपत्ता डालकर पकाने से बेहतरीन खुशबू आती है। पकने के बाद थोड़ा सा घी या मक्खन मिलाने से भी स्वाद दोगुना हो जाता है।
यह भी पढ़ें- सावन व्रत के लिए बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल राजगिरा चीला, खाते ही दिल हो जाएगा खुश
4. पानी का गलत माप रखना
पानी की सही मात्रा न होने से चावल या तो बहुत सख्त रह जाते हैं या फिर बिल्कुल गल जाते हैं। ऐसे में इसकी सही मात्रा के बारे में पता होना जरूरी है।
क्या करें?
चावल की किस्म के हिसाब से ही पानी तय करें-
- ब्राउन राइस: 1 कप चावल के लिए 2.5 कप पानी
- व्हाइट लॉन्ग ग्रेन राइस: 1 कप चावल के लिए 2 कप पानी
- बासमती या जैस्मिन राइस: 1 कप चावल के लिए 1.5 कप पानी
5. चावल को न भूनना
सादे चावल के लिए यह जरूरी नहीं , लेकिन पुलाव या फ्राइड राइस बनाते समय चावल को थोड़ा सा भून लेने से उसका स्वाद काफी बढ़ जाता है और वह चिपचिपे भी नहीं बनते हैं।
क्या करें?
उबालने से पहले पैन में थोड़ा सा तेल या घी गरम करके चावल को धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट भूनें। जब खुशबू आने लगे, तब तय मात्रा में पानी डालकर पकाएं।
इस लेख के माध्यम से पता चलता है कि परफेक्ट और खिले-खिले चावल बनाना बेहद आसान है। बस पानी के सही माप, सही बर्तन और पकाने के छोटे-छोटे तरीकों का ध्यान रखकर आप हर बार रेस्टोरेंट जैसा स्वाद घर पर पा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- सिर्फ खाने के नहीं, घर के कामों में भी इस्तेमाल होत है कच्चा चावल; जानें 5 सीक्रेट ट्रिक्स
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।