ढोकला बनाने की गलती से बनी थी सूरत की यह फेमस डिश, जानें इसकी मजेदार कहानी

हमारे यहां भारत के अलग-अलग राज्यों में खाने-पीने की अलग-अलग चीजें फेमस हैं। जिस तरह राजस्थान में दाल बाटी चूरमा खूब पसंद किया जाता है, वहीं बिहार में बाटी-चोखा, महाराष्ट्र में वड़ा पाव और पंजाब के छोले कुल्चे बहुत फेमस हैं। इसी तरह गुजरात की बात होती है तो ढोकला, खमण और फाफड़ा का ही सबसे पहले ख्याल आता है, लेकिन गुजरात के सूरत शहर की एक ऐसी भी डिश है जो किसी प्लानिंग से नहीं बल्कि एक गलती की वजह से बन गई थी।
क्या है सूरती लोचो का इतिहास?
यह डिश कोई और नहीं बल्कि सूरत की मशहूर लोचो है। आज यह डिश इस शहर की पहचान बन चुकी है। लोचो आम ढोकले से काफी अलग है। इसे ऊपर से चटपटे मसाले, प्याज, सेव, हरा धनिया और चटनी के साथ खाया जाता है। आज हम आपको इसकी दिलचस्प कहानी बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं-
ज्यादा पानी ने बिगाड़ दिया था खमण का बैटर
ऐसा कहा जाता है कि कई साल पहले सूरत में एक दुकानदार खमण बनाने की तैयारी कर रहा था। उसने खमण का बैटर तैयार किया, लेकिन गलती से उसमें जरूरत से ज्यादा पानी गिर गया। बैटर कुछ ज्यादा ही पतला हो गया था। इसके बाद जब इसे स्टीम किया गया तो वह नॉर्मल खमण या ढोकले की तरह शेप में नहीं आया।

Image Credit- Pinterest/Nehas cook book
यह एक बहुत ही सॉफ्ट और गाढ़े मिक्सचर जैसा बन गया। दुकानदार को लगा कि खमण खराब हो गया है। इसी मौके पर उसने गुजराती में कहा लोचो थाई गयो, यानी गड़बड़ हो गई। यही लोचो आगे चलकर इस डिश का नाम बन गया।
दुकानदार ने गलती को बना दिया नई डिश
दुकानदार ने उसे फेंकने के बजाय कुछ अलग करने की सोची। उसने इसके ऊपर खमण का मसाला, मूंगफली का तेल, कटा हुआ प्याज, सेव और हरा धनिया डालकर ग्राहकों को सर्व किया। लोगों को इसका स्वाद खूब पसंद आया। धीरे-धीरे लोग इस स्नैक को दोबारा मांगने लगे। इस तरह जो चीज शुरुआत में खमण बनाने की गलती की वजह से तैयार हुई थी, वही आगे चलकर सूरत की फेमस डिश बन गई।
यह भी पढ़ें- Raj Kachori History: स्वाद में लाजवाब राज कचौड़ी का इतिहास जानती हैं आप? जानें इसका शाही सफर
आज के समय में लोचो को आमतौर पर प्याज, सेव और हरी चटनी के साथ खाया जाता है। इसका सबसे खास हिस्सा इसका सॉफ्ट और थोड़ा गीला वाला टेक्सचर ही है।
घर पर इस तरह बनाएं सुरती लोचो
अगर आप घर पर सूरत वाला लोचो बनाना चाहती हैं तो हम आपको आसान तरीका बता रहे हैं।
- सबसे पहले एक कप चना दाल लें। इसे अच्छी तरह धोकर 5 से 6 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
- अब दाल अच्छी तरह भीग जाए तो उसका पानी निकाल दें। अब इसे मिक्सर में डालें और थोड़ा पानी डालकर पीस लें। दाल का पेस्ट तैयार होने के बाद इसे एक बड़े बर्तन में निकाल लें।
- इसके बाद इसमें थोड़ा खट्टा दही और जरूरत के हिसाब से पानी डाल दें। इसका बैटर नॉर्मल खमण के बैटर से पतला होना चाहिए। यही लोचो के सॉफ्ट टेक्सचर के लिए जरूरी है।
- अब इस बैटर में हल्दी, हींग, नमक और करीब एक चम्मच मूंगफली का तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें।
यह भी पढ़ें- सुबह की पहली जरूरत बनने से पहले कैसी थी चाय, क्या अंग्रेजों ने लगाई थी लत? जानें जवाब
लोचो का चटपटा मसाला ऐसे बनाएं
लोचो को स्वाद देने के लिए एक चटपटा मसाला तैयार करना होगा। इसके लिए एक छोटी कटोरी में कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर, अमचूर पाउडर, काला नमक, चाट मसाला और थोड़ा सा नमक डालकर अच्छी तरह से मिला लें। यह मसाला लोचो के ऊपर डालने के लिए इस्तेमाल होगा।
-1787393595811.webp)
Image Credit- Pinterest/Kay
बैटर को ऐसे करें फ्लफी
लोचो बनाने के लिए बैटर का सही होना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप ये स्टेप्स फॉलो करें-
- लोचो को सॉफ्ट बनाने के लिए बैटर में करीब एक चम्मच फ्रूट साल्ट मिला दें।
- इसके साथ थोड़ा पानी डालकर हल्के हाथों से मिला दें।
- फ्रूट साल्ट डालने के बाद बैटर को बहुत ज्यादा देर तक न फेंटें।
- दो मिनट ही फेंटना काफी है।
- इससे बैटर और फ्लफी हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- हर बार सूखा-सूखा बनता है ढोकला, कहीं आप तो नहीं करते ये गलतियां
अब एक थाली या स्टीम करने वाले बर्तन में थोड़ा सा तेल लगा दें। इसमें बैटर की पतली लेयर डालें। ध्यान रखें कि इसे बहुत मोटा न भरें। अब इसे तेज आंच पर करीब 8 से 10 मिनट तक स्टीम करें। लोचो की खासियत ही उसका बहुत सॉफ्ट और कम गीला टेक्सचर है, इसलिए इसे नॉर्मल ढोकले की तरह ज्यादा देर तक पकाने की जरूरत नहीं है।
ऊपर से डालें मसाला, प्याज और सेव
लोचो जब स्टीम हो जाए तो उसे बाहर निकाल लें। उस समय यह काफी नरम और थोड़ा गीला लगेगा। अब इसके ऊपर थोड़ा मूंगफली का तेल या पिघला हुआ बटर डाल दें। इसके बाद तैयार किया हुआ चटपटा लोचो मसाला और कटा हुआ हरा धनिया डालें। ऊपर से कटा प्याज और सेव भी डालकर सर्व करें। इसके साथ आप तीखी हरी या पुदीने वाली चटनी दे सकती हैं।
यह भी पढ़ें- मुगल काल में बिना फ्रिज कैसे जमती थी कुल्फी? जानिए प्राचीन भारत का 'ठंडा' इतिहास
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- AI
- लोचो बनाने में मूंगफली तेल का विकल्प क्या है?
- पिघला हुआ बटर, देसी घी या तिल का तेल भी लोचो में इस्तेमाल किया जा सकता है।
- लोचो की मशहूर वैरायटी कौन-सी हैं?
- बटर लोचो, चीज लोचो, शेजवान लोचो और रोल लोचो सूरत में काफी ज्यादा मशहूर हैं।
- बिना फर्मेंटेशन लोचो कैसे बनाएं?
- बेसन और दही में फ्रूट साल्ट मिलाकर तुरंत स्टीम करके भी लोचो को बना सकते हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।