प्रोटीन की कमी दूर करने के लिए खाएं वेजिटेबल ओट्स स्प्राउट, संजीव कपूर ने बताया बनाने का तरीका

सुबह वही सेम नाश्ता खाकर बोर हो गईं हैं, तो घर पर बनाएं वेजिटेबल ओट्स स्प्राउट। संजीव कपूर से जानें इस रेसिपी को बनाने का तरीका और सामग्री।
Updated:- 2026-10-22, 10:24 IST
image

Vegetable Oats Sprouts Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए, जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी दे, लेकिन रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाने से कई बार मन ऊब जाता है। ऐसे में आप अपने किचन में मौजूद ओट्स को एक छोटे से बदलाव के साथ ज्यादा पौष्टिक बना सकती हैं। इसके लिए आपको ओट्स में मिक्स स्प्राउट्स यानी अंकुरित अनाज और दालें मिलानी होंगी। इससे नाश्ते में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा सामग्री की जरूरत है और न ही घंटों रसोई में बिताने की। आइए संजीव कपूर से जानते हैं सब्जियों और स्प्राउट्स से भरपूर ओट्स बनाने का आसान तरीका।

स्प्राउट्स वाले वेजिटेबल ओट्स बनाने के लिए सामग्री

सब्जियों और स्प्राउट्स से भरपूर ओट्स बनाने के लिए आपको सबसे पहले इन चीजों को निकालने की जरूरत है।

  • ओट्स-1 कप
  • मिक्स स्प्राउट्स-1¼ कप
  • बड़ा चम्मच तेल-1
  • छोटा चम्मच जीरा-1
  • बारीक कटी हुई हरी मिर्च-2
  • बड़ा चम्मच कटा हुआ लहसुन-1
  • बारीक कटा हुआ प्याज-1
  • हल्दी पाउडर-1/2 चम्मच
  • स्वादानुसार नमक
  • बारीक कटा हरा धनिया- थोड़ा

vegetable sprouts

image credit-ai

कैसे बनाएं स्प्राउट्स वाले वेजिटेबल ओट्स?

स्प्राउट्स वाले वेजिटेबल ओट्स बनाना काफी आसान है। इसे बनाने के लिए आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें।

  • सबसे पहले एक नॉनस्टिक पैन में तेल को गर्म करें। इसमें जीरा डालें और रंग बदलने लगे तो हरी मिर्च और कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
  • इसके बाद पैन में बारीक कटा प्याज और हल्दी पाउडर डालें। प्याज के नरम और हल्का भूरा होने तक इसे पकाएं।
  • बाद में मिक्स स्प्राउट्स, ओट्स और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें ढाई कप पानी डालें और मध्यम आंच पर 6-8 मिनट तक पकाएं।
  • जब ओट्स अच्छी तरह पक जाएं और गाढ़ा हो जाए, तो इसमें कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं। तैयार ओट्स को एक बाउल में निकालें और ऊपर से हरे धनिये की पत्तियों से सजाकर सर्व करें।

vegetable sprouts oats recipe

image credit-ai

स्प्राउट्स वाले ओट्स खाने से क्या फायदा हो सकता है?

स्प्राउट्स वाले ओट्स खाने से शरीर को काफी फायदे मिलते हैं। आइए जानते हैं यहां।

  • ओट्स में फाइबर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।
  • वहीं, मूंग और अन्य दालों के अंकुरित रूप में प्रोटीन समेत कई पोषक तत्व मिलते हैं।
  • दोनों को मिलाकर खाने से नाश्ते में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ सकती है।
  • फाइबर और प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में भी मदद कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सही तरह से खाएंगे स्प्राउट्स तो सेहत को मिलेंगे ढेरों फायदे

स्प्राउट्स वाले ओट्स बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

स्प्राउट्स बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना काफी जरूरी होता है, वरना स्वाद अच्छा नहीं आता है। आइए यहां जानते हैं।

  • स्प्राउट्स को अच्छी तरह से धोकर पकाएं। इसमें हानिकारक बैक्टीरिया हो सकते हैं। इसलिए इन्हें अच्छी तरह पकाकर ही खाएं।
  • पानी की मात्रा का सही ध्यान रखें। ओट्स ज्यादा गाढ़े हो जाएं, तो जरूरत के अनुसार थोड़ा गर्म पानी मिला सकते हैं।
  • नमक सीमित रखें। स्वाद बढ़ाने के लिए जरूरत से ज्यादा नमक डालने से बचें।
  • मसालों का संतुलन बनाए रखें। ज्यादा मिर्च या तेल डालने से स्वाद बिगड़ सकत है।
  • संतुलित नाश्ते के लिए दिनभर के खाने में फल, सब्जियां, प्रोटीन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी शामिल करें।

अगर आप भी कुछ नया खाना चाहती हैं, तो ऊपर दी गई इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें। यह फट से बन जाएगी और सेहत के लिए भी अच्छी है।

यह भी पढ़ें- Kids Lunch Box Recipe: बच्चों को लंच में बनाकर दें डिलिशियस और हेल्दी स्प्राउट्स लॉलीपॉप, यहां देखें रेसिपी

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

main image credit-ai

FAQ
क्या रोज सुबह स्प्राउट्स वाले ओट्स खा सकते हैं?
हां, संतुलित आहार का हिस्सा बनाकर इन्हें खाया जा सकता है। हालांकि, पोषण की विविधता बनाए रखने के लिए नाश्ते में दूसरी चीजें भी शामिल करना अच्छा रहता है।
क्या स्प्राउट्स वाले ओट्स वजन घटाने में मदद कर सकते हैं?
ओट्स और स्प्राउट्स में फाइबर और प्रोटीन होता है, जिसे खाने से पेट भरा हुआ लगता हैं, लेकिन इससे वजन घटेगा ये कैलोरी, खानपान और शारीरिक गतिविधि पर निर्भर करता है।
क्या स्प्राउट्स वाले ओट्स बच्चों को खिला सकते हैं?
हां, उम्र के अनुसार सही बनावट और मात्रा में दिए जा सकते हैं। स्प्राउट्स को पूरी तरह पकाएं और छोटे बच्चों को उनकी उम्र के हिसाब से सुरक्षित बनावट में परोसें।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।