Fri Sep 11, 2026 | Updated 09:32 PM IST

घर पर बनाएं एकदम खस्ता कचौड़ी, इस आसान रेसिपी से मिलेगा हलवाई जैसा स्‍वाद

कई लोगों को श‍िकायत रहती है क‍ि उनसे घर पर हलवाई जैसी खस्‍ता कचौड़ी नहीं बन पाती है। ऐसे में हम आपको इसे बनाने का सही तरीका बता रहे हैं।
Updated:- 2026-08-09, 10:07 IST
khasta kachori recipe

कचौड़ी का नाम सुनते ही गरमा-गरम, कुरकुरी और मसालेदार कचौड़ी का ख्याल आने लगता है। बाहर से एकदम खस्ता और अंदर से मसालेदार फ‍िल‍िंग वाली कचौड़ी चाय के साथ म‍िल जाए तो मजा ही आ जाता है। वैसे तो बाजार में कई तरह की कचौड़ि‍यां मिलती हैं, लेकिन घर पर बनी कचौड़ी की बात ही कुछ और होती है। हालांक‍ि, कई लोगों को लगता है कि हलवाई जैसी खस्ता कचौड़ी घर पर बनाना बहुत मुश्किल काम है, लेकिन ऐसा नहीं है।

Khasta Kachori Recipe Recipe Card

हलवाई जैसी खस्‍ता कचाैड़ी बनाने की आसान रेस‍िपी

Vegetarian Recipe
Total Time: 60 min
Prep Time: 35 min
Cook Time: 25 min
Servings: 4
Level: Medium
Course: Snacks
Calories: 300
Cuisine: Indian
Author: Vrinda Srivastava

Ingredients

  • आटे के लिए मैदा- 2 कप
  • तेल या घी- 4 बड़े चम्मच
  • नमक- स्वादानुसार
  • पानी- जरूरत के अनुसार
  • भरावन के लिए धुली मूंग दाल- 1 कप
  • सौंफ- 1 छोटा चम्मच
  • जीरा- आधा छोटा चम्मच
  • हींग- 1 चुटकी
  • धनिया पाउडर- 1 छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • अमचूर पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • गरम मसाला- आधा छोटा चम्मच
  • नमक- स्वादानुसार
  • तेल- 1 बड़ा चम्मच
  • पानी- जरूरत के अनुसार
  • तलने के लिए तेल- जरूरत के अनुसार

Step

  1. Step 1:

    मूंग दाल को 2-3 घंटे भिगोकर उसका पानी निकाल लें और दरदरा पीस लें।

  2. Step 2:

    अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके जीरा, सौंफ और हींग डालें।

  3. Step 3:

    इसके बाद इसमें पिसी दाल डालकर मसालों के साथ अच्छी तरह भूनें।

  4. Step 4:

    अब नमक, धनिया, लाल मिर्च, अमचूर और गरम मसाला डालकर दाल को सूखने तक पकाएं।

  5. Step 5:

    भरावन को ठंडा होने के ल‍िए रख दें।

  6. Step 6:

    इसके बाद मैदा, नमक और तेल या घी मिलाकर नरम आटा गूंथ लें और 15-20 मिनट ढककर रखें।

  7. Step 7:

    अब आटे की लोइयां बनाकर उनमें दाल की भरावन भरें और फ‍िर कचौड़ी का आकार दें।

  8. Step 8:

    कड़ाही में तेल गर्म करके कचौड़ियों को धीमी से मध्यम आंच पर धीरे-धीरे तलें।

  9. Step 9:

    जब कचौड़ी सुनहरी और कुरकुरी हो जाए तो तेल से निकाल लें।

  10. Step 10:

    इसे हरी चटनी, इमली की चटनी या गरमा-गरम सब्जी के साथ सर्व करें।

अगर आटा गूंथते समय कुछ छोटी बातों का ध्यान रखा जाए और कचौड़ी को सही फ्लेम पर तला जाए, तो यह काफी अच्छी बन सकती है। आज हम आपको घर पर हलवाई जैसी खस्‍ता कचौड़ी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं आसान तरीका-

खस्ता कचौड़ी बनाने की आसान रेसिपी

खस्‍ता कचौड़ी बनाने के ल‍िए आपको पहले से ही कुछ तैयार‍ियां करनी पड़ती हैं। जैसे-

  • सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर करीब 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल का पानी पूरी तरह निकाल लें। दाल को बहुत ज्यादा गीला न रखें, वरना फ‍िल‍िंग तैयार करते समय परेशानी हो सकती है।
  • अब दाल को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि इसे एकदम बारीक पेस्ट नहीं बनाना है। इसके बाद एक कड़ाही में एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करें। इसमें जीरा, सौंफ और एक चुटकी हींग डालें। जब मसालों से खुशबू आने लगे तो इसमें पिसी हुई दाल को डाल दें।
  • अब दाल को मीड‍ियम से लो फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भून लें। इसके बाद इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च, अमचूर, गरम मसाला और नमक डाल दें। दाल को तब तक भूनना है, जब तक उसका कच्चापन खत्म न हो जाए और भरावन थोड़ा ड्राई और अलग-अलग नजर न आने लगे।
  • ध्‍यान रहे क‍ि भरावन में पानी बिल्कुल नहीं होना चाहिए। क्‍योंक‍ि अगर दाल में पानी रहा तो कचौड़ी भरते समय फट सकती है। साथ ही कचौड़ी की शेल्‍फ लाइफ भी कम हो सकती है। अब भरावन तैयार होने के बाद गैस बंद कर दें और इसे पूरी तरह ठंडा होने दें।

य‍ह भी पढ़ें: Raj Kachori History: स्वाद में लाजवाब राज कचौड़ी का इतिहास जानती हैं आप? जानें इसका शाही सफर

 

khasta kachori recipe (1)

कचौड़ी का आटा कैसे तैयार करें?

कचौड़ी को हलवाई जैसा खस्‍ता बनाने के ल‍िए उसका आटा सही तरीके से गूंथा होना चाह‍िए। इसके ल‍िए एक बड़े बर्तन में मैदा लें। इसमें नमक और 4 बड़े चम्मच तेल या घी डालें। अब इसे हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। आटे में मोयन सही है या नहीं, यह देखने के लिए थोड़ा सा मैदा हाथ में दबाकर देखें। अगर वह दबाने पर आसानी से मुठ्ठी में बंध जाए तो समझें क‍ि मोयन ठीक है। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटे को बहुत कड़ा नहीं करना है। साथ ही इसे जरूरत से ज्यादा नरम भी न रखें। आटा तैयार होने के बाद इसे ढककर करीब 15 से 20 मिनट के लिए रख दें ताक‍ि ये सेट हाे जाए।

यह भी पढ़ें: मटर कचौड़ी अब बनेगी हर बार गुब्बारे जैसी फूली, बस इन ट्रिक्स का रखें ध्यान;  खराब होने और फटने की समस्या होगी दूर

कचौड़ी में करें फ‍िलि‍ंग

जब कचौड़ी का आटा पूरी तरह से सेट हो जाए तब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। अब एक लोई को हाथ से थोड़ा चपटा करें और बीच में दाल की भरावन रखें। अब किनारों को धीरे-धीरे ऊपर लाकर बंद कर दें। इसे हल्के हाथ से दबाकर गोल कर लें। इसके बाद बेलन से बहुत ज्यादा पतला नहीं बेलें। इसको आपको थोड़ा माेटा ही रखना है। इसी तरह बाकी लोइयों में भी दाल भरकर कचौड़ियां तैयार कर लें।

कचौड़ी खस्ता बनाने का सबसे जरूरी तरीका

अब कचौड़ि‍याें को तलने की बारी आती है। जब आप इसे सही तरीके से तलेंगी तो ये बहुत ही खस्‍ता बनेगी। इसके ल‍िए-

  • कड़ाही में तेल गर्म करें। यहां एक बात का आपको खास ध्यान रखना है कि तेल बहुत तेज गर्म नहीं होना चाहिए। वरना कचौड़ी अंदर से कच्‍ची रह जाएगी और ऊपर से ये जल भी सकती है। इसल‍िए कचौड़ी को मीड‍ियम से लो फ्लेम आंच पर धीरे-धीरे तलें।
  • एक बार में कड़ाही में बहुत सारी कचौड़ियाें को न डालें। जितनी जगह हो, उतनी ही कचौड़ियां डालें। इससे ये आराम से फूल सकेंगी और चारों तरफ से बराबर क्र‍िस्‍पी भी होने पाएंगी।
  • अब कचौड़ियों को धीरे-धीरे उलटते-पलटते रहें। जब इनका रंग हल्का गोल्‍डन और ऊपर की लेयर कुरकुरी हो जाए तो उन्हें तेल से निकाल लें।
  • कचौड़ियों को निकालकर कुछ देर के लिए टिश्यू या छलनी पर रख दें, ताकि इससे एक्‍स्‍ट्रा तेल निकल जाए। आपकी हलवाई स्‍टाइल खस्‍ता कचौड़ी तैयार है।

कचौड़ी के साथ क्या सर्व करें?

गरमा-गरम खस्ता कचौड़ी को आप आलू की सब्जी, मसालेदार आलू की रसेदार सब्जी या हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी सर्व कर सकती हैं। वहीं, अगर आपको चाय के साथ कचौड़ी खाना पसंद है, तो इसे थोड़ा ठंडा होने के बाद भी सर्व किया जा सकता है। कुरकुरी कचौड़ी और गरमा-गरम चाय का कॉम्बिनेशन तो सभी को खूब पसंद आता है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।