Sat Sep 12, 2026 | Updated 03:27 AM IST

पूरी दुनिया में खाए जाते हैं ये छह तरह के खजूर, जानिए इनके बारे में

अगर आपको खजूर खाना पसंद है तो आपको इसके अलग-अलग टाइप्स के बारे में भी जान लेना चाहिए। 
Updated:- 2022-03-14, 16:40 IST
know about some different types of dates

यूं तो मेवे सेहत के लिए बेहद ही लाभकारी माने जाते हैं। लेकिन अगर किसी ऐसे खास मेवे की बात की जाए जो ना केवल हेल्दी होता है, बल्कि आपकी स्वीट क्रेविंग्स को भी रोकता है तो वह है खजूर। खजूर नेचुरली इतने मीठे होते हैं कि हेल्थ कॉन्शियस लोग चीनी की जगह खजूर को अपनी डाइट में शामिल करना पसंद करते हैं। इतना ही नहीं, खजूर कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसके सेवन से व्यक्ति को हेल्दी फैट्स, सोडियम, डाइटरी फाइबर, प्रोटीन, आयरन और पोटैशियम जैसे कई पोषक तत्व प्राप्त होते हैं।

वहीं, महिलाओं के लिए तो खजूर का सेवन विशेष रूप से लाभकारी माना गया है, क्योंकि यह ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाने में मदद कर सकता है और इससे महिलाओं को लेबर पेन में भी राहत मिल सकती है। हो सकता है कि आपको भी खजूर खाना बेहद पसंद हो, लेकिन क्या आपको पता है कि दुनियाभर में खजूर की कई किस्मों का सेवन किया जाता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको अलग-अलग तरह के खजूर के बारे में बता रहे हैं-

मेड्युल खजूर

Dates

यह एक ऐसा खजूर है, जो पूरे विश्व में बेहद ही चाव से खाया जाता है। हालांकि, सऊदी अरब, जॉर्डन और मोरक्को में मुख्य रूप से खेती की जाती है। यह देखने में लाल-भूरे रंग का होता है और टेस्ट में यह बेहद ही लाजवाब होता है। खजूर की इस किस्म में रेशेदार बनावट होती है।

ओमानी खजूर

ओमानी खजूर सभी तरह की खजूर की किस्मों में काफी अच्छा माना जाता है और इसलिए इसके दाम थोड़े अधिक भी होते है। खजूर की इस किस्म की उत्पत्ति मध्य पूर्व के ओमान में हुई है और शायद इसलिए इसे ओमानी खजूर कहा जाता है। ओमानी खजूर आमतौर पर गहरे भूरे रंग का होता है। अन्य खजूर की तुलना में ये आकार में बड़े होते हैं। इतना ही नहीं, इनका स्वाद भी अन्य खजूर की अपेक्षा कहीं अधिक मीठा होता है।(घर पर ही बनायें खजूर और ड्राई फ्रूट्स की टेस्टी बर्फी)

खुदरी खजूर

सऊदी अरब एक ऐसा देश है, जहां पर कई किस्मों के खजूर पाए जाते हैं और खुदरी खजूर भी लोग वहां पर खाना बेहद पसंद करते हैं। यह एक मीडियम मीठा खजूर होता है, जो छोटे और बड़े दोनों आकारों में आता है। इसकी स्किन में फ्लेक्स होते हैं और बहुत कम रिंकल्स के साथ इसका रंग गहरा भूरा होता है।

इसे जरूर पढ़ें:घर पर इस तरीके से स्टोर कर सकती हैं खजूर, नहीं होंगे जल्दी खराब

अमेरी खजूर

Dates of types

अगर आप उन लोगों में से हैं, जिन्हें बहुत अधिक मीठा खजूर खाना पसंद नहीं है और आप एक मध्यम मीठे खजूर को अपनी डाइट में शामिल करना चाहते हैं तो आपको अमेरी खजूर खना चाहिए। खजूर के इस प्रकार की उत्पत्ति इराक में हुई है। अमेरी खजूर आमतौर पर लम्बा और ओवल शेप का होता है। (खजूर से बनाई जाने वाली इन स्वादिष्ट रेसिपीज के बारे में जानें)

हलवी खजूर

different types Dates

हलवी खजूर खाने में बेहद ही डिलिशियस होता है और जब आप इसे चखते हैं तो आपको कैरेमल शहद जैसा टेस्ट आता है। यह एक बेहद ही डेलीकेट खजूर माना जाता है, जिसकी खेती मुख्य रूप से मेसोपोटामिया में की जाती है। यूं तो यह खाने में काफी टेस्टी होता है, लेकिन इसका आकार अन्य खजूर की किस्मों की तुलना में थोड़ा छोटा होता है।

इसे जरूर पढ़ें:स्कूल के दिनों की यादगार चटपटी चीजें

मजाफती खजूर

मजाफती खजूर, जिसे मोजाफती या बलूची में मुजती भी कहा जाता है, एक मीडियम साइज का खजूर है। इसकी लंबाई लगभग 2.5-4.5 सेमी (1-2 इंच) के बीच होती है। यह मुख्य रूप से दक्षिणी ईरान के क्षेत्र में उगाया जाता है। मजाफती खजूर की कटाई का समय किस्म पर निर्भर करता है और अगस्त में शुरू होता है, जो अक्टूबर के अंत तक चलता है। खजूर की यह किस्म स्नैकिंग और टेबल इटिंग के लिए काफी अच्छी मानी जाती है। इसे आमतौर पर सुखाया नहीं जाता है, लोग इसे फ्रेश खाना ही अधिक पसंद करते हैं।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit- freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।