कन्या पूजन में सिर्फ हलवा-पूड़ी ही नहीं, इन पकवानों से भी सजा सकती हैं भोग की थाली

Kanya Pujan Recipes: कन्या पूजन पवित्र अनुष्ठानों में से एक है। नवरात्रि के पावन अवसर पर छोटी-छोटी कन्याओं को माता रानी का रूप मानकर उनका स्वागत और पूजन किया जाता है। इस दौरान उन्हें विशेष भोग अर्पित करने की परंपरा है, जिसमें आमतौर पर हलवा, पूड़ी और काले चने का प्रसाद सबसे पहले याद आता है। हालांकि, बदलते समय के साथ लोग पारंपरिक भोग के साथ-साथ अन्य चीजें भी शामिल करने लगे हैं। आज के इस लेख में हम आपके 5 रेसिपीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे आप इस कंजक पूजन में बना सकती हैं।
कन्या भोज में क्या क्या बना सकते हैं?
अगर आप शारदीय नवरात्रि 2026 के मौके पर कजंक पूजा में कन्याओं को काले चने, पूड़ी और खीर की जगह पर कुछ और बनाकर खिलाना चाहती हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा है। ऐसे में आप इस लेख में बताई गई डिशेज बना सकती हैं।
Image Credit-ai
1. काबुली चने की सूखी सब्जी बनाने का आसान तरीका
आमतौर पर लोग काले चने की को फ्राई करके सूखी सब्जी बनाते हैं। अगर आप कजंक पूजा में इस बार कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो काबुली चने की सूखी सब्जी बना सकती हैं। इसके लिए चनों को रातभर भिगोकर रखने की जरूरत होगी। इसके बाद सुबह 3-4 पानी में अच्छे से धोकर उबालें। इसके बाद कुकर में तेल डालकर गर्म करें। फिर इसमें जीरा और मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद इसमें टमाटर डालकर पकाएं। फिर सूखे मसाले डालकर तेल छोड़ने तक पकाएं। फिर उबले हुए चने डालकर 5 मिनट फ्राई करें। इसके बाद आधा गिलास पानी डालें और 2 सीटी लगाकर पकाएं। बाद में गैस बंद करें और हरा धनिया डालें। काबुली चने की सूखी सब्जी बनकर तैयार है।
2. आटे का हलवा बनाने का तरीका
कंजक पूजन में अधिकतर लोग सूजी का हलवा बनाते हैं। इस बार अगर आप इससे अलग हलवा बनाना चाहती हैं, तो आटा के हलवा बना सकती हैं। इसके लिए गेंहू के आटे को अच्छे से छान लें। फिर कड़ाही को अच्छे से गरम करके इसमें घी डालें और गर्म करें। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे आटा डालते हुए चलाएं। गैस की फ्लेम का खास ध्यान रखें। आटा को तब तक भूनें जब तक वह सुनहरा न हो। इसके बाद इसमें स्वादानुसार चीनी और 6-7 चम्मच और घी डालें। फिर इसमें पानी डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं।
3. मसाला आलू
कन्या भोज के लिए मसाला आलू बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलूओं को मोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अब एक कड़ाही में शुद्ध घी या व्रत वाला तेल गर्म करें। इसमें जीरा, हींग, कटी हुई हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर भूनें। इसके बाद हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डालें। अब इसमें कटे हुए टमाटर या टमाटर की प्यूरी डालकर तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे। इसमें उबले आलू और स्वादानुसार सेंधा नमक या सादा नमक मिलाएं। अंत में थोड़ा पानी डालकर 5 मिनट उबालें और बारीक हरा धनिया डालकर गरमा-गरम परोसें।
4. मखाने की खीर
मखाने की खीर बनाने के लिए एक भारी तले के बर्तन में 1 लीटर दूध को उबलने के लिए रख दें। जब तक दूध गाढ़ा हो रहा है, तब तक एक पैन में एक चम्मच घी गर्म करें और उसमें एक कप मखानों को हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक भून लें। अब थोड़े से मखानों को दरदरा पीस लें और बाकी को साबुत ही रहने दें। जब दूध आधा रह जाए, तब इसमें पिसे और साबुत मखाने, कटी हुई बादाम-काजू, और इलायची पाउडर डालें। इसे धीमी आंच पर पकने दें। अंत में अपनी पसंद के अनुसार चीनी या मिश्री मिलाएं। 5 मिनट और उबालकर गैस बंद कर दें, स्वादिष्ट मखाने की खीर तैयार है।
5. पूड़ी की जगह लूची
पारंपरिक पूरी की जगह बंगाल की प्रसिद्ध 'लूची' कन्या भोज में एक बेहतरीन और शाही बदलाव है। इसे बनाने के लिए मैदे में थोड़ा सा नमक और एक चम्मच शुद्ध घी या रिफाइंड तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब गुनगुने पानी या दूध की सहायता से पूरी के आटे से थोड़ा नरम आटा गूंथ लें और इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर बिना सूखा आटा या हल्का सा तेल लगाकर पतली-पतली बेल लें। अब एक कड़ाही में घी या तेल तेज गर्म करें और लूची को डालकर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और फुला हुआ तल लें।
बच्चों की पसंद के खास और झटपट पकवान
ऊपर बताई गई रेसिपी के अलावा आप कन्याओं की पसंद की चीजें खाने में शामिल कर सकती हैं। आप भोग में पनीर टिक्का, आलू की कचौड़ी या फिर मखाने और ड्राई फ्रूट्स से बनी नमकीन चाट भी शामिल कर सकती हैं। अगर आप कुछ मीठे में अलग करना चाहती हैं, तो सूजी के अलावा साबूदाना की खीर या बेसन के लड्डू भी थाली में रख सकती हैं। ये सभी चीजें न केवल प्रसाद के रूप में बहुत अच्छी लगती हैं, बल्कि बच्चों को भी बहुत भाती हैं।
Image Credit- Herzindagi
कन्याओं का श्रद्धा और सत्कार से करें स्वागत
कन्या पूजन की थाली चाहे पारंपरिक व्यंजनों से सजी हो या फिर नए और आधुनिक पकवानों से, सबसे महत्वपूर्ण बात आपकी भावना और श्रद्धा होती है। जब आप माता रानी को भोग अर्पित करती हैं, तो उसमें साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भोग तैयार करते समय मन में सकारात्मक और पवित्र विचार रखें। जब आप प्यार से सजी हुई यह थाली कन्याओं को परोसेंगी, तो उनका आशीर्वाद आपके घर में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएगा।
इसे भी पढ़ें- Navratri Vrat Recipes: सिर्फ आलू और साबूदाना ही क्यों? इस नवरात्रि मूंगफली से बनाएं ये 7 रेसिपीज
कन्या पूजन में आप इन रेसिपीज को बनाकर कन्याओं को खिला सकती हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit-ai, herzindagi
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।