राजशाही स्वाद से लेकर देसी जायके तक: ये हैं 10 आइकोनिक इंडियन थालियां, जानें खासियत

हमारे यहां भारत में खाना सिर्फ पेट भरने के लिए ही नहीं होता बल्कि हर राज्य के खाने में वहां की अपनी कहानी और स्वाद छिपा होता है। यही वजह है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मिलने वाली थालियां एक दूसरे से काफी अलग होती हैं। कहीं खाने में घी और मक्खन ज्यादा नजर आता है, तो कहीं नारियल, इमली और करी पत्ते का स्वाद मिलता है। किसी थाली में दाल-बाटी-चूरमा खास होती है तो किसी में लिट्टी-चोखा या मछली भात।
भारत की 10 आइकोनिक थालियां
भारतीय थालियों की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें एक साथ कई तरह की चीजें खाने को मिल जाती हैं। ऐसे में अगर आप भी अलग-अलग राज्यों के खाने का स्वाद लेना पसंद करती हैं तो इन थालियों का स्वाद लेना तो एक बार बनता है। आइए जानते हैं उनके बारे में-
1. साउथ इंडियन थाली
साउथ इंडियन थाली का नाम आते ही हम डोसा, इडली और मेदु वड़ा के बारे में सोचने लगते हैं, लेकिन यहां की थाली इससे कहीं ज्यादा बड़ी है। इसमें चावल के साथ सांभर, रसम, पोरीयल, पापड़, दही, इडली, डोसा, उत्तपम, लेमन राइस और इमली चावल जैसी चीजें भी खाने को मिलती हैं। खाने के आखिर में स्वीट डिश में आमतौर पर पायसम दिया जाता है।

2. राजस्थानी थाली
राजस्थान की थाली अपने देसी स्वाद के लिए मशहूर है। इसमें दाल-बाटी-चूरमा सबसे खास होता है। इसके साथ गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी, बाजरे की रोटी, पापड़ और छाछ भी मिलती है। मीठे की बात करें ताे यहां चूरमा, घेवर या मालपुआ सर्व की जाती हैं।

3. पंजाबी थाली
पंजाबी थाली का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। इसमें कई सारी स्वादिष्ट चीजें खाने को मिलती हैं। पंजाबी थाली घी, मक्खन और स्वाद से भरपूर होती है। इस थाली में सरसों का साग, मक्के की रोटी, दाल मखनी, पराठे, छोले-भटूरे जैसी चीजें मिलती हैं। साथ में ठंडी-ठंडी लस्सी हो तो खाना और भी मजेदार हो जाता है।
-1787561274224.webp)
4. पहाड़ी थाली
पहाड़ी इलाकों के खाने में मौसम के हिसाब से चीजें शामिल की जाती हैं। पहाड़ी थाली में आपको सिड्डू के साथ दाल और दूसरी लोकल डिश भी मिल सकती हैं। मह दाल, कट्टा, चैंसू या काफली जैसी डिशेज भी पहाड़ी खाने का हिस्सा हैं। इस थाली का स्वाद बाकी थालियों से थोड़ा अलग होता है।

5. महाराष्ट्रीयन थाली
महाराष्ट्र की थाली में स्वाद थोड़ा तीखा और मसालेदार होता है। इसमें भाकरी, पिठला, आमटी, भरली वांगी और कोथिंबीर वड़ी जैसी चीजें खाने को मिलती हैं। सब्जियों के साथ चटनी, अचार और दूसरी साइड डिश के साथ वड़ा पाव भी मिलता है। मीठे में आमरस और श्रीखंड सर्व किया जाता है।
-1787561365410.webp)
6. काठियावाड़ी थाली
गुजरात के काठियावाड़ इलाके की काठियावाड़ी थाली भी अपने तीखे और चटपटे स्वाद के लिए मशहूर है। इसमें सेव टमाटर की सब्जी, भरवां बैंगन, तिखारी, भाखरी और वघारेली खिचड़ी जैसी चीजें खाने को मिलती हैं। इसके अलावा गुजराती थाली में ढोकला, फाफड़ा-जलेबी, थेपला, खांडवी भी खूब पसंद की जाती हैं। इसके अलावा मीठे में बासुंदी और मोहनथाल चखने को मिलता है।
यह भी पढ़ें- वड़ा पाव जाएंगी भूल, जब चखेंगी महाराष्ट्र के ये 5 स्नैक्स; कहेंगी एक नंबर

7. हरियाणवी थाली
आपको बता दें कि हरियाणवी खाना ज्यादा तामझाम वाला नहीं होता है बल्कि सीधा-सादा देसी स्वाद के लिए जाना जाता है। हरियाणवी थाली में घर के घी, दही और मक्खन के साथ कचरी की सब्जी, कढ़ी-पकौड़ा, हरा धनिया छोले, खिचड़ी और लस्सी सर्व की जाती हैं। मीठे में मालपुआ और अलसी की पिन्नी भी खाने को मिलती है।
-1787561465318.webp)
8. बंगाली थाली
ये तो हम सभी जानते हैं कि बंगालियों को चावल बहुत पसंद होता है। ऐसे में बंगाली थाली में चावल जरूर होती है। इसके साथ शुक्तो, चोलार दाल, आलू भाते, बैंगन भाजा और दूसरी सब्जियां परोसी जाती हैं। नॉनवेज खाने वालों के लिए माछेर झोल और मछली की दूसरी डिश भी थाली का हिस्सा होती है। खाने के आखिर में मिष्टी दोई या पायेश जरूर चखने को मिलता है।

9. नॉर्थ इंडियन थाली
नॉर्थ इंडियन थाली अपने तो अपने स्वाद के लिए फेमस है। यहां के खाने में भी देसी घी का इस्तेमाल होता है। इसमें आपको शाही पनीर या दाल मखनी जैसी ग्रेवी वाली सब्जियां, तंदूरी रोटी या लच्छा पराठा और जीरा राइस मिलता है। साथ ही रायता, चटपटी चटनी, पापड़ और आखिर में गुलाब जामुन स्वीट डिश दी जाती है।
-1787561577543.webp)
10. बिहारी थाली
बिहार के खाने की बात हो और लिट्टी-चोखा का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता है। बिहारी थाली में लिट्टी-चोखा की खास जगह है। इसके अलावा चावल, घी वाली अरहर या मसूर की दाल, आलू का कुरकुरा भुजिया और बैंगन या आलू का चोखा भी होता है।
-1787561637034.webp)
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह भी पढ़ें- इस वीकेंड घर पर बनाएं ये स्पेशल थाली, नोट करें आसान रेसिपी
Image Credit- AI/Freepik/Pinterest
- सबसे सेहतमंद भारतीय थाली कौन-सी है?
- दक्षिण भारतीय या काठियावाड़ी थाली को सबसे सेहतमंद मानते हैं।
- थाली में नमक-नींबू क्यों रखते हैं?
- स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ नींबू और नमक डाइजेशन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
- किस थाली में मांसाहार शामिल होता है?
- बंगाली, कश्मीरी और मालाबारी थालियों में नाॅनवेज डिश शामिल होते हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।