सब्जियों से कीड़े निकलना कोई नई बात नहीं है। आजकल ज्यादातर सब्जियों में सफेद और हरे रंग के कीड़े नजर आते हैं। कई बार यह बार-बार साफ करने के बावजूद भी रह जाते हैं और पत्तों में छिपे ये कीड़े नजर नहीं आते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो सब्जियों में पड़े कीड़ों का सेवन करने से गंभीर बीमारी हो सकती है। इसलिए जब भी हम सब्जियों को धोते हैं तब यह चेक करना बहुत जरूरी है कि उसमें एक भी कीड़ा रह तो नहीं गया है।
कुछ लोग कीड़ों को साफ करने के लिए सब्जियों को बारीक काट देते हैं, लेकिन यह तरीका सही नहीं है। आज हम आपको बताएंगे कुछ सिंपल तरीके जिसकी मदद से सब्जियों से कीड़े आसानी से निकाले जा सकते हैं। फूल गोभी, ब्रोकली, और पालक आदि कई सब्जियां होती हैं जिसमें कीड़े नजर आते हैं। ऐसे में इन तरीकों की मदद से उन सब्जियों को साफ किया जा सकता है।
फूल गोभी से कीड़े निकालने का आसान तरीका
इसके लिए आप गोभी को 4 हिस्से में काट कर रख लें, आप चाहें तो इसे 5 हिस्सों में भी काट सकती हैं। साइज के अनुसार आप इसे काटें, लेकिन ध्यान रखें कि इसे बड़े साइज में ही रखें। अब एक कढ़ाई या फिर किसी बड़े बर्तन में गर्म पानी करें और उसमें 1 चम्मच हल्दी मिक्स कर दें।
5 मिनट तक इस गर्म पानी में फूल गोभी (फूल गोभी के फायदे) को डिप कर दें और उसके बाद गैस बंद कर दें। अब गोभी को बाहर निकालकर एक बार फिर नॉर्मल पानी से साफ कर लें। कीड़े निकल जाएंगे और अब आप इसे सब्जी या फिर अन्य किसी डिश के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें:Kitchen Tips: डिशवॉशर की सफाई के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
ब्रोकली से कीड़े निकालने का तरीका
ब्रोकली सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती है, लेकिन उसे खाने से पहले सही तरीके से साफ करना बहुत जरूरी है। ब्रोकली में मौजूद कीड़ों को साफ करने के लिए सबसे पहले उसके पीछे वाले हिस्से को काट लें और सभी फूल को अलग कर दें। अब एक बड़े बर्तन में पानी गुनगुना करें और उसमें 2 चम्मच नमक मिक्स करें। अब इस पानी में ब्रोकली (ब्रोकली के डंठल की रेसिपीज) को डिप कर दें और उसे आधे घंटे के लिए छोड़ दें। आधे घंटे बाद इसे एक बार फिर नॉर्मल पानी से साफ करें, फिर इसका सेवन करें।
पत्ता गोभी से कीड़े कैसे हटाए
अक्सर पत्ता गोभी में छिपे कीड़े नजर नहीं आते, जिसकी वजह से लोग इसे मानसून में खाने से बचते हैं। हालांकि, पत्ता गोभी से कीड़े निकालने में समय लगता है, लेकिन आसानी से यह साफ हो जाती है। इसके लिए आप पत्तागोभी के ऊपर की दो लेयर फेंक दें। उसके बाद सभी लेयर्स को अलग-अलग कर लें और एक बर्तन में पानी गुनगुना करें और उसमें 1 चम्मच हल्दी मिक्स कर दें।
अब सभी पत्तों को गुनगुने पानी में डिप कर करीबन 10 मिनट के लिए छोड़ दें। 10 मिनट बाद इसे गुनगुने पानी से निकालकर साफ पानी में धो लें। ऐसा करने से सभी कीड़े निकल जाएंगे और पत्तागोभी के सारे पत्ते क्लीन नजर आएंगे।
इसे भी पढ़ें:Kitchen Tips: सब्जी में कब और कौन सा मसाला डालना रहता है सही, यहां जानें
पालक से कीड़े निकालने का तरीका
मानसून में पालक ज्यादातर लोग नहीं खाते। क्योंकि इस दौरान मिलने वाले पालक में कीड़े होते हैं। आपने देखा होगा कि मार्केट में मिल रहे ज्यादातर पालक के पत्तों में छेद होते हैं। वहीं पालक के पत्तों में कीड़े ना लगे इसके लिए ज्यादातर किसान केमिकल युक्त कीटनाशक का इस्तेमाल करते हैं, जो सेहत के लिए हेल्दी नहीं होता है।
इसके बावजूद अगर आप पालक घर लेकर आती हैं तो गुनगुने पानी में 1/2 चम्मच नमक मिक्स कर दें। अब इसमें पालक को 10 मिनट के लिए डिप कर दें और फिर दोबारा नॉर्मल पानी से साफ करें। इसके बाद इसे सब्जी या फिर अन्य डिश बनाने के लिए इस्तेमाल करें।
Recommended Video
यहां बताई गई तरीकों की मदद से आप भी सब्जियों को अच्छी तरह क्लीन कर सकती हैं। इससे कीड़ें आसानी से निकल जाएंगे। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।