Mooli Achar Recipe: आम और नींबू का नहीं, इस बार मूली का चटपटा अचार घर पर मिनटों में बनाएं

Easy Mooli Achar Recipe: सर्दियों में जब बाजार में सफेद, मोटी और कुरकुरी मूली आती है, तो ज्यादातर घरों में सिर्फ सलाद या परांठा ही बनता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसी मूली से ऐसा चटपटा अचार भी बन सकता है, जिसे खाकर आप आम का अचार भी भूल जाएंगी?
जी हां, मूली का अचार (Mooli Achar Recipe) बनाने में न तो हफ्तों का इंतजार करना पड़ता है और न ही धूप में सुखाने का झंझट। ये अचार 2 से 4 दिन में ही तैयार हो जाता है और परांठे, दाल-चावल, खिचड़ी, किसी के भी साथ मजा दोगुना कर देता है। तो चलिए जानते हैं मूली का तीखा-खट्टा अचार बनाने का तरीका।
मूली का अचार बनाने के लिए सामान (Mooli Achar Ingredients)
मूली का अचार बनाने के लिए किचन में से पहले इन सामान को अलग करें।
- सफेद मूली - 500 ग्राम (ताजी, मोटी वाली)
- सरसों का तेल - 4 बड़े चम्मच
- नमक - 2 बड़े चम्मच
- राई / सरसों - 1 बड़ा चम्मच (दरदरी पिसी हुई)
- सौंफ - 1 बड़ा चम्मच (दरदरी पिसी हुई)
- मेथी दाना - 1 छोटा चम्मच (दरदरा पिसा हुआ)
- कलौंजी - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1 बड़ा चम्मच
- सफेद सिरका या नींबू का रस - 2 बड़े चम्मच
image credit- ai
मूली का चटपटा अचार बनाने का तरीका (Mooli Achar Recipe)
मूली का अचार बनाने में सबसे जरूरी है उसका पानी सुखाना, तो चलिए स्टेप-बाय-स्टेप समझते हैं कैसे बनेगा ये चटपटा अचार-
- मूली को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। आप चाहें तो लंबी स्टिक या गोल टुकड़े भी काट सकती हैं, बस साइज एक जैसा रखें ताकि मसाला बराबर लगे।
- अब इन टुकड़ों में थोड़ा नमक मिलाकर 1 घंटे के लिए रख दें। इससे मूली का सारा फालतू पानी निकल जाएगा।
- फिर 1 घंटे बाद मूली को हाथ से अच्छे से निचोड़ लें और साफ कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें। अगर मूली में पानी रह गया तो अचार जल्दी खराब हो जाएगा।
- एक छोटी कड़ाही में सरसों का तेल डालकर इतना गर्म करें कि उससे हल्का धुआं उठने लगे। इससे तेल की कच्ची महक खत्म हो जाती है।
- अब गैस बंद करके तेल को ठंडा होने दें। तेल को गुनगुना या पूरी तरह ठंडा करके ही अचार में डालना है।
- फिर राई, सौंफ और मेथी को हल्का सा भूनकर मिक्सी में दरदरा पीस लें। बिल्कुल बारीक पाउडर नहीं बनाना है, दरदरा मसाला ही अचार में कुरकुरापन लाता है।
- अब एक बड़े बाउल में सूखी हुई मूली, पिसे हुए मसाले, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
- फिर इसमें ठंडा किया हुआ सरसों का तेल और सिरका या नींबू का रस डालें। हाथ से ऐसे मिलाएं कि हर एक टुकड़े पर मसाला और तेल चढ़ जाए।
- अचार को साफ, सूखे और स्टरलाइज किए हुए कांच के जार में भर दें। जार को पतले कपड़े से ढककर 2 से 4 दिन धूप में रखें। रोज एक बार जार को हिलाकर अचार को चला दें, ताकि मसाला नीचे न बैठे।
- जब मूली मसाले को सोख ले और स्वाद खट्टा-तीखा हो जाए, तो समझिए अचार तैयार है। अब इसे फ्रिज में रख दें, ये लंबे समय तक चलेगा।
image credit-pinterest
मूली का अचार बनाते समय ध्यान रखने वाली बातें
अचार बनाना आसान है, पर उसे लंबे समय तक टिकाना एक कला है, इसलिए इन 5 छोटी गलतियों से हमेशा बचें-
- अचार में एक बूंद भी पानी या गीलापन गया तो वो फफूंद पकड़ लेगा। हमेशा सूखे और साफ चम्मच से ही निकालें।
- प्लास्टिक के डिब्बे में अचार रखने से उसका स्वाद बदल जाता है और तेल की महक भी अजीब हो जाती है। कांच का जार बेस्ट है।
- मेथी अचार को खुशबू देती है, लेकिन ज्यादा डालने से अचार कड़वा हो जाता है। इसलिए 1 छोटा चम्मच ही काफी है।
- पतली और नरम मूली में पानी ज्यादा होता है और वो अचार में गल जाती है। हमेशा मोटी, सख्त और ताजी मूली ही लें।
- अचार के ऊपर हमेशा थोड़ा तेल तैरता रहना चाहिए। तेल ही अचार को खराब होने से बचाता है। तेल कम लगे तो ऊपर से थोड़ा और ठंडा सरसों का तेल डाल दें।
मूली का अचार उन लोगों के लिए परफेक्ट है जिन्हें झटपट अचार चाहिए। न हफ्तों का इंतजार, न बड़ी मेहनत, बस मूली का पानी सुखाना है और मसाला मिलाना है।
यह भी पढ़ें- सालाें साल चलेगा गाजर-मूली का अचार, बस बनाने का सही तरीका जानें; स्वाद भी होगा जबरदस्त
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
- मूली का अचार कितने दिन तक खराब नहीं होता है?
- अगर आपने मूली का पानी अच्छे से सुखाया है और अचार को फ्रिज में रखा है, तो ये 1 से 1.5 महीने तक आराम से चल जाता है।
- मूली के अचार में कड़वाहट क्यों आ जाती है?
- कड़वाहट की दो वजह होती हैं - या तो मेथी ज्यादा डाल दी गई है, या सरसों का तेल कच्चा रह गया है।
- क्या मूली के अचार को बिना धूप के भी बना सकते हैं?
- हां, बना सकते हैं। अगर धूप नहीं आ रही है, तो जार को किचन की गर्म जगह पर 4-5 दिन के लिए रख दें और रोज हिलाते रहें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।