पोहा चुकंदर चीज बॉल्स कैसे बनाएं? नोट करें शाम के नाश्ते की यह स्वादिष्ट रेसिपी

शाम के समय नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट खाना है, तो इसमें आप हेल्दी ऑप्शन भी चुन सकती हैं। लगभग हर किसी को चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन करता है। ऐसे में महिलाएं कुछ ऐसा बनाने का सोचती हैं, जो खाने में टेस्टी हो और शरीर को पोषण भी दे। इसलिए हम आपके लिए पोहा चुकंदर चीज बॉल्स की खास रेसिपी लेकर आए हैं। पोहे और चुकंदर के साथ मिलकर बनने वाला यह नाश्ता केवल स्वादिष्ट ही नहीं बल्कि देखने में भी सुंदर लगता है। अगर आपके घर में मेहमान आएं हैं, तो यह रेसिपी उन्हें भी बहुत पसंद आएगी। इसे कैसे बनाना है और बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना है? इसके बारे में आप यहां विस्तार से पढ़ सकती हैं।
पोहा चुकंदर चीज बॉल्स रेसिपी Recipe Card
बॉल्स का मिश्रण आप 24 घंटे तक फ्रिज में स्टोर करके रख सकती हैं। इससे आपका जब मन करेगा आप इसे तलकर गर्मागर्म खा पाएंगी।
Ingredients
- 1 कप मोटा पोहा
- 1 चुकंदर
- 2 उबले आलू
- आधा कप मोजरेला चीज
- 2 कप ब्रेड क्रम्ब्स
- 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
- 2 हरी मिर्च
- आधा चम्मच अदरक
- आधी कटोरी हरी धनिया
- आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- काली मिर्च पाउडर
- आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- आधा चम्मच गरम मसाला
- आधा चम्मच चाट मसाला
- नमक स्वादानुसार
- पानी (घोल बनाने के लिए)
- तलने के लिए तेल
- परोसने के लिए सॉस या चटनी
Step
- Step 1:
पोहे को धोकर 2 से 3 मिनट के लिए पानी में भिगो दें, इसके बाद इसे छलनी में डालकर छोड़ दें ताकि एक्सट्रा पानी निकल जाए।
- Step 2:
अब एक बर्तन में चुकंदर को कद्दूकस करें और इसका भी अतिरिक्त पानी कपड़े या हाथों की मदद से निचोड़ लें।
- Step 3:
इसके बाद एक बड़े बाउल में पोहा, चुकंदर, उबले आलू, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- Step 4:
अब इसमें ब्रेड क्रम्ब्स मिलाकर सख्त मिश्रण तैयार करें।
- Step 5:
इसके बाद बॉल्स बनाने के लिए छोटी-छोटी लोई तैयार करें और इसमें चीज भर दें। इस तरह सभी बॉल्स तैयार कर लें।
- Step 6:
अब एक बर्तन में कॉर्नफ्लोर और पानी का पतला घोल तैयार करें।
- Step 7:
इसके बाद बॉल्स को पहले घोल में डुबोएं, फिर ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेटें। अब एक कढ़ाही में तेल गरम करें और मध्यम आंच पर बॉल्स को सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें।
- Step 8:
तलने के बाद इसे एक टिश्यू पेपर पर निकाल कर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल हट जाए। अब गरमागरम पोहा चुकंदर चीज बॉल्स हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें।
पोहा चुकंदर चीज बॉल्स बनाने की रेसिपी
इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले आपको पोहा तैयार करना होता है। इसके लिए आप मोटा पोहा लें, ताकि इससे लेयर बनाना आसान हो। 1 कप मोटे पोहे को छलनी में डालकर पानी से अच्छी तरह धो लें। धोने के बाद इसे छलनी में ही छोड़ दें, ताकि पानी अच्छे से निकल जाए। ध्यान रखें कि पोहा बहुत ज्यादा गीला नहीं करना है।
- पोहा चुकंदर चीज बॉल्स बनाने के लिए चुकंदर को धोकर छील लें। इसके बाद इसे कद्दूकस कर लें, ताकि यह एकदम बारीक हो जाए। कद्दूकस करने के बाद इसे किसी कपड़े में डालकर हाथों से दबाएं, ताकि इसका एक्स्ट्रा पानी निकाला जा सके और बॉल्स बनाते समय यह टूटे नहीं। चुकंदर जितना सूखा रहेगा बॉल्स उतने ज्यादा अच्छे बनेंगे।
कैसे तैयार करें मिश्रण?
अब एक बड़े बाउल में भीगा हुआ पोहा और कद्दूकस किया हुआ चुकंदर डालकर मिक्स कर लें। इसके बाद इसमें मैश किए हुए उबले आलू, बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटा हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर, गरम मसाला और चाट मसाला मिलाएं और अच्छे से मैश करें। आपको इसे दबाते हुए मिलाना है, ताकि बॉल्स बनाना आसान रहे। सभी सामग्री को अच्छे से मैश करने के बाद इसमें 2-3 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं। अगर आपको लग रहा है कि चुकंदर बहुत पानी छोड़ रहा है, तो इसमें हल्का मैदा मिला दें, ताकि बॉल्स तेल में डालने के बाद टूटे नहीं।
इसे भी पढ़ें- Sawan Recipe: रोज गुलकंद घेवर से सजाएं सावन की थाली, स्वाद ऐसा कि सब मांगेंगे रेसिपी
पोहा चुकंदर चीज बॉल्स की शेप कैसे बनाएं?
बॉल्स बनाने से पहले इसमें चीज की फीलिंग करनी होगी। इसके लिए पहले मिश्रम को हाथों पर लें और इसे दबाते हुए चपटा शेप दें। अब बीच में 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ चीज डालें और इसे दबाते हुए किनारों को बंद कर दें। अब इसे गोल बॉल का आकार दे दें। जिस तरह आप आलू का पराठा बनाते समय लोई बनाते हैं, ठीक उसी तरह इसे भी बनाना है। इसी तरह सभी बॉल्स तैयार कर लें। इसके बाद तलने के लिए पहले एक बर्तन में कॉर्नफ्लोर का घोल तैयार करें। इसके बाद बॉल्स को घोल में डुबाएं और फिर ब्रेड क्रम्बस पर लपेटें। अब इसे गर्म तेल में डालकर तल लें। डबल कोटिंग करने से और भी बढ़िया क्रंच मिलता है।
पोहा चुकंदर चीज बॉल्स बनाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
इस रेसिपी के लिए मोटे पोहे सबसे अच्छे रहते हैं। अगर आप बहुत पतले पोहे चुनेंगी, तो पानी में डालते ही गल जााएंगे, जिससे मिश्रण चिपचिपा हो सकता है। साथ ही, पोहे को केवल 2 से 3 मिनट के लिए ही पानी में भिगोएं।
बनाते समय ये गलतियां न करें
- चुकंदर का अतिरिक्त पानी दबाकर निकालना जरूरी है, नहीं तो जब आप बॉल्स को तेल में डालेंगी, तो यह फैल जाएगा
- इसके साथ ही इसे बनाते समय बाइंडिंग का भी खास ध्यान रखें। मिश्रण गीला लग रहा है, तो ब्रेड क्रम्ब्स, ओट्स पाउडर, मैदा या थोड़ा चावल का आटा डाल लें। इससे बॉल्स अच्छी तरह बनेंगे और तलते समय टूटेंगे नहीं।
इसे भी पढ़ें-सावन में व्रत के लिए प्याज-लहसुन के बिना बनाएं कुरकुरे अरबी के कबाब, पढ़ें रेसिपी
- इसे बनाते समय चीज की मात्रा का भी ध्यान रखें। ज्यादा चीज डालने से बॉल्स तलते समय फट सकते हैं। हर बॉल में थोड़ी-सी चीज मात्रा ही भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद करें।
- मिश्रण तैयार करने के बाद 10 से 15 मिनट का समय दें। बॉल्स को तुरंत तेल में न तलें। समय देने पर पोहा और मसाले अच्छी तरह सेट हो जाते हैं।
आप इस डिश को और भी ज्यादा हेल्दी बनाना चाहती हैं, तो एयर फ्रायर में पका सकती हैं। इसके लिए आपको एयर फ्रायर में 180°C पर 15 से 20 मिनट तक पकाना है। एयर फ्रायर ऑन करने से पहले बॉल्स के ऊपर हल्का ऑयल लगा दें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific, gemini
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।