Methi Ladoo Recipe: कड़वाहट की छुट्टी! इस तरीके से घर पर बनाएं मुंह में घुल जाने वाले मेथी के लड्डू

सर्दी के मौसम में सेहत का ख्याल रखने के लिए लोग गर्म चीजों का सेवन करना शुरू कर देते हैं। इसी में से एक मेथी के लड्डू। आज के इस लेख में हम आपको मेथी लड्डू बनाने की आसान रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं।
Updated:- 2026-11-25, 13:17 IST
Methi ke Laddu Recipe

ठंड के मौसम में सेहत का ख्याल रखना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में लोग  गुड़, मूंगफली जैसी गर्म चीजों का सेवन करते हैं। वहीं दादी-नानी के जमाने में इन चीजों के साथ-साथ मेथी के लड्डू भी बड़े चाव से खाए जाते हैं। ये लड्डू न केवल स्वाद बल्कि सेहत के लिए फायदेमंद होता है। हालांकि, आज ज्यादातर लोग सिर्फ इस डर से मेथी के लड्डू बनाने या खाने से कतराते हैं कि कहीं ये बहुत कड़वे न बन जाएं। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो अब बेफिक्र हो जाइए। आज के इस लेख में हम आपको एक ऐसी आसान रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें मेथी की कड़वाहट पूरी तरह दूर हो जाएगी और लड्डू इतने नरम बनेंगे कि मुंह में रखते ही घुल जाएंगे। पढ़ें आसान विधि।

मेथी के लड्डू बनाने की सामग्री

  • मेथी दाना- 1/2 कप (लगभग 75-80 ग्राम)
  • गेहूं का आटा-1.5 कप
  • गुड़ (कद्दूकस या बारीक कटा हुआ)- 1.5 कप
  • देसी -3/4 से 1 कप (जरूरत के अनुसार)
  • गोंद- 1/4 कप
  • बादाम (बारीक कटे या दरदरे पिसे)- 1/4 कप
  • काजू (बारीक कटे या दरदरे पिसे)- 1/4 कप
  • अखरोट या पिस्ता (ऑप्शनल)- 2-3 बड़े चम्मच
  • खरबूजे के बीज / मगज- 2 बड़े चम्मच
  • सोंठ पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
  • इलायची पाउडर - 1 छोटा चम्मच
  • दूध (मेथी भिगोने के लिए)-1/2 कप (गुनगुना)

methi dana

 

Image Credit-herzindagi

 

इसे भी पढ़ें- बचे हुए मोतीचूर लड्डू से बनाएं मलाईदार खीर, स्वाद ऐसा जो मुंह में जाएगा घुल

मेथी की कड़वाहट कम करने के खास टिप्स

  • बारीक पिसे मेथी पाउडर को 1/2 कप गुनगुने दूध या 2-3 बड़े चम्मच घी में 30-45 मिनट भिगोकर रखने से उसकी तीखी कड़वाहट काफी कम हो जाती है और लड्डू नरम बनते हैं।
  • मेथी और आटे को कभी भी तेज आंच पर न भूनें। धीमी आंच पर धीरे-धीरे भूनने से सोंधापन आता है और कड़वाहट खत्म हो जाती है।
  • गुड़ की प्राकृतिक मिठास और भुने हुए सूखे मेवे मेथी के स्वाद को संतुलित करते हैं।

मेथी के लड्डू बनाने की विधि 

Methi Ladoo ingredient and recipe

Image Credit-ai

  • मेथी दाने को साफ करके मिक्सी में बारीक पीस लें। अब इस पाउडर को एक कटोरे में डालें और उसमें 1/2 कप गुनगुना दूध डालकर मिलाएं। ढककर 30–40 मिनट के लिए रख दें। 
  • इसके बाद कड़ाही में 1-2 चम्मच घी गरम करें और थोड़ा-थोड़ा करके गोंद डालें। धीमी आंच पर गोंद के फूलने तक तलें और प्लेट में निकाल लें। ठंडा होने पर इसे कटोरी या बेलन से हल्का दरदरा क्रश कर लें।
  • अब उसी कड़ाही में थोड़ा घी डालकर बादाम, काजू, अखरोट/पिस्ता और मगज को 1-2 मिनट धीमी आंच पर भूनें और अलग निकाल लें। 
  • कड़ाही में 2-3 बड़े चम्मच घी गरम करें और भीगी हुई मेथी डालें। धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 6-8 मिनट तक भूनें, जब तक घी अलग न दिखने लगे और रंग थोड़ा गहरा न हो जाए। इसे एक प्लेट में निकाल लें।
  • अब उसी कड़ाही में बचा हुआ घी (लगभग 4-5 बड़े चम्मच) डालें और गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर 10-12 मिनट भूनें। आटे से अच्छी खुशबू आने और हल्का सुनहरा रंग होने पर गैस बंद कर दें। 
  • इसके बाद एक बड़े बर्तन या परात में भुना हुआ आटा, भुनी हुई मेथी, क्रश किया हुआ गोंद, भुने मेवे, सोंठ पाउडर और इलायची पाउडर डालें। सभी को अच्छी तरह मिला लें।
  • एक पैन में 1-2 चम्मच घी और कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें। धीमी आंच पर गुड़ को पिघलाएं। ध्यान रखें कि कड़क चाशनी नहीं बनानी है। बस गुड़ अच्छे से पिघल जाए और हल्के बुलबुले आने लगें। 
  • 2-3 मिनट बाद गैस बंद कर दें। यदि आप गुड़ को बिना पकाए मिलाना चाहें, तो आटा-मेथी के हल्के गरम मिश्रण में बारीक कद्दूकस गुड़ डालकर भी मिला सकती हैं। बस मिश्रण बहुत ज्यादा गरम न हो।
  • इसके बाद पिघले हुए गुड़ को आटे और मेथी वाले मिश्रण में डालें और चम्मच या कलछी से सावधानी से मिलाएं। जब मिश्रण हल्का गुनगुना रह जाए, तब हाथों पर हल्का सा घी लगाकर मनचाहे आकार के लड्डू बांध लें। इसके बाद इसे कांच के डिब्बे में भरकर स्टोर करें।

मेथी लड्डू को स्टोर करने और परोसने का तरीका

लड्डू पूरी तरह ठंडे होने के बाद इन्हें एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें। सामान्य मौसम या सर्दियों में ये 3–4 हफ्तों तक आराम से खराब नहीं होते। रोजाना सुबह या नाश्ते के बाद 1 लड्डू गुनगुने दूध के साथ लेना अच्छा माना जाता है।

इसे भी पढ़ें- How To Make Leftover Roti Ladoo: बची रोटी से बनाएं झटपट टेस्टी लड्डू, पढ़ें आसान रेसिपी

मेथी के लड्डू बनाना मुश्किल नहीं बल्कि आसान है। छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप मेथी की कड़वाहट को आसानी से दूर कर सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-ai

 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।