रक्षाबंधन 2026 पर काजू कतली नहीं, दो तरीकों से बनाएं Kaju Roll; आसान है रेसिपी
-1787541376848.webp)
रक्षाबंधन का त्योहार हो और मिठाई का जिक्र न हाे, ऐसा हो ही नहीं सकता है। हर साल काजू कतली, बर्फी, रसगुल्ले, गुलाब जामुन और लड्डू जैसी मिठाइयां ही घर पर आती हैं, लेकिन अगर इस बार अगर आप कुछ अलग बनाना चाहती हैं तो काजू रोल अच्छा ऑप्शन हो सकता है। यह देखने में भी सुंदर लगता है और इसे घर पर बनाना भी बहुत मुश्किल काम नहीं है।
घर पर 2 तरीके से बनाएं काजू रोल
खास बात तो यह है कि इसका टेस्ट भी जबरदस्त होता है। काजू की मिठास के साथ अंदर अलग-अलग तरह की फिलिंग रखकर आप इसके स्वाद को और ज्यादा बढ़ा सकती हैं। आज हम आपको अपने इस लेख में दो तरीके से काजू रोल बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

काजू रोल बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
काजू रोल की बेसिक लेयर के लिए काजू, चीनी और दूध की जरूरत पड़ेगी। इसके अंदर आप अपनी पसंद की फिलिंग रख सकती हैं। आप पिस्ता रोल या फिर मिक्स ड्राई फ्रूट्स का काजू रोल ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए आपको ये चीजें चाहिए होंगी-
- लेयरिंग यानी रोल के लिए काजू- 250 ग्राम
- चीनी- 1 कप
- दूध- 1 कप
- इलायची पाउडर- थोड़ा सा
- घी- थोड़ा सा
- फिलिंग के लिए पिस्ता- 1 कप
- पिसी चीनी- 2 से 3 बड़े चम्मच
- मिल्क पाउडर- 1 से 2 बड़े चम्मच
- दूध- जरूरत के अनुसार
- मिक्स ड्राई फ्रूट्स- 1-2 कप
यह भी पढ़ें- Almond Sweets: बादाम से बनाएं ये 3 स्वीट्स, तारीफ करते नहीं थकेंगे मेहमान
1. पहला तरीका- काजू पिस्ता रोल
काजू पिस्ता रोल बनाने के लिए आपको ये आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे। जैसे-
- काजू पिस्ता रोल ही सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले काजू को मिक्सर में पीस लें। ध्यान रखें कि काजू को लगातार बहुत देर तक न पीसें, वरना उसका तेल निकल आएगा और पाउडर चिपचिपा हो जाएगा। इसके बाद इसे छान लें।
- अब एक पैन में दूध और चीनी डालकर मीडियम फ्लेम पर गर्म करें। चीनी जब घुल जाए तो उसके बाद इसमें काजू का पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें। आप देखेंगी कि यह मिश्रण धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा। जब यह पैन के किनारे छोड़ने लगे और आटे जैसा एक साथ इकट्ठा होने लगे, तब गैस बंद कर दें।
- अब इसे थोड़ा ठंडा होने दें, लेकिन पूरी तरह ठंडा न करें। जब यह हल्का गर्म रह जाए तो मिश्रण को बटर पेपर पर रखकर थोड़ा सा गूंध लें। फिर घी लगी बेलन की मदद से इसकी पतली शीट बेल लें।
- अब पिस्ता फिलिंग तैयार करें। इसके लिए पिस्ते को पीसकर उसमें पिसी चीनी और थोड़ा मिल्क पाउडर मिलाएं। जरूरत के हिसाब से थोड़ा दूध डालकर इसे आटे जैसा बना लें। इसके बाद इसे लंबे रोल जैसा बना लें।
- अब काजू की शीट पर पिस्ते का रोल रखें और धीरे-धीरे काजू की लेयर को उसके चारों तरफ लपेट दें। जब ये रोल बन जाए तो बटर पेपर में रोल करके एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि यह सेट हो जाए।
- अब इसे फ्रिज से निकालकर रोल के डिजाइन में गोल-गोल काट लें। आपका काजू पिस्ता रोल तैयार है। आप इसे ऊपर से कटे हुए पिस्ता से गार्निश भी कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- त्योहार के लिए बना रहे हैं काजू कतली? इन टिप्स का रखें ध्यान
2. दूसरा तरीका- ड्राई फ्रूट काजू रोल
अगर आपको पिस्ता पसंद नहीं है तो काजू रोल के अंदर ड्राई फ्रूट्स की फिलिंग भी रख सकती हैं। इसे भी बनाना बहुत आसान है-
- इसके लिए मिक्स ड्राई फ्रूट्स को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसमें थोड़ी पिसी चीनी और इलायची पाउडर भी मिला सकती हैं। बाइंडिंंग के लिए गुलकंद भी मिला सकती हैं। हालांकि यह पूरी तरह से ऑप्शनल है।
- अब काजू की बेसिक लेयर पहले वाले तरीके से ही तैयार करें। इसके बाद काजू के मिश्रण को बेलकर शीट बना लें। इसके ऊपर तैयार ड्राई फ्रूट्स की फिलिंग रखें।
- फिलिंग को एक तरफ लंबाई में ही फैलाएं और काजू की शीट को धीरे-धीरे मोड़ते हुए पूरा रोल बना लें।
- इसके बाद इसे बटर पेपर में लपेटकर थोड़ी देर सेट होने के लिए फ्रिज में रख दें। जब यह सेट हो जाए तब इसे काट दें। आप चाहें तो इसमें चांदी का वर्क भी लगा सकती हैं।
- आपके ड्राई फ्रूट्स वाले काजू रोल तैयार हैं। इसे रक्षाबंधन पर आप भाइयों को खिलाएंगी तो वे बाजार वाला स्वाद भी भूल जाएंगे।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर फोर्ट की कोठरी से निकलकर थाली की शान बनी काजू कतली, जानें कैसे हुई इसकी शुरूआत?
काजू रोल बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप काजू रोल बना रही हैं, ताे कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें, वरना स्वाद और बनावट दोनों ही बिगड़ सकते हैं। जैसे-
- काजू को ज्यादा देर तक न पीसें। इससे काजू का तेल निकल जाएगा और पाउडर चिपचिपा हो जाएगा।
- काजू का मिश्रण ज्यादा न पकाएं, वरना यह बहुत हार्ड हो सकता है।
- काजू के मिश्रण को पूरी तरह ठंडा भी नहीं होने देना है, इसे हल्का गर्म रहने पर ही रोल बनाएं।
- बेलते समय बेस पर थोड़ा सा घी लगा लें। इससे काजू की शीट चिपकेगी नहीं।
- फिलिंग बहुत ज्यादा न भरें वरना रोल बंद करते समय टूट सकता है।
रक्षाबंधन पर ऐसे करें सर्व
काजू रोल को छोटे-छोटे बराबर टुकड़ों में काटकर मिठाई की प्लेट में रखें। पिस्ता वाला रोल बाहर से थोड़ा सफेद और अंदर से हरे रंग का दिखेगा, इसलिए यह देखने में भी काफी अच्छा लगेगा। ड्राई फ्रूट फिलिंग वाला रोल भी प्लेट में सबसे अच्छा लगेगा। आप इसे चांदी के वर्क से सजा भी सकती हैं।
यह भी पढ़ें- त्योहार हो या फिर मीठा खाने का मन, इन 3 तरीके से बनाएं स्वादिष्ट मालपुआ
अगर आप इस बार रक्षाबंधन पर काजू कतली से कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो दो तरीके से काजू रोल बना सकती हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।