दाल का स्वाद दोगुना करते हैं ये 7 टिप्स, हर बार मिलेगा होटल जैसा टेस्ट

घर पर रेस्टोरेंट स्टाइल दाल बनाना बेहद आसान है। भारतीय खानपान में दाल का स्थान सबसे अहम माना जाता है। लंच हो या डिनर, थाली में अगर गाढ़ी और खुशबूदार दाल हो, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है। अक्सर घर में दाल बनाते समय हम सोचते हैं कि इसमें ढाबे या होटल जैसा वह मलाईदार स्वाद और रंगत क्यों नहीं आती। कई बार मेहनत के बावजूद दाल साधारण ही लगती है। दरअसल, होटल जैसी लजीज दाल बनाने के लिए सही तकनीकों और छोटे-छोटे कुकिंग सीक्रेट्स की जरूरत होती है। ऐसे में इनके बारे में पता होना जरूरी है। जानते हैं आगे...
दाल पकाने की शुरुआती तैयारी
दाल बनाते वक्त शुरू में ही कुछ बदलावों को करने की जरूरत है, जानते हैं इनके बारे में...
1. दाल की सही सफाई और भिगोने का तरीका
दाल बनाने की शुरुआत उसकी सही सफाई से होती है। दाल को पकाने से पहले 3 से 4 बार साफ पानी से तब तक धोएं जब तक कि पानी पूरी तरह साफ न दिखने लगे।
- इससे दाल में मौजूद अतिरिक्त स्टार्च निकल जाता है, जिससे पकने के बाद दाल चिपचिपी नहीं बनती।
- धोने के बाद दाल को कम से कम 20 से 30 मिनट के लिए पानी में भिगोकर छोड़ दें। इससे दाल आसानी से और जल्दी पकती है।

2. उबालते समय ऊपर से झाग हटाना
जब आप दाल को उबलने के लिए रखते हैं, तो शुरुआत में ही पानी की सतह पर सफेद रंग का झाग बनने लगता है। पेशेवर शेफ हमेशा इस झाग को निकालकर फेंक देते हैं। इस झाग को हटाने से दाल का असली फ्लेवर खुलकर बाहर आता है और दाल खाने के बाद पेट में भारीपन या एसिडिटी की शिकायत भी नहीं होती।
3. शुरुआत में ही नमक शामिल करना
दाल को उबालते समय ही हल्दी के साथ स्वादानुसार नमक डाल देना चाहिए। ऐसा करने से नमक दाल के दानों के अंदर तक अच्छी तरह से समा जाता है।
यह भी पढ़ें- इस राखी अपने भाई को खिलाएं जवे मखाने की खीर, जानें आसान रेसिपी
तड़का और स्वाद बढ़ाने के तरीके
तड़का और स्वाद बढ़ाने के लिए आप यहां दिए गए कुछ तरीकों को अपना सकते हैं-
4. साबुत मसालों का छौंक
होटल जैसा गहरा स्वाद पाने के लिए तड़के में हमेशा साबुत मसालों का इस्तेमाल करें। जब तेल या घी गरम हो जाए, तो उसमें तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग, बड़ी इलायची और जीरा डालें। इन मसालों का धीमी आंच पर चटकना दाल के फ्लेवर को बहुत बढ़ा देता है।
5. कसूरी मेथी और बारीक कटे लहसुन का तड़का
ढाबा स्टाइल दाल की असली पहचान उसकी सोंधी महक होती है। इसके लिए बारीक कटे लहसुन को मंदी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें। तड़का गैस से उतारने से ठीक पहले हथेली से मसलकर कसूरी मेथी मिलाएं।

6. अचार के मसाले का इस्तेमाल
दाल में थोड़ा सा चटपटा और अलग स्वाद लाने के लिए तड़का भूनते समय उसमें आधा चम्मच आम या मिर्च के अचार का मसाला मिला दें। यह सीक्रेट टिप दाल के सादेपन को खत्म करके उसे बेहद स्वादिष्ट और अनोखा फ्लेवर देती है।
7. मक्खन और देसी घी का रिच टच
दाल को परोसने से ठीक पहले उसमें एक चम्मच मक्खन या शुद्ध देसी घी मिलाएं। मक्खन दाल को गाढ़ापन और मलाईदार टेक्सचर देता है, जबकि देसी घी उसकी खुशबू को और बढ़ा देता है।
यह भी पढ़ें- फास्ट फूड की भीड़ में गुम हो रही बुंदेलखंड की ठडूला, स्वाद ऐसा जिसे भूलना मुश्किल
घर पर ढाबा या होटल जैसी दाल बनाना कोई कठिन काम नहीं है। दाल को धोने, उबालने और तड़का लगाने के इन 7 आसान तरीकों को अपनाकर आप रोजाना की साधारण दाल को भी बेहद खास और लजीज बना सकती हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।