Homemade Chaat Masala: फल हों या पकौड़े... हर स्नैक में जान डाल देगा घर पर सिर्फ 5 मिनट में बना यह स्पेशल चाट मसाला, जानें रेसिपी

Homemade Chaat Masala: बाजार की चाट में जो स्वाद होता है, वह घर की चाट में अक्सर नहीं आता है। वजह चाट नहीं, बल्कि चाट मसाला होता है। बाजार वाला मसाला पुराना और मिलावटी होता है, इसलिए स्वाद अधूरा रह जाता है। अगर चाट मसाला घर पर ताजा बना लिया जाए तो फल, पकौड़े, छोले और दही बड़े, हर चीज का स्वाद बदल जाता है। इसे बनाने में सिर्फ 5 मिनट लगते हैं और ये महीनों तक चलता है।
क्या होता है चाट मसाला?
चाट मसाला भारत का सबसे फेमस मसाला है। इसमें खट्टा, मीठा, नमकीन और हल्का तीखा, सब स्वाद एक साथ मिलते हैं। यही वजह है कि इसे किसी भी फीके स्नैक पर डाला जाए तो वह तुरंत चटपटा लगने लगता है। इसमें आमचूर, जीरा, धनिया, काला नमक, पुदीना, अनारदाना, काली मिर्च, अदरक और हींग जैसे मसाले होते हैं। हर मसाले का अपना काम होता है। कोई खट्टापन लाता है, कोई खुशबू और कोई चटपटा स्वाद। सब मिलकर ही असली चाट वाला स्वाद बनाते हैं।

Photo Credit: Pinterest (Paul)
चाट मसाला बनाने की सामग्री
घर पर चाट मसाला बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है। जो मसाले किचन में रोज रहते हैं, उन्हीं से यह बन जाता है।
साबुत मसाले
- 2 चम्मच जीरा
- 2 चम्मच धनिया
- 1 चम्मच काली मिर्च
- 1 चम्मच अनारदाना
पिसे हुए मसाले
- 4 चम्मच आमचूर पाउडर
- 2 चम्मच काला नमक
- 1 चम्मच सादा नमक
- 1 चम्मच सूखा पुदीना पाउडर
- आधा चम्मच सूखा अदरक पाउडर
- 1 चुटकी हींग
- आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
Photo Credit: Pinterest (Chef Guy)
सिर्फ 5 मिनट में बनाने की रेसिपी
स्टेप 1- भूनना
सबसे पहले एक कड़ाही या पैन को गैस पर रखकर गरम करें। इसमें जीरा, धनिया, काली मिर्च और अनारदाना डालें। धीमी आंच पर 1-2 मिनट तक भूनें। जब अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। ज्यादा भूनने से मसाले कड़वे हो जाएंगे, इसलिए ध्यान रखें।
स्टेप 2- ठंडा करना
भुने हुए मसालों को एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। गरम मसालों को पीसने से पाउडर में नमी आ जाती है।
यह भी पढ़ें- कुकर हो या पतीला, अब किसी में नहीं चिपकेंगे चावल! बस बनाते समय अपनाएं ये कमाल की ट्रिक्स
स्टेप 3- पीसना
अब ठंडे मसालों को मिक्सी या मसाला ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें।
स्टेप 4- मिलाना
अब इसमें आमचूर, काला नमक, सादा नमक, पुदीना, अदरक पाउडर, हींग और लाल मिर्च मिला दें। एक बार फिर 10 सेकंड के लिए पीस लें ताकि सब अच्छे से मिल जाए।
-1794829252322.webp)
Photo Credit: Pinterest (VegBuffet)
चाट मसाला को स्टोर कैसे करें?
- चाट मसाला को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में रखें। डिब्बे को धूप और गर्म जगह से दूर, ठंडी और सूखी जगह पर रखें।
- अगर मसाला सही से रखा जाए तो 3 महीने तक इसकी खुशबू और स्वाद बना रहता है।
- गीले चम्मच से मसाला कभी न निकालें। इससे मसाला जल्दी खराब हो जाता है।
यह भी पढ़ें- Leftover Soan Papdi Recipe:बची हुई सोन पापड़ी का समझ नहीं आ रहा क्या करें? बना लें स्वादिष्ट पराठा
चाट मसाला छोटा सा दिखता है, लेकिन स्वाद में बहुत कमाल का होता है। बाजार के पैकेट पर पैसा खर्च करने की जगह घर पर 5 मिनट में ताजा मसाला बना लें। ये सस्ता भी पड़ेगा, शुद्ध भी होगा और स्वाद भी बाजार से कई गुना अच्छा होगा।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या चाट मसाला रोज खाना सही है?
- कम मात्रा में रोज खाना ठीक है। एक-दो चुटकी चाट मसाला पाचन में मदद करता है। लेकिन ज्यादा खाने से पेट में जलन और एसिडिटी हो सकती है। खासकर जिनको गैस की समस्या है, वो ज्यादा न खाएं।
- क्या बिना आमचूर के चाट मसाला बन सकता है?
- हां, बन सकता है। आमचूर न हो तो उसकी जगह नींबू का सूखा पाउडर या थोड़ा सा टाटरी डाल सकते हैं। लेकिन असली खट्टा स्वाद आमचूर से ही आता है। इसलिए कोशिश करें कि आमचूर जरूर डालें।
- क्या चाट मसाला बच्चों को दे सकते हैं?
- हां, दे सकते हैं। लेकिन बच्चों वाले मसाले में मिर्च और हींग बहुत कम रखें। फलों पर हल्का सा छिड़ककर देना सबसे अच्छा है। इससे बच्चे फल भी खुशी से खा लेते हैं और स्वाद भी अच्छा लगता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।