Amla Haldi Kanji Recipe: पाचन रहेगा स्वस्थ, इस सर्दी पिएं आंवला और कच्ची हल्दी की कांजी; नोट करें रेसिपी

Amla Haldi Kanji Recipe
Amla Haldi Kanji Recipe: सर्दियों में बाजार में आंवला और कच्ची हल्दी आसानी से मिलने लगती है। कोई इनका अचार बनाता है तो कोई मुरब्बा और हल्दी वाला दूध तैयार करता है, लेकिन क्या आपने कभी इन दोनों चीजों को मिलाकर एक चटपटी और खट्टी ड्रिंक बनाने के बारे में सोचा है? अगर नहीं, तो इस बार आंवला और कच्ची हल्दी की कांजी जरूर ट्राई कर सकते हैं।
इसका स्वाद सामान्य जूस या शरबत से बिल्कुल अलग होता है। इसमें सरसों का हल्का तीखापन, अदरक की खुशबू, हरी मिर्च का चटपटापन और आंवले की खटास मिलकर एक खास फ्लेवर तैयार किया जाता हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी और इससे जुड़ी जरूरी बातें।
आंवला-हल्दी कांजी की सामग्री (Amla Haldi Kanji Ingredients)
इस ड्रिंक को तैयार करने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं है। सभी चीजें बाजार में आसानी से मिल जाएंगी।
- ताजा आंवला – 5 से 6 (लगभग 100-250 ग्राम)
- कच्ची हल्दी – 70 से 80 ग्राम
- अदरक – 25 ग्राम
- हरी मिर्च – 1 से 2
- पीली सरसों का दरदरा पाउडर – 2 बड़े चम्मच
- काला नमक या सेंधा नमक – 1.5 से 2 बड़े चम्मच
- पानी – लगभग 1.5 से 3 लीटर
- नींबू – 1 (वैकल्पिक)
image credit- pinterest (sarita)
आंवला और कच्ची हल्दी की कांजी बनाने का तरीका
इसकी तैयारी में ज्यादा समय नहीं लगता, लेकिन फर्मेंटेशन के लिए इंतजार करना पड़ता है। स्वादिष्ट कांजी बनाने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें।
- आंवले, कच्ची हल्दी और अदरक को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। अब आंवले के बीज निकालकर छोटे टुकड़ों में काट लें। कच्ची हल्दी और अदरक को भी पतले टुकड़ों में काटें। हरी मिर्च को बीच से चीरा लगा दें।
- अब एक बड़ा और साफ कांच का जार लें। इसमें कटे हुए आंवले, हल्दी, अदरक और हरी मिर्च डाल दें। ध्यान रखें कि जार में किसी तरह की गंदगी या नमी न हो। फर्मेंटेशन के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
- अब जार में पीली सरसों का दरदरा पाउडर और नमक डालें। इसके बाद उबालकर ठंडा किया हुआ पानी डालें। सभी चीजों को साफ चम्मच से अच्छी तरह मिला लें। सामग्री पानी में डूबी रहनी चाहिए।
- जार को फर्मेंटेशन के लिए निर्धारित तापमान पर रखें। इसके लिए साफ फर्मेंटेशन जार और ढक्कन या एयरलॉक का इस्तेमाल करना बेहतर है। पारंपरिक तरीकों में धूप का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन तेज धूप और बदलते तापमान में फर्मेंटेशन का परिणाम अनिश्चित हो सकता है। इसलिए सुरक्षित और नियंत्रित तापमान में फर्मेंटेशन करना बेहतर है।
- फर्मेंटेशन का समय तापमान और सामग्री के अनुसार बदल सकता है। सिर्फ 2-3 दिन बीतने या खट्टा स्वाद आने को सुरक्षित होने का प्रमाण न मानें। सही फर्मेंटेशन के लिए एसिडिटी की जांच करना जरूरी है। तैयार ड्रिंक को साफ बोतल में भरकर फ्रिज में रखें और ठंडा होने पर सर्व करें।
image credit- ai
आंवला-हल्दी कांजी पीने के फायदे (Amla Haldi Kanji Benefits)
इस ड्रिंक में इस्तेमाल होने वाली सामग्री अपने पोषक तत्वों और स्वाद के लिए जानी जाती है।
- आंवला विटामिन C का अच्छा स्रोत है। यह शरीर में कोलेजन बनाने, सामान्य प्रतिरक्षा प्रणाली के कामकाज और कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाने में भूमिका निभाता है। इसलिए सर्दियों की डाइट में आंवले को शामिल करना अच्छा विकल्प हो सकता है।
- कच्ची हल्दी में करक्यूमिन समेत कई प्राकृतिक कंपाउंड पाए जाते हैं। इन पर एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं।
- अदरक और सरसों इस ड्रिंक को खास स्वाद देते हैं। इनका इस्तेमाल पारंपरिक भारतीय खानपान में लंबे समय से होता आया है। दोनों के कारण कांजी में हल्की तीखापन और मसालेदार फ्लेवर आता है।
यह भी पढ़ें- Homemade Chyawanprash: बिना मिलावट के घर पर ऐसे बनाएं आंवले का च्यवनप्राश, नोट करें स्टेप-टू-स्टेप रेसिपी
आंवला-हल्दी की कांजी किन लोगों को नहीं पानी चाहिए?
हर हेल्दी दिखने वाली चीज हर व्यक्ति के लिए सही हो, यह जरूरी नहीं है। इस कांजी में आंवला, सरसों, मिर्च और हल्दी का इस्तेमाल होता है। इसलिए कुछ लोगों को इसे पीने से परेशानी हो सकती है।
| किन लोगों को बचना चाहिए? | क्यों नहीं पीनी चाहिए? | क्या करें? |
| एसिडिटी वाले लोग | आंवला और खट्टा फर्मेंटेड पानी सीने में जलन और एसिड रिफ्लक्स बढ़ा सकता है | बिल्कुल ना पिएं, या बहुत कम मात्रा में लें |
| संवेदनशील पेट वाले लोग | खट्टी और मसालेदार कांजी से पेट में दर्द, गैस और मरोड़ हो सकती है | पहले डॉक्टर से सलाह लें |
| रोज दवाई लेने वाले लोग | ज्यादा हल्दी कुछ दवाओं के साथ इंटरैक्शन कर सकती है | डॉक्टर से पूछकर ही पिएं |
| गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं | औषधीय मात्रा में हल्दी नुकसान पहुंचा सकती है | खाने वाली हल्दी ठीक है, कांजी पीने से पहले डॉक्टर से पूछें |
इसके अलावा अगर कांजी में फफूंदी, सड़न जैसी गंध, असामान्य चिपचिपापन या खराब होने के संकेत दिखें तो उसे बिल्कुल न पिएं।
यह भी पढ़ें- सालभर खराब नहीं होगा आंवले का तीखा-खट्टा अचार, नोट करें बनाने का सही समय और आसान तरीका
सर्दियों में कुछ नया और चटपटा पीने का मन हो तो आंवला और कच्ची हल्दी की कांजी एक दिलचस्प विकल्प हो सकती है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
- क्या आंवला और हल्दी की कांजी खाली पेट पी सकते हैं?
- इसका कोई तय वैज्ञानिक नियम नहीं है। अगर आपको खाली पेट खट्टी चीजें पीने से एसिडिटी या जलन होती है, तो इसे खाली पेट पीने से बचें।
- आंवला और हल्दी की कांजी कितने दिन तक स्टोर कर सकते हैं?
- फर्मेंटेशन पूरा होने के बाद इसे फ्रिज में रखें। इसकी सुरक्षित इस्तेमाल की अवधि फर्मेंटेशन, सफाई और स्टोरेज पर निर्भर करती है।
- क्या बच्चों को भी आंवला-हल्दी की कांजी दे सकते हैं?
- बच्चों को फर्मेंटेड पेय देने से पहले उनकी उम्र, पाचन और स्वास्थ्य को ध्यान में रखना चाहिए। छोटे बच्चों को बिना बाल रोग विशेषज्ञ की सलाह के ऐसा घरेलू फर्मेंटेड ड्रिंक न दें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।