पास्ता सॉस की बोतल खोलने के बाद कितने दिन तक इस्तेमाल करना सेफ है, जानें क्या कहती है रिसर्च?

पास्ता सॉस की बोतल को एक बार खोलने के बाद कब तक इस्तेमाल करना चाहिए। इस बात को लेकर बहुत से लोगों में भ्रम है। आइए यहां जानते हैं।
Updated:- 2026-10-22, 15:33 IST
How long does pasta sauce last in the fridge

How Long Does Pasta Sauce Last In The Fridge: अक्सर घरों में पास्ता बनाते समय अगर सॉस की पूरी बोतल इस्तेमाल नहीं होती, तो ज्यादातर लोग उसे फ्रिज में रख देते हैं। कई बार यही बची हुई सॉस अगले हफ्ते दोबारा इस्तेमाल करने के काम आती है, लेकिन क्या फ्रिज में रखने से पास्ता सॉस लंबे समय तक खराब नहीं होता? बोतल खोलने के बाद सॉस कितने दिन तक सेफ रहता है। आइए जानते हैं यहां।

अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के खाद्य सुरक्षा पोर्टल और फूडकीपर ऐप के अनुसार, खुले हुए कमर्शियल पास्ता सॉस को सही तापमान पर सीमित समय तक ही फ्रिज में रखना चाहिए। वहीं, घर पर बनी सॉस और क्रीम से तैयार सॉस को जल्दी इस्तेमाल करना जरूरी है।

पास्ता सॉस की बोतल खोलने के बाद कब तक कर सकते हैं इस्तेमाल?

पास्ता सॉस की शेल्फ लाइफ उसकी सामग्री और स्टोरेज पर निर्भर करती है। टमाटर से बनी सॉस में एसिडिटी ज्यादा होती है,क्योंकि इसका ph कम होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इसे लंबे समय तक फ्रिज में सेफ रखा जा सकता है।

  • कमर्शियल पास्ता सॉस: बोतल खोलने के बाद फ्रिज में 5 से 7 दिन तक रख सकते हैं ।
  • घर पर बना पास्ता सॉस: इसे आमतौर पर 3 से 4 दिन के भीतर इस्तेमाल कर लेना चाहिए।
  • क्रीम वाला सॉस: इसे भी सामान्य तौर पर 3 से 4 दिन के अंदर इस्तेमाल करना बेहतर है। उत्पाद के लेबल और सॉस बनाने की विधि के अनुसार समय अलग हो सकता है।

यह भी पढ़ें- सिर्फ 15 रुपये में बनाएं पेरी पेरी सॉस, स्वाद ऐसा मार्केट में कहीं नहीं मिलेगा

ध्यान रखें कि फ्रिज का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होना चाहिए। अगर सॉस को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर छोड़ दिया गया है, तो केवल फ्रिज में रखने से वह दोबारा सेफ नहीं हो जाता।

sauce bottle

image credit-magnific

इन संकेतों से पहचानें खराब हो चुका है पास्ता सॉस

बचा हुआ सॉस इस्तेमाल करने से पहले उसकी जांच जरूर करें। कुछ संकेत बताते हैं कि सॉस खराब हो चुका है।

  • सॉस की सतह पर सफेद, हरे या काले रंग की फफूंदी नजर आए, तो उसे इस्तेमाल न करें।
  • सॉस से खट्टी या खमीर जैसी असामान्य गंध आना खराब होने का संकेत हो सकता है।
  • ढक्कन पर असामान्य दबाव या बोतल में गैस बनने के संकेत मिलें, तो सॉस इस्तेमाल न करें।
  • सॉस का रंग बदलना, चिपचिपापन या असामान्य बुलबुले दिखना भी खराब होने का संकेत हो सकता है।

sauce bottle opener

image credit-magnific

फ्रिज में पास्ता सॉस रखते समय किन बातों का रखें ध्यान?

पास्ता सॉस को ज्यादा समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसे सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है।

  • इस्तेमाल के बाद सॉस को जल्द से जल्द फ्रिज में रख दें।
  • बोतल का ढक्कन सही से बंद करें।
  • सॉस निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।
  • पका हुआ पास्ता सीधे सॉस की बोतल में न डालें।
  • बोतल खोलने की तारीख उस पर लिख दें, ताकि यह याद रहे कि सॉस कितने दिन से फ्रिज में रखी है।
  • सॉस को फ्रिज के दरवाजे में रखने के बजाय अंदर ऐसी जगह रखें, जहां तापमान स्थिर रहता हो।

यह भी पढ़ें- मीठा और तीखा ट्विस्ट! रसोई में बनाएं ‘हॉट हनी’ सॉस, जो हर डिश का स्वाद बना देगा Swicy

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

main image credit- magnific

FAQ
क्या पास्ता सॉस को बोतल खोलने के बाद फ्रीजर में रख सकते हैं?
हां, अगर सॉस फ्रीज करने के लिए उपयुक्त है, तो उसे फ्रीजर-सुरक्षित डिब्बे में रख सकते हैं। 
क्या पास्ता सॉस को दोबारा गर्म करने से उसमें मौजूद बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं?
दोबारा गर्म करने से कुछ बैक्टीरिया नष्ट हो सकते हैं, लेकिन इससे गलत तरीके से रखी गई या खराब हो चुकी सॉस सुरक्षित नहीं बन जाती। 
क्या पास्ता सॉस की बोतल खोलने के बाद उसे कमरे के तापमान पर रख सकते हैं?
नहीं, अगर बोतल पर फ्रिज में रखने के निर्देश दिए गए हैं, तो उसे खोलने के बाद फ्रिज में ही रखें।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।