दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतें बनेंगी कला का आईना, 4 दिसंबर से शुरू होगा भव्य बिनाले, क्या होगा खास?

देश की राजधानी दिल्‍ली को ग्‍लोबल पहचान दिलाने के साथ ही यहां मौजूद ऐतिहासिक विरासतों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी। 108 दिन का 'द इंडिया बिएनाले 2026' की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
Updated:- 2026-11-25, 14:24 IST
 delhi biennale 2026

दिल्‍ली की वैश्विक कला और ऐतिहासिक इमारतों के बारे में अब दुनिया भर के लोग जान सकेंगे। आगामी 4 दिसंबर 2026 से राजधानी में 108 दिन का 'द इंडिया बिएनाले 2026' का आगाज होने जा रहा है। जो 'वेनिस बिएनाले' की तरह भारत की कला, संस्कृति और रचनात्मकता के अलग-अलग आयामों को सामने लाएगा।

'द इंडिया बिएनाले 2026' में कला को समझने के लिए 4 प्रमुख विचारों को आधार बनाया गया है। ये हैं- रिफ्लेक्शन (आत्मचिंतन), रिजुवनेशन (नवजीवन), रिन्यूअल (नवीनीकरण) और रेजिलिएंस (लचीलापन या मुश्किलों से उबरने की क्षमता)। इन 4 विचारों के साथ 5 इंद्रियों को भी इस अनुभव से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को कला से केवल आंखों के जरिए नहीं, बल्कि अलग-अलग अनुभवों और संवेदनाओं के माध्यम से जोड़ना है।

ऐतिहासिक इमारत और उसके आसपास के इलाके को जोड़ने की कोशिश

event in delhi biennale 2026

Image Credit: magnific.com

'द इंडिया बिएनाले 2026' आयोजित करने का मकसद किसी ऐतिहासिक इमारतों की बनावट और कहानी बताना ही नहीं बल्कि उसमें मौजूद रंग और उसके आसपास का माहौल, इतिहास, भावनाएं और उससे जुड़ी कहानियां भी लोगों को बताना है। जैसे पुराने किले के साथ ही बनी झील और भैरव मंदिर क्‍यों प्रसिद्ध है? यहां कैसे पहुंचे और इन जगहों की क्‍या खासियत है? इसके बारे में रंगारंग कार्यक्रमों के जरिए बताने की कोशिश की जाएगी।

कब तक चलेगा 'द इंडिया बिएनाले 2026'?

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, 'द इंडिया बिएनाले 2026' का आयोजन 4 दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 यानी पूरे 108 दिनों तक चलेगा। इस दौरान दिल्ली के अलग-अलग ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर कला, विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़े अनुभव आपको देखने को मिलेंगे।

इस आयोजन का उद्देश्य भारत की क्रिएटिव कम्युनिटी को एक-दूसरे के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कला जगत से भी जोड़ना है। इसके जरिए कलाकारों, कला प्रेमियों और आम लोगों को बातचीत, विचारों के आदान-प्रदान और नई रचनात्मक संभावनाओं को समझने का भरपूर अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें- अबू धाबी घूमने का है प्लान? ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें Sphere, जानें इसकी खासियतें

समझिए दिल्ली घूमने वालों के लिए क्यों खास है यह आयोजन?

delhi ka purana quila

Image Credit: magnific.com

राजधानी दिल्‍ली में एक से बढ़कर एक ऐतिहासिक स्मारक एवं संग्रहालय हैं, लेकिन 'द इंडिया बिएनाले 2026' इन जगहों को देखने का एक नया नजरिया पेश करेगा। यहां इतिहास और आधुनिक कला एक-दूसरे से संवाद करते नजर आएंगे। ऐसे में अगर आपको कला, फोटोग्राफी, वास्तुकला, इतिहास और संस्कृति में दिलचस्पी है तो यह आयोजन आपके लिए खास हो सकता है। म पर्यटकों के लिए भी यह दिल्ली की जानी-पहचानी जगहों को नए अनुभव के साथ देखने का मौका होगा।

बिएनाले आयोजन में ये होंगे मुख्‍य आकर्षण का केंद्र

दिल्‍ली सरकार भी इस आयोजन के सफल संचालन में अहम भूमिका निभा रही है। जानकारी के अनुसार, आयोजन के कुछ खास आकर्षण होंगे जो यहां आने वाले विजिटर को देखने चाहिए।

  • कला, वास्तुकला और डिजाइन के क्षेत्र में देश के सबसे बड़े आयोजनों में से एक होगा 'द इंडिया बिएनाले 2026'।
  • करीब 22 से ज्यादा ऐतिहासिक स्मारकों, संग्रहालयों, आर्ट गैलरी, सांस्कृतिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों में कई कार्यक्रम होंगे।
  • यहां दिल्‍ली का पुराना किला सबसे मुख्‍य आकर्षण का केंद्र होगा।
  • लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा, लोर्दी गार्डन, महरौली, हौज खास सहित कई स्थल इस उत्सव का हिस्सा बनेंगे।
  • दुर्लभ कला संग्रह, पारंपरिक कलाओं, फोटोग्राफी प्रस्तुतियों को जगह मिलेगी।

कैसे पहुंचे आयोजन स्‍थल तक?

अगर आप भी अपने परिवार के साथ यहां घूमने का प्‍लान बना रही हैं तो यहां पहुंचने के लिए आपको इन मेट्रो रूट्स को फॉलो करना होगा ताकि आपको परेशानी न हो। लाल किला पहुंचने के लिए आपको वॉयलेट लाइन मेट्रो लेनी होगी। जो सीधा लाल किला स्‍टेशन पहुंचाएगी। यहां गेट नंबर-3 के सामने से निकलकर आप आयोजन स्‍थल तक पहुंच सकती हैं।पुराना किला पहुंचने के लिए आपको ब्‍लू लाइन मेट्रो पकड़नी होगी जो आपको सीधे इंद्रप्रस्‍थ मेट्रो स्‍टेशन पर उतारेगी। यहां से पैदल या ई-रिक्‍शे के जरिए आयोजन स्‍थल तक पहुंच सकती हैं।

यह भी पढ़ें- 4 दिन में ऐसे घूम आएं मध्य प्रदेश के ये खूबसूरत शहर, मंद‍िर, क‍िले से लेकर लजीज स्ट्रीट फूड का म‍िलेगा मजा

इस पूरे आयोजन का मूल विचार यह है कि कला केवल देखने की चीज नहीं, बल्कि खुद को और अपने आसपास की दुनिया को समझने का एक माध्यम है। शायद इसीलिए इसकी थीम 'तत् त्वं असि' हमें याद दिलाती है कि जिस दुनिया को हम बाहर देखते हैं, उसका एक हिस्सा हम खुद भी हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: www.architectandinteriorsindia.com

 

FAQ
द इंडिया बिएनाले 2026 कब से कब तक आयोजित होगा?
यह महोत्सव 4 दिसंबर 2026 से शुरू होकर 21 मार्च 2027 तक कुल 108 दिनों तक चलेगा।
आयोजन का मुख्य केंद्र और स्थान कहां-कहां हैं?
यह दिल्ली के पुराना किला समेत 22 से अधिक ऐतिहासिक स्मारकों, संग्रहालयों, कला दीर्घाओं और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित होगा। (जिनमें लाल किला, हुमायूं का मकबरा और सफदरजंग का मकबरा जैसे स्थल भी शामिल हैं)
इस आयोजन की थीम क्या है?
इसकी केंद्रीय थीम 'तत् त्वम् असि' ("तुम वही हो") है, जो व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच के संबंधों को फिर से जोड़ने पर केंद्रित है। इसके चार प्रमुख आयाम हैं- आत्मचिंतन (Reflection), नई ऊर्जा (Rejuvenation), नवीनता (Renewal) और लचीलापन (Resilience)।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।

दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतें बनेंगी कला का आईना, 4 दिसंबर से शुरू होगा भव्य बिनाले, क्या होगा खास?