4 दिन में ऐसे घूम आएं मध्य प्रदेश के ये खूबसूरत शहर, मंदिर, किले से लेकर लजीज स्ट्रीट फूड का मिलेगा मजा

सर्दियां शुरू होते ही लोग ऐसी जगह घूमने की प्लानिंग करते हैं, जहां मौसम सुहावना हो। नजारे देखने लायक हाें। अगर आप भी सर्दियों में कहीं ऐसी ही जगह घूमने का प्लान बना रही हैं, तो मध्य प्रदेश से बढ़िया कुछ है ही नहीं। यहां आपको एक ही ट्रिप में पुराने किले, खूबसूरत महल, मंदिर, नदी के घाट और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड सब कुछ मिल जाएगा। खास बात यह है कि इन जगहों को घूमने के लिए आपको बहुत लंबी छुट्टी लेने की भी जरूरत नहीं है।
एक ट्रिप में मध्य प्रदेश में घूमें ये 4 शहर
आप सिर्फ 4 दिन निकालकर उज्जैन, माहेश्वर, मांडू और इंदौर की सैर कर सकती हैं। इस ट्रिप में कहीं आपको महाकाल के दर्शन करने का मौका मिलेगा, तो कहीं नर्मदा किनारे सुकून के पल बिताने का। वहीं, मांडू के पुराने महल और इंदौर के चटपटे खाने का मजा भी ले पाएंगी। ऐसे में आइए जानते हैं चार दिनों का पूरा ट्रैवल प्लान।
-1794808070772.webp)
image credit- incredible india
पहला दिन: उज्जैन में करें महाकाल के दर्शन और घूमें पुराने मंदिर
आप अपने ट्रिप की शुरुआत उज्जैन से करें। यह शहर शिप्रा नदी के किनारे बसा हुआ है और यहां घूमने के लिए कई पुराने मंदिर हैं। सबसे पहले 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करें। इसके बाद कालभैरव मंदिर जाएं। यहां भगवान कालभैरव को शराब चढ़ाने की परंपरा है। इसके बाद बड़ा गणपति मंदिर भी जा सकती हैं। उज्जैन में सिर्फ मंदिर ही नहीं, घूमने के लिए और भी कई जगहें हैं। जैसे-
- महाकाल लोक: यहां भगवान शिव से जुड़ी सुंदर मूर्तियां और बड़ा कॉरिडोर देखने को मिलेगा।
- वेधशाला: इसे जंतर-मंतर भी कहा जाता है। यहां पुराने समय में खगोलीय गणनाओं के लिए बनाए गए यंत्रों को देखने का मौका मिलेगा।
- रामघाट: शिप्रा नदी के किनारे बने इस घाट पर कुछ समय बैठकर सुकून के पल बिता सकती हैं।
image credit- instagram/mpholidayspvtltd
दूसरा दिन: माहेश्वर में देखें अहिल्याबाई का किला और नर्मदा के घाट
आप दूसरे दिन उज्जैन से माहेश्वर के लिए निकल जाएं। दोनों शहरों के बीच सड़क से करीब 150 किलोमीटर का सफर करना पड़ेगा। इसके लिए आप बस या कैब, अपनी सहूलियत के हिसाब से देख सकती हैं। आपको बता दें कि माहेश्वर अपनी पुरानी इमारतों, नर्मदा नदी और खूबसूरत घाटों के लिए जाना जाता है। यहां पहुंचकर सबसे पहले अहिल्याबाई किले और महल को एक्सप्लोर करें। इस जगह का रिश्ता रानी अहिल्याबाई होल्कर से है। माहेश्वर में कुछ और जगहें हैं, जिन्हें देखना न भूलें-
- अहिल्याबाई किला: यहां की पुरानी इमारतें और महल देखने लायक हैं। किले से नर्मदा नदी का नजारा भी काफी सुंदर दिखाई देता है।
- नर्मदा के घाट: शाम के समय यहां कुछ देर बैठें जरूर। चाहें तो नाव की सवारी भी कर सकती हैं।
- एकमुखी दत्तात्रेय मंदिर: यहां इस मंदिर में आप कुछ समय बैठकर सुकून के पल बिता सकती हैं।
माहेश्वर की एक और खास पहचान यहां की माहेश्वरी साड़ियां हैं। अगर आपको हैंडलूम कपड़े पसंद हैं, तो यहां की साड़ियों को भी देख सकती हैं।
-1794808337446.webp)
image credit- istock
तीसरा दिन: मांडू के महल और किले देखकर जानें पुरानी प्रेम कहानी
आपको बता दें कि माहेश्वर से करीब 65 किलोमीटर का सफर तय करके आप मांडू पहुंच सकती हैं। यह जगह अपने पुराने महलों, किलों और बाज बहादुर-रानी रूपमती की प्रेम कहानी के लिए जानी जाती है। यहां की इमारतों में अफगान शैली की झलक भी देखने को मिलेगी। एक बार जब आप मांडू पहुंच जाएं तो इन जगहों को जरूर एक्सप्लोर करें-
- जहाज महल: दो तालाबों के बीच बना यह महल दूर से पानी में तैरते जहाज जैसा दिखाई देता है। यहां के आसपास का नजारा बहुत खूबसूरत है। आप यहां ढेर सारी तस्वीरें क्लिक करवा सकती हैं।
- हिंडोला महल: इस महल की दीवारें तिरछी बनी हुई हैं। इसी वजह से इसकी बनावट झूले जैसी दिखाई देती है।
- बाज बहादुर का महल: यह महल बाज बहादुर और रानी रूपमती की कहानी से जुड़ा है।
- रानी रूपमती पवेलियन: ऊंचाई पर बने इस पवेलियन से आपको आसपास की वादियों का सुंदर नजारा दिखाई देगा।
image credit- ai
चौथा दिन: इंदौर में घूमें पुराने महल और उठाएं स्ट्रीट फूड का मजा
ट्रिप के आखिरी दिन यानी चौथे दिन आप इंदौर का रुख कर लें। दोनों जगहों के बीच करीब 100 किलोमीटर की दूरी है। इंदौर मध्य प्रदेश का एक बड़ा शहर है और यहां रेलवे स्टेशन के साथ एयरपोर्ट की भी अच्छी सुविधा है। ऐसे में आप इंदौर पहुंचकर सबसे पहले यहां की पुरानी इमारतें देखें। इसके बाद शहर के मशहूर स्ट्रीट फूड का मजा लेना तो बिल्कुल भी न भूलें। इंदौर में घूमने और खाने के लिए ये चीजें अपनी लिस्ट में रख लें-
- राजवाड़ा महल: होल्कर राजाओं के समय से जुड़ा यह महल इंदौर की खास पहचान है।
- जामी मस्जिद: शहर की पुरानी इमारतों में शामिल इस मस्जिद को भी अपनी ट्रैवल लिस्ट में रख सकती हैं।
- सराफा बाजार: दिन में गहनों के बाजार के रूप में पहचाने जाने वाली यह जगह रात में खाने-पीने के शौकीनों की पसंदीदा जगह बन जाती है।
- छप्पन दुकान: यहां आपको कई तरह के स्ट्रीट फूड मिल जाएंगे।
इंदौर जाएं और यहां का पोहा-जलेबी न खाएं, ऐसा कैसे हो सकता है। इसके अलावा भुट्टे का कीस, गराडू, खोपरा पैटीज और दही बड़े भी जरूर चखें। यहां का स्वाद आपको लंबे समय तक याद रहेगा।
ट्रिप पर निकलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
चारों शहरों को चार दिन में घूमना थोड़ा भागदौड़ वाला हो सकता है। इसलिए पहले से होटल और आने-जाने का इंतजाम कर लें। साथ ही कुछ बातों का ध्यान भी रखना होगा। जैसे-
- कोशिश करें कि सुबह जल्दी अपनी यात्रा शुरू करें, ताकि घूमने के लिए ज्यादा समय मिल सके।
- उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए पहले से दर्शन और आरती की जानकारी ले लें।
- माहेश्वर और मांडू में रात रुकने का इंतजाम पहले ही कर लें।
- इंदौर में सराफा बाजार घूमने के लिए रात का समय रखें।
- अगर ट्रेन से ट्रैवल कर रही हैं, तो इंदौर या उज्जैन तक की टिकट लें।
आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Cover Image Credit- AI
- मध्य प्रदेश घूमने का सबसे अच्छा समय कौन सा है?
- सर्दियों का मौसम यानी अक्टूबर से मार्च के बीच का समय सबसे बेस्ट रहता है। इस दौरान मौसम काफी सुहावना रहता है, जिससे दिन में किले, मंदिर और घाट घूमने में थकान नहीं होती।
- मध्य प्रदेश ट्रिप की शुरुआत किस शहर से करना सबसे आसान रहेगा?
- आप अपनी ट्रिप की शुरुआत उज्जैन या इंदौर से कर सकती हैं, क्योंकि इन दोनों शहरों के लिए देश के बड़े शहरों से सीधी ट्रेन और फ्लाइट (इंदौर एयरपोर्ट) की अच्छी सुविधा मिल जाती है।
- उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?
- अगर आप भस्म आरती में शामिल होना चाहती हैं या भीड़ से बचना चाहती हैं, तो घर से निकलने से पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर दर्शन और आरती के समय की जानकारी ले लें और ऑनलाइन बुकिंग कर लें।
- इंदौर जाएं तो वहां के कौन-कौन से फेमस स्ट्रीट फूड जरूर ट्राई करने चाहिए?
- इंदौर फूड लवर्स के लिए जन्नत है। वहां आप सुबह के नाश्ते में पोहा-जलेबी और रात में सराफा बाजार या छप्पन दुकान जाकर भुट्टे का कीस, गराडू, खोपरा पैटीज और दही बड़े का स्वाद जरूर लें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।