बिना प्याज-लहसुन के घर पर बनाएं ये 7 देसी विंटर सूप, सर्दियों में शरीर को रखेंगे गर्म और सेहतमंद
-1794647085702.webp)
सर्दियों में सुबह हो या शाम, कुछ गर्मागर्म पीने का मन जरूर करता है। ऐसे में ज्यादातर लोग चाय और कॉफी पीते हैं, लेकिन इसके अलावा सूप भी अच्छा ऑप्शन है। खास बात यह है कि सूप बनाने के लिए आपको हर बार बाजार से महंगी चीजें लाने की जरूरत भी नहीं है। घर की रसोई में मिलने वाली सब्जियों और दालों से भी कई तरह के स्वादिष्ट सूप बनाए जा सकते हैं।
7 तरह के देसी सूप
अगर आप प्याज और लहसुन नहीं खाती हैं या इनके बिना खाना पसंद करती हैं, तो हम आपके लिए 5 तरह के देसी सूप लेकर आए हैं। हर दिन एक नया सूप बनाकर आप सर्दियों में अपने खाने में थोड़ा चेंज भी कर सकती हैं। खास बात तो यह है कि ये सर्दियों में शरीर को गर्माहट भी देंगे। आप हफ्ते के सातों दिन अलग-अलग सूप ट्राई कर सकती हैं। आइए जानते हैं-
1. सहजन और गाजर का सूप (सोमवार)
इसे बनाने के लिए एक पैन में 1 चम्मच ऑलिव ऑयल गर्म करें और आधा इंच कटा हुआ अदरक डालकर 20 से 30 सेकेंड के लिए भूनें। अब इसमें आधा कप कटी हुई गाजर डालकर दो मिनट चलाएं, फिर आधा कप कटा सहजन और 3 कप पानी डालकर सब्जियों के नरम होने तक पका लें। लास्ट में आप स्वादानुसार नमक और एक चौथाई चम्मच काली मिर्च पाउडर डाल सकती हैं। इसे दो मिनट उबालें और गरमागरम सर्व करें।
-1794647213372.webp)
Image Credit- Magnific
2. भुने टमाटर और स्प्राउट्स का सूप (मंगलवार)
भुने टमाटर और स्प्राउट्स का सूप भी सर्दियों के लिए बेहतर है। इसे बनाने के लिए 3 मीडियम टमाटर और 1 छोटी कटी गाजर को थोड़ा भून लें, फिर इसमें कुछ तुलसी के पत्ते डालकर ठंडा होने दें और इसेके बाद इसे पीसकर स्मूथ पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को पैन में तीन से चार मिनट के लिए पकाएं, फिर इसमें आधा कप उबले हुए मिक्स स्प्राउट्स, एक चौथाई चम्मच चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर, सोंठ पाउडर, नमक और चुटकी भर मीठा डालकर दो मिनट पकाएं और सर्व करें।
3. लौकी और मूंग दाल का सूप (बुधवार)
आप बुधवार को लौकी और मूंग दाल का सूप बनाकर सर्व कर सकती हैं। इसके लिए 1 कप कटी लौकी और एक चौथाई कप धुली पीली मूंग दाल को 3 कप पानी के साथ नरम होने तक उबालकर पीस लें। अब पैन में 1 चम्मच मक्खन गर्म करके एक चौथाई चम्मच राई, राई का पाउडर और आधा इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक भूनें। अब इसमें पिसा हुआ मिश्रण, जरूरत अनुसार पानी और नमक डालकर दो से तीन मिनट तक उबाल लें, फिर गैस बंद करके आधे नींबू का रस मिलाएं और गरमागरम पिएं।
यह भी पढ़ें- कद्दू से बनाएं ये 3 स्वादिष्ट डिशेज, नोट करें पूरी लिस्ट
4. नारियल और सब्जियों का सूप (गुरुवार)
गुरुवार को नारियल और वेजिटेबल सूप भी बना लें। इसके लिए पैन में 1 चम्मच ऑलिव ऑयल गर्म करें और आधा इंच कटा हुआ अदरक भून लें। इतना करने के बाद अब इसमें एक चौथाई कप कटी हुई गाजर, फ्रेंच बीन्स और ब्रोकली डालकर कुछ मिनट तक भूनें, फिर आधा कप स्वीट कॉर्न और कटी शिमला मिर्च डालकर और चलाएं। इसके बाद तीन-चौथाई कप नारियल का दूध, नमक और काली मिर्च डालकर पका लें। आखिर में चुटकी भर नींबू का छिलका सानी कि जेस्ट और कुछ बसिल लीव्स डालकर सर्व करें।
-1794647253240.webp)
Image Credit- Magnific
5. स्वीट कॉर्न और पनीर सूप (शुक्रवार)
स्वीट कॉर्न और पनीर का सूप बहुत पसंद किया जाता है। इसे बनाना भी आसान है। इसके लिए उबले हुए स्वीट कॉर्न में से एक चौथाई कप कॉर्न को थोड़े पानी के साथ पीस लें। अब पैन में 1 चम्मच बटर या ऑलिव ऑयल गर्म करके थोड़ा सा कटा हुआ अदरक भूनें, फिर एक चौथाई कप कटी हुई गाजर, शिमला मिर्च और पत्तागोभी डालकर चलाएं। अब कॉर्न का पेस्ट, 3 कप पानी और बाकी बचा आधा कप उबला स्वीट कॉर्न डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। फिर नमक, काली मिर्च और आधा कप छोटे कटे पनीर के टुकड़े डालकर गरमागरम सर्व करें।
6. रागी और दही का सूप (शनिवार)
रागी और दही का सूप भी बहुत हेल्दी होता है। इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है। इसके लिए 2 बड़े चम्मच रागी को धोकर डेढ़ कप पानी में करीब 10 मिनट तक गाढ़ा होने तक उबाल लें। जब यह ठंडा हो जाए, तो आधा कप फेंटा हुआ ताजा दही मिलाकर पीस लें। अब एक पैन में एक चम्मच घी गर्म करके हींग डालें और एक चौथाई कप कटी बीन्स, फूलगोभी, गाजर और मटर को कुछ मिनट तक भून लें। अब इसमें रागी-दही का मिश्रण, बाकी बचा पानी, नमक और काली मिर्च डालकर लो फ्लेम पर पकाएं। ध्यान रहे कि आंच तेज न हो। अब सर्व करें।
7. कद्दू का क्रीमी सूप (रविवार)
रविवार को सभी की छुट्टी रहती है। इस दिन आप घरवालों के लिए कद्दू का क्रीमी सूप बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए पैन में 1 चम्मच मक्खन या तेल गर्म करके जीरा चटकाएं, फिर कद्दूकस किया अदरक डालकर भून लें। अब इसमें डेढ़ कप कटा हुआ कद्दू, एक चौथाई कप गाजर, नमक और ढाई से 3 कप पानी डालकर ढक दें और सब्जियाें को गलने तक पका लें। ठंडा होने पर इसे पीसकर क्रीमी सूप बना लें, फिर पैन में डालकर काली मिर्च और एक चौथाई चम्मच ऑरेगैनो मिलाकर दो मिनट पकाएं और कद्दू के बीजों से गार्निश करके गरमागरम सर्व करें।
-1794647290909.webp)
Image Credit- Magnific
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह भी पढ़ें- मार्केट जैसा गाढ़ा और टेस्टी वेजिटेबल सूप नहीं बनता है? जानें रेसिपी और टिप्स
Image Credit- Magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।