India's UNESCO Heritage: एक्टिव ज्वालामुखी से लेकर प्राचीन अवशेषों तक, भारत की ये 3 जगह जल्द बन सकती हैं यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट
-1793013401598.webp)
भारत में ऐसी कई जगहें हैं, जो अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, प्राचीन इतिहास और अनोखी बनावट के कारण दुनिया भर का ध्यान खींचती हैं। कहीं धरती के भीतर से लावा निकलता है, तो कहीं चट्टानों के बीच लाखों साल पुरानी गुफाएं मौजूद हैं। वहीं, कुछ जगहें अपने प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक अवशेषों के जरिए बीते दौर की कहानी सुनाती हैं। अब भारत की तीन ऐसी ही जगहों को यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किया जाएगा। इससे इन जगहों को भविष्य में विश्व धरोहर का दर्जा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
भारत की ये जगह जल्द बनेंगी यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट
अगर आपको इतिहास, नेचर और अनोखी जगहों को एक्सप्लोर करना पसंद है, तो भारत के इन जगहों के बारे में जरूर जानना चाहिए। अंडमान-निकोबार के ज्वालामुखी और एक्टिव ज्वालामुखी द्वीपों से लेकर छत्तीसगढ़ के प्राचीन मंदिरों तक, इन जगहों की अपनी अलग पहचान है। खास बात यह है कि अब इन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाया गया है। आइए जानते हैं कि ये तीनों जगहें कहां स्थित हैं, क्यों खास हैं और यहां पहुंचने का रास्ता क्या है?
Photo Credit: Shutterstock
1. बारातांग मड ज्वालामुखी और चूना पत्थर की गुफाएं
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में स्थित बारातांग अपनी अनोखे जियोलॉजिकल स्ट्रक्चर के लिए जाना जाता है। यहां चूना पत्थर से बनी गुफाएं और मड ज्वालामुखी देखने को मिलते हैं। ज्यादातर ज्वालामुखियों से लावा निकलता है, जबकि मड वोल्केनो से जमीन के भीतर मौजूद कीचड़, पानी और गैसें बाहर आती हैं। यहां की गुफाएं लंबे समय तक पानी के चूना पत्थर को घोलने से बनी हैं। इनकी बनावट वैज्ञानिकों के लिए भी बहुत ही ज्यादा महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनके अध्ययन से धरती की बनावट और पुराने जलवायु बदलावों को समझने में मदद मिलती है।
कैसे पहुंचें: अगर आप भी यहां जाना चाहते हैं तो पोर्ट ब्लेयर से सड़क मार्ग के जरिए बारातांग पहुंचा जा सकता है। यात्रा में जंगलों और संरक्षित क्षेत्रों से गुजरना पड़ता है। इसलिए, यहां पहुंचने के लिए स्थानीय प्रशासन के नियमों और निर्धारित परिवहन व्यवस्था का पालन करना जरूरी है।
2. अंडमान सबडक्शन ज्वालामुखी
इस प्राकृतिक धरोहर में बैरन आइलैंड और नारकोंडम आइलैंड शामिल हैं। बैरन आइलैंड भारत का एकमात्र एक्टिव ज्वालामुखी है। दूसरी ओर, नारकोंडम एक हरा-भरा ज्वालामुखीय द्वीप है। यह नारकोंडम हॉर्नबिल नामक दुर्लभ पक्षी का प्राकृतिक आवास भी है, जो दुनिया में केवल इसी द्वीप पर पाया जाता है। वैज्ञानिकों के लिए ये द्वीप ज्वालामुखी गतिविधियों और अलग-थलग इकोसिस्टम को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
यह भी पढ़ें- अक्टूबर नवंबर में कश्मीर घूमने का बजट प्लान, जानिए ट्रेन और फ्लाइट में से कौन सा ऑप्शन रहेगा बेस्ट?
कैसे पहुंचें: पोर्ट ब्लेयर अंडमान के लिए प्रमुख प्रवेश केंद्र है। हालांकि, बैरन और नारकोंडम द्वीपों तक आम पर्यटकों की पहुंच सीमित है। खासकर नारकोंडम जाने से पहले संबंधित अधिकारियों से अनुमति और मौजूदा नियमों की जानकारी लेना जरूरी है।
Photo Credit: Shutterstock
3. छत्तीसगढ़ का सिरपुर सांस्कृतिक और पुरातात्विक क्षेत्र
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में महानदी के किनारे स्थित सिरपुर प्राचीन इतिहास और स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध है। पांचवीं से बारहवीं शताब्दी के बीच यह एक महत्वपूर्ण बस्ती थी। यहां हिंदू मंदिरों, बौद्ध विहारों और जैन धर्म से जुड़े अवशेषों के प्रमाण मिलते हैं। यहां का लक्ष्मण मंदिर अपनी ईंटों से बनी संरचना और खूबसूरत नक्काशीदार प्रवेश द्वार के लिए खास है। पुरातात्विक अवशेष बताते हैं कि सिरपुर केवल धार्मिक गतिविधियों का केंद्र नहीं था, बल्कि यहां व्यापार, शिल्प और व्यवस्थित बस्ती का भी विकास हुआ था।
कैसे पहुंचें: सबसे नजदीकी एयरपोर्ट रायपुर है। रायपुर से बस या टैक्सी से आप 2 घंटे में सिरपुर पहुंच सकते हैं।
यह भी पढ़ें- इस सर्दी जरूर घूमें भारत की ये 5 खूबसूरत जगहें, साइबेरियन और माइग्रेटरी बर्ड्स का दिखेगा अद्भुत नजारा
टेंटेटिव लिस्ट में आना वर्ल्ड हेरिटेज बनने का पहला और सबसे जरूरी कदम होता है। इन तीनों जगहों को लिस्ट में आने से न सिर्फ इन्हें बचाने में मदद मिलेगी बल्कि यहां सस्टेनेबल टूरिज्म भी बढ़ेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट और फाइनल वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में क्या फर्क है?
- टेंटेटिव लिस्ट एक तरह की वेटिंग लिस्ट है। किसी भी जगह को वर्ल्ड हेरिटेज बनने से पहले अपनी कंट्री की टेंटेटिव लिस्ट में कम से कम 1 साल रहना जरूरी होता है। इसके बाद ही यूनेस्को उसकी फाइल की जांच करके फाइनल लिस्ट में शामिल करने पर फैसला लेता है।
- क्या बैरन आइलैंड पर जाकर एक्टिव ज्वालामुखी को पास से देख सकते हैं?
- नहीं, बैरन आइलैंड पर आम टूरिस्ट का जाना पूरी तरह से मना है। यह एक प्रतिबंधित और खतरनाक ज्वालामुखी क्षेत्र है। आप पोर्ट ब्लेयर से प्राइवेट बोट या चार्टर से समुद्र से ही इसे दूर से देख सकते हैं, वो भी कोस्ट गार्ड की परमिशन के बाद।
- सिरपुर जाने का बेस्ट टाइम कौन सा है?
- सिरपुर घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च के बीच का समय सबसे बेस्ट है। इस दौरान मौसम ठंडा और सुहावना रहता है, जिससे आप दिनभर में लक्ष्मण मंदिर और बौद्ध विहारों को आराम से एक्सप्लोर कर सकते हैं। गर्मी में यहां काफी तेज धूप होती है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।