एक्ट्रेस भाग्यश्री से जानें सर्दियों में त्वचा के लिए कैसे फायदेमंद है ग्लिसरीन

सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ ही लोगों को अपनी त्वचा की सेहत की चिंता सताने लग जाती है। इस मौसम में त्वचा की एक्सट्रा केयर करना जरूरी भी है क्योंकि इस मौसम में चलने वाली ठंडी हवाएं त्वचा को ड्राई कर देती हैं, जिससे त्वचा की चमक और कोमलता दोनों ही गायब हो जाती है।
वैसे तो बाजार में बहुत सारे ऐसे ब्यूटी प्रोडक्ट्स आते हैं, जो त्वचा को अच्छी तरह से मॉइश्चराइज करने का दावा करते हैं, मगर आप यदि किसी अच्छे और नेचुरल मॉइश्चराइजर की तलाश में हैं तो आपको ग्लिसरीन का चुनाव करना चाहिए। आपको बाजार में यह आसानी से मिल जाएगी।
बॉलीवुड एक्ट्रेस भाग्यश्री ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ग्लिसरीन के गुणों के बारे में बताया है। वह कहती हैं, 'महिला हो या पुरुष ग्लिसरीन दोनों के लिए ही उपयोगी होती है। बेस्ट बात तो यह है कि यह त्वचा को केवल मॉइश्चराइज ही नहीं करती है बल्कि इसमें और भी बहुत सारे गुण होते हैं, जो त्वचा के लिए फायदेमंद होते हैं।'
इसे जरूर पढ़ें: स्किन ड्राई और पैची हो गई है तो ग्लिसरीन का ऐसे करें इस्तेमाल
इतना ही नहीं, भाग्यश्री ने ग्लिसरीन को लगाने का एक आसान तरीका भी बताया है। वह कहती हैं, '2 बूंद ग्लिसरीन लें और हाथों को सर्कुलर मोशन में घुमाते हुए गालों पर लगाएं। इससे त्वचा मॉइश्चराइज और हाइड्रेटेड रहती है।'
चलिए हम आपको त्वचा के लिए ग्लिसरीन के और भी लाभों के बारे में बताते हैं-

ग्लिसरीन के फायदे
बालों और त्वचा दोनों के लिए ही ग्लिसरीन के कई फायदे हैं। मगर केवल त्वचा की बात की जाए तो यह किसी वरदान से कम नहीं है। खासतौर पर सर्दियों के मौसम में ग्लिसरीन का त्वचा पर प्रयोग करना बेहद लाभदायक रहता है। चलिए हम आपको इसके कुछ फायदे बताते हैं-
- सर्दी के मौसम में ठंडी हवा के झोकों के कारण त्वचा कठोर हो जाती है। ऐसे में उसे मुलायम बनाने के लिए ग्लिसरीन का इस्तेमाल करना चाहिए। ग्लिसरीन एक एमोलिएंट है, जो त्वचा को मॉइश्चराइज करने के साथ-साथ उसे कोमल बनाए रखने में मददगार है।
- अगर आपकी उम्र 30 प्लस है तो जाहिर है उम्र के बढ़ने के साथ-साथ आपकी त्वचा पर भी इसका प्रभाव झुर्रियों और झाइयों के रूप में नजर आ रहा होगा। आप ऐसा होने से रोक सकती है। इसके लिए नियमित रूप से आपको ग्लिसरीन का इस्तेमाल करना चाहिए। एंटी-एजिंग गुणों से भरपूर ग्लिसरीन के प्रयोग से त्वचा में इलास्टिसिटी भी बनी रहती है।
- ग्लिसरीन त्वचा को हाइड्रेटेड भी रखती है। इतना ही नहीं, त्वचा पर जमी डेड स्किन सेल्स की परत भी ग्लिसरीन के इस्तेमाल से हट जाती है। इससे त्वचा के पोर्स भी खुल जाते हैं और उसमें फसी गंदगी आसानी से बाहर आ जाती है।
इसे जरूर पढ़ें: ग्लिसरीन वाले प्रोडक्ट्स के इन फायदों के बारे में जानकर आप हो जाएंगी हैरान
- कई लोगों को सर्दियों के मौसम में टैनिंग और मुंहासों की समस्या हो जाती है। ग्लिसरीन के प्रयोग से इन दोनों ही समस्याओं को दूर किया जा सकता है। आपको बता दें कि ग्लिसरीन एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होती है और इस कारण इसे मुंहासों पर दवा के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- यदि आपको ब्लैकहेड्स की परेशानी है तो आपको मुल्तानी मिट्टी के साथ ग्लिसरीन मिक्स करके लगाना चाहिए। ऐसा यदि आप नियमित रूप से करती हैं तो आपकी ब्लैकहेड्स की समस्या दूर हो जाएगी।
- सर्दियों के मौसम में स्किन ड्राई होने की वजह से बहुत से लोगों को खुजली की शिकायत हो जाती है। ऐसे में ग्लिसरीन इस समस्या का रामबाण उपाय है। दरअसल, ग्लिसरीन में एंटीप्यूरोटिक गुण होते हैं, जो खुजली की समस्या में राहत पहुंचाते हैं।
इस तरह करें ग्लिसरीन का इस्तेमाल
- आप फेस टोनर के साथ ग्लिसरीन की दो बूंदें मिला कर चेहरे पर लगा सकती हैं।
- गुलाब जल के साथ भी ग्लिसरीन को मिक्स करके लगाया जा सकता है।
- स्किन ज्यादा ड्राई है तो आप अपनी फेस क्रीम या मॉइश्चराइजर में भी ग्लिसरीन मिला कर यूज कर सकती हैं।
- इतना ही नहीं, आप जिस फेस वॉश से चेहरा साफ करती हैं, उसमें भी 2 बूंद ग्लिसरीन की मिला लें।
वैसे तो ग्लिसरीन के कोई भी साइड इफेक्ट नहीं हैं, मगर आपकी स्किन यदि सेंसिटिव है तो आपको त्वचा विशेषज्ञ से परामर्श करने के बाद ही इसका इस्तेमाल करना चाहिए।
यह आर्टिकल आपको पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी ब्यूटी से जुड़े आर्टिकल पढ़ने के लिए हरजिंदगी से जुड़ी रहें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।