Summer Skin Care: त्वचा को ठंडक पहुंचाने के लिए घर पर बनाएं 'Watermelon Gel '

गर्मियों के मौसम में तेज धूप, पसीने और गरम हवाओं के कारण त्वचा झुलस जाती है और बेजान नजर आने लगती हैं। ऐसे में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के साथ-साथ त्वचा की एक्सट्रा केयर करने की भी जरूरत होती है। इस मौसम में त्वचा को तरोताजा बनाए रखने के लिए आप सीजनल फलों का सहारा ले सकती हैं।
इन फलों को खाने के साथ ही आप चेहरे पर भी लगा सकती हैं। वैसे तो इस मौसम में मैंगो, स्ट्रॉबेरी, तरबूज, खरबूज, खीरा आदि कई ऐसे फल आते हैं, जिन्हें त्वचा पर फेस पैक की तरह आप यूज कर सकती हैं। मगर इनमें से तरबूज एक ऐसा फल है, जिसे आप खाने के साथ-साथ चेहरे पर फेशियल जैल की तरह भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
बाजार में आपको कई अच्छे ब्रांड्स में तरबूज का जैल मिल जाएगा। मगर हम आपको बिना पैसे खर्च किए घर पर ही तरबूज का जैल बनाने की आसान विधि बताएंगे। आप इसे बना कर स्टोर भी कर सकती हैं। तो चलिए इसकी आसान विधि जान लीजिए।
सामग्री
- 3 बड़े चम्मच तरबूज का जूस
- 1 बड़ा चम्मच खीरे का जूस
- 3 बड़े चम्मच एलोवेरा जैल
- 1 विटामिन-ई कैप्सूल
इसे जरूर पढ़ें: एलोवेरा जैल से इस तरह बालों को करें स्ट्रेट
विधि
- सबसे पहले तरबूज के बीज को अलग करके आप उसका जूस निकाल लें।
- तरबूज का जूस निकालने के लिए आप मिक्सर ग्राइंडर का भी इस्तेमाल कर सकती हैं और इसे हाथों से भी निकाल सकती हैं।
- तरबूज के जूस को छान लें और एक कटोरी में रख लें।
- अब इस कटोरी में एलोवरे जैल डालें और अच्छे से मिक्स करें।
- इसके बाद आप विटामिन-ई ऑयल का कैप्सूल काट कर इस मिश्रण में डाल दें।
- अब आखिर में खीरे का रस डालें और अच्छे से मिक्स करें।
- आप पाएंगी कि जैल का कलर रेड हो गया है।
- इस जैल को आप 5 दिनों तक फ्रिज के अंदर स्टोर करके रख सकी हैं।
- रात में सोने से पहले आप इस फेशियल जैल से चेहरे की 5 मिनट मसाज करें।
- इस जैल को ओवरनाइट पैक की तरह भी आप इस्तेमाल कर सकती है।
तरबूज के जैल के फायदे
- गर्मियों के मौसम में गरम हवाओं से त्वचा झुलस जाती है। ऐसे में अगर आप त्वचा को तरोताजा (इस तरह पाएं सॉफ्ट और ग्लोइंग त्वचा) रखना चाहती हैं तो आपको तरबूज का जैल जरूर लगाना चाहिए।
- तरबूज के जैल में बहुत से न्यूट्रिएंट्स होते हैं। यह त्वचा को सूदिंग और कूलिंग दोनों तरह के इफेक्ट देते हैं। चेहरे पर तरबूज के जैल को लगाने से त्वचा हाइड्रेटेड भी रहती है।
- अगर गर्मियों के मौसम में आपकी त्वचा से बहुत अधिक ऑयल निकलता है तो आपको तरबूज का जैल जरूर लगाना चाहिए। यह त्वचा के एक्सट्रा ऑयल को रिमूव करने के साथ ही स्किन पोर्स का साइज कम करता है और त्वचा पर चढ़ी डेड स्किन की परत को भी हटाता है।
- इसमें लाइकोपीन नाम का एंटीऑक्सीडेंट भी होता है। अगर आपकी त्वचा पर मुंहासे की समस्या है या फिर इस मौसम में पसीने के कारण त्वचा पर रैशेज आ जाते हैं तो तरबूज का जैल लगाने से यह बहुत जल्दी हील भी हो जाते हैं।
- अगर आपकी त्वचा पर टैनिंग की समस्या हो रही है तो तरबूज का जैल लगाने से आपको काफी आराम मिलेगा। आपको बता दें कि तरबूज में विटामिन-सी की भरपूर मात्रा होती है। इसे लगाने से त्वचा का रंग भी निखरता है।
- बेस्ट बात तो यह है कि त्वचा पर तरबूज का जैल ऑयली और ड्राई दोनों तरह की स्किन वाले लगा सकते हैं। घर पर बने इस जैल में बहुत ही अच्छी महक आती है और इसे लगाने से चेहरे पर ग्लो भी आ जाता है।
इसे जरूर पढ़ें: बालों को घना बनाने के लिए घर पर बनाएं 'केले का जैल'
अगर आपकी त्वचा सेंसिटिव है तो आपको तरबूज का जैल लगाने से पहले एक बार त्वचा विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करना चाहिए। ऑयली और ड्राई स्किन पर इस जैल का इस्तेमाल स्किन पैच टेस्ट करने के बाद ही करें।
अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें और साथ ही इसी तरह और भी आसान ब्यूटी हैक्स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।