घर पर बनाएं 'Rose Gel' और पाएं खूबसूरत बाल और त्वचा

तेज धूप, पसीना और धूल-मिट्टी से गर्मियों के मौसम में त्वचा और बालों दोनों को ही हानि पहुंचती है। इस मौसम में त्वचा की उचित देखभाल न की जाए तो वह रूखी-सूखी और बेजान हो जाती है। वहीं इस मौसम में तेज धूप और धूल-मिट्टी के कारण बालों का भी बुरा हाल हो जाता है। इसलिए समर सीजन में त्वचा और बालों को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूर होता है।
इसके लिए आपको ढेर सारा तरल पदार्थ ग्रहण करने के साथ-साथ त्वचा और बालों को वॉटर बेस्ड ट्रीटमेंट देना चाहिए। बाजार में आपको बहुत सारे ऐसे प्रोडक्ट्स मिल जाएंगे, जो खास समर सीजन को ध्यान में रख कर त्वचा और बालों के लिए तैयार किए गए हैं। मगर आप घर पर फ्री में त्वचा और बालों की देखभाल कर सकती हैं। इसके लिए आप घर पर गुलाब के फूल का जैल बना सकती हैं।
गुलाब का जैल बनाना बेहद आसान है। आज हम आपको बताएंगे कि घर आप इसे कैसे तैयार कर सकती हैं।
घर पर रोज जैल बनाने की विधि
सामग्री
- 1 कप रोज पेटल्स
- 1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जैल
- 1/2 बड़ा चम्मच बादाम का तेल
- 1 विटामिन-ई कैप्सूल
इसे जरूर पढ़ें: घर पर आसानी से बनाएं 'खीरे का जैल', जानें फायदे
विधि
- सबसे पहले रोज पेटल्स को अलग करके साफ पानी से धो लें। कोशिश करें कि गुलाब का जैल फ्रेश गुलाब के फूल से ही तैयार करें।
- अब इन पेटल्स को मिक्सर ग्राइंडर में डालें। आप गुलाब का पेस्ट तैयार करने के लिए दूध भी मिक्स कर सकती है। मगर दूध मिलाने पर आप जैल को 2-3 दिन तक ही स्टोर कर सकती हैं। इसलिए बेस्ट होगा कि आप गुलाब को बिना दूध के पीस लें।
- अब पिसे हुए गुलाब का रस निकालें। इस रस में बादाम का तेल और विटामिन-ई ऑयल डालें। इस मिश्रण को अच्छी तरह से मिक्स करें।
- अब इसमें एलोवेरा जैल डालें और इस मिश्रण को एक एयर टाइट डिब्बी में भर कर रख लें।
- अब आप इस जैल को 10 दिन तक फ्रिज में स्टोर करके रख सकती हैं और त्वचा एवं बालों पर इसका प्रयोग कर सकती हैं।
बालों के लिए रोज जैल के फायदे
1. गुलाब के फूल का जैल स्कैल्प के हेल्थ के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। यह स्कैल्प को हाइड्रेटेड रखता है और फंगल इंफेक्शन नहीं होने देता है।
2. गुलाब जैल में एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यदि किसी वजह से स्कैल्प पर सूजन आ गई है तो इसे लगाने से उसमें राहत मिल जाती है।
3. अगर आपके डैंड्रफ है, तब भी आप गुलाब के फूल से बना जैल लगा सकती हैं। इस जैल के साथ आप नारियल का तेल भी मिक्स कर सकती हैं या फिर नींबू का रस मिक्स करके भी इसे बालों में लगाया जा सकता है।
4. अगर आप चाहती हैं कि आपके बालों की ग्रोथ अच्छी हो जाए तो आप गुलब जैल नियमित रूप से इस्तेमाल करें। इससे स्कैल्प पर ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है, जिससे बालों की ग्रोथ पर अच्छा प्रभाव पड़ता है।
5. बाल यदि बहुत अधिक रूखे हैं तो आपको उन्हें मॉइश्चराइज करने के लिए गुलाब के फूल से बने जैल का इस्तेमाल करना चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें:ग्लोइंग और स्पॉटलेस त्वचा के लिए घर पर बनाएं 'Papaya Facial Gel'
त्वचा के लिए रोज जैल के फायदे
1. गुलाब के जैल में स्किन व्हाइटनिंग गुण होते हैं। अगर आप चाहती हैं कि आपकी त्वचा में निखार और चमक आ जाए तो आपको नियमित रूप से चेहरे पर गुलाब का जैल यूज करना चाहिए।
2. गर्मियों के मौसम में कील-मुंहासों की समस्या आम है। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रही हैं तो आपको गुलाब जैल का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। इसमें एंटीबैक्टीरियल और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह मुंहासे की समस्या को कम करता है।
3. गुलाब का जैल एंटीएजिंग भी होता है। त्वचा में कसाव बनाए रखने के साथ ही यह झुर्रियों की समस्या को कम करता है। आप इसे रात में चेहरे पर लगा कर सो सकती हैं। इससे आपकी त्वचा पर बहुत अच्छा प्रभाव पड़ेगा।
4. सनबर्न की वजह से त्वचा में टैनिंग हो गई है तो आप गुलाब का जैल 2-3 बार जरूर लगाएं आपको इसके अच्छे प्रभाव देखने को मिलेंगे।
5. डार्क आई सर्कल्स के लिए भी गुलाब का जैल बहुत ही फायदेमंद है। आप रात में सोने से पहले इस जैल को आंखों के नीचे लगा कर सो सकती हैं।
यह आर्टिकल आपको पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें साथ ही इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।