शैंपू के बाद होती है स्कैल्प में खुजली? जानिए इसके कारण

स्कैल्प में हमेशा खुजली होती रहती है तो इसका समाधान किया जाना ज़रूरी है। आमतौर पर स्कैल्प में खुजली होने के पीछे का कारण डैंड्रफ को बताया जाता है, लेकिन कई बार इसके पीछे अन्य कारण भी होते हैं। गर्मियों में लगातार खुजली होने की वजह से ना सिर्फ़ बालों की जड़ें कमज़ोर हो जाती हैं बल्कि घाव होने की भी समस्या रहती है। वहीं बाल धोने के बाद भी स्कैल्प में खुजली होती है तो समस्या को पहचानना भी ज़रूरी है, ताक़ि आप सही समय पर इसका इलाज कर सकें।
आपको बता दें कि हेल्दी स्कैल्प के लिए हम कई तरह के घरेलू नुस्ख़े आज़माते हैं। हालांकि इलाज से पहले आपको अपनी समस्या के बारे में पता लगाना बहुत ज़रूरी है। आइए जानते हैं उन प्रमुख बातों को जो स्कैल्प में खुजली होने के कारण हो सकते हैं।
एलर्जिक रिएक्शन

एलर्जिक रिएक्शन के पीछे कोई भी वजह हो सकती है। जैसे हेयर डाई, ऑयल प्रोडक्ट, या फिर गलत शैम्पू का इस्तेमाल करना आदि शामिल हैं। अगर आप हेयर डाई करती हैं तो उस प्रोडक्ट की पूरी जानकारी रखें। इसके साथ ही शैम्पू भी एक कैमिकल युक्त प्रोडक्ट है। ऐसे में इस बात का ख्याल रखें कि आपके बालों को हेल्दी बनाने के साथ-साथ क्या ये स्कैल्प को हेल्दी रखने योग्य है या नहीं। वहीं बात करें किचन इंग्रेडिएंट यानी तेल और अन्य चीज़ों की तो यह भले ही नैचुरल हैं, लेकिन ऐसा ज़रूरी नहीं कि यह आपके स्कैल्प के लिए हेल्दी हो। वहीं कुछ लोग बाल धोने के लिए डिटर्जेंट और साबुन का इस्तेमाल करते हैं जो कि काफी नुकसानदायक हैं। इसलिए बालों के साथ स्कैल्प का भी खास ख्याल रखें और उन्हीं प्रोटक्स का इस्तेमाल करें जो स्लैक्प को हेल्दी रखने में मददगार हैं।
हाइजीन का रखें ख्याल

गर्मियों में पसीना सिर्फ शरीर से ही नहीं बल्कि बालों से भी निकलता है। अधिक गर्मी होने की वजह से स्कैल्प में पसीना आने लगता है, जिसकी वजह से भी खुजली होती रहती है। स्कैल्प में पसीना होने से धूल-मिट्टी जम जाती है, जिससे बाल भी गंदे हो जाते हैं। इसलिए समय-समय पर अपने बालों को धोना बहुत ज़रूरी है। इसके अलावा अपने बालों को हर वक्त टाइट बांधने के बजाय उन्हें खुला भी रखें। यही नहीं पसीना ना आए इसके लिए कुछ तरीक़े आजमाएं, जैसे अधिक तेज़ धूप में ना जाएं। ह्यूमिडिटी वाले स्थान पर अपने बालों को टाइट बांधकर ना रखें।
इसे भी पढ़ें:जानें कैसे हाईलाइटर के बिना भी चेहरे को करें हाईलाइट
स्किन डिसऑर्डर के हो सकते हैं लक्षण
कई बार स्कैल्प में खुजली होने की वजह स्किन डिसऑर्डर की समस्या भी हो सकती है। एक्जिमा, एलर्जी या अन्य तरह की समस्याओं का पता लगने पर तुरंत किसी विशेषज्ञ से संपर्क करें। कुछ दिनों के इलाज में आप ठीक हो सकती हैं। हालांकि कई बार हम इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए भी घरेलू तरीक़ों को आज़माते हैं, जैसे एलोवेरा जेल, एसेंशियल ऑयल आदि, लेकिन ठीक होने के बजाय यह बढ़ रहा है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
ड्राई स्कैल्प

ड्राई स्कैल्प ज़्यादातर लोगों की समस्या होती है, अधिक शैम्पू का उपयोग करने से ऐसा होता है। कई बार मौसम, डेड स्किन और एसी कमरे में बैठने की वजह से भी स्कैल्प में खुजली की समस्या होने लगती है। स्कैल्प में खुजली ना हो इसके लिए आपको दुपट्टा, कैप या फिर इसी तरह की अन्य चीज़ों का उपयोग करना होगा। इसके अलावा सल्फेट फ़्री शैम्पू का इस्तेमाल करें, यह आपके स्कैल्प से नैचुरल ऑयल को ख़त्म नहीं करेगा। कोशिश करें कि नारियल, और जैतून तेल जैसे नैचुरल ऑयल का ही इस्तेमाल करें। वहीं हफ़्ते में एक बार अपने स्कैल्प को एक्सफोलिएट ज़रूर करें, इसके लिए आप ब्राउन शुगर का इस्तेमाल कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें:त्वचा और बालों की नेचुरल ब्यूटी के लिए घर पर कॉफी से बनाऐं ये 5 ब्यूटी प्रोडक्ट्स
स्टाइलिंग टूल का अधिक उपयोग
स्टाइलिंग टूल की मदद से आप अपने बालों को ख़ूबसूरत बना सकती हैं, यह आपके लुक को चेंज कर देता है। हालांकि अधिक हेयर स्टाइलिंग टूल का इस्तेमाल करने से स्कैल्प में खुजली होने लगती है। स्टाइलिंग करते वक़्त किसी प्रोडक्ट का इस्तेमाल करती हैं तो ऐसा करने से बचें। यह हेयर फ्लोसिल्स को ब्लॉक करता है, जिसकी वजह से खुजली होने लगती है। अपने बालों या एक्सटेंशन को टाइट स्टाइल करने से स्कैल्प में तनाव पैदा होता है, जिसकी वजह से भी खुजली की समस्या होने लगती है। इसलिए स्टाइलिंग टूल और अलग-अलग हेयरस्टाइल को कैरी करना बंद करना होगा।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।
