घर में रखे नारियल से बनाएं शुद्ध नारियल का तेल, स्किन और बालों के लिए होगा सबसे अच्छा

आपने बाज़ार से नारियल का तेल तो कई बार खरीदा होगा, लेकिन क्या आपने घर पर कभी नारियल का तेल बनाना ट्राई किया है? बाज़ार के नारियल के तेल में बहुत तरह के केमिकल्स होते हैं। एक्स्ट्रा वर्जिन कोकोनट ऑयल भी कितना शुद्ध है इसका अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता। शुद्ध नारियल का तेल बालों और स्किन दोनों के लिए इतना अच्छा होता है कि अगर आपको किसी तरह का इन्फेक्शन या स्किन में खुश्कि (स्किन का बहुत ज्यादा ड्राई होकर ब्रेक होना और लाल रैश पड़ जाना) हो रही है तो उसे भी ये ठीक कर सकता है।
घर पर नारियल का तेल बनाने को लेकर कई लोग झंझट समझते हैं, लेकिन ऐसा शुद्ध नारियल तेल आपके बहुत काम आ सकता है। तो चलिए हम आपको आज बताते हैं कि आखिर घर पर बहुत ही शुद्ध नारियल का तेल कैसे बनाया जा सकता है। ये प्रोसेस काफी आसान होता है और इससे आपको बहुत ही शुद्ध नारियल का तेल मिलेगा।
क्या सामग्री चाहिए घर पर नारियल का तेल बनाने के लिए?
9-10 नारियल
छानने के लिए बारीक और साफ कॉटन या मस्लन का कपड़ा
यहां ध्यान रखने वाली बात ये है कि 9-10 नारियल से आपके पास कम से कम 3 लीटर नारियल का दूध आएगा। ये बिलकुल प्योर नारियल का दूध होगा और इसे आप बालों में या कुकिंग में इस्तेमाल कर सकते हैं। इतने नारियल के दूध से करीब 100-150 ग्राम नारियल का तेल निकलेगा।

इसे जरूर पढ़ें- स्किन, बालों और नाखूनों तीनों को चमकदार बनाने के लिए गुलाब से बनाएं ये DIY Oil
कैसे घर पर बनाएंगे नारियल का तेल?
घर पर नारियल का तेल बनाना आसान तो है, लेकिन इस बात का ध्यान रखने की जरूरत है कि ये जल्दी नहीं बनता है। इसे बनाने के लिए आपको बहुत वक्त देने की जरूरत होती है। इसके लिए आपको अलग से कोई बर्तन लेने की जरूरत भी नहीं होगी ये रोजमर्रा के सामान से ही बन जाएगा।
1. सबसे पहले आपको नारियल का पूरा गूदा निकालना है और इसे छोटे-छोटे पीस में काटकर ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें या फिर ग्रेट कर लें जिससे इससे आसानी से दूध निकाला जा सके।
2. इसके बाद आपके कपड़े का काम। इसका पूरा गूदा आपको कपड़े में डालकर अच्छे से निचोड़ना है। ये प्रोसेस वैसे ही होगा जैसे घर पर दूध से पनीर बनाने के लिए इस्तेमाल होता है। इसके बाद आपको नारियल का दूध निकालना है। अगर इसमें आपको थोड़ी मुश्किल लग रही है तो बहुत थोड़ा सा गर्म पानी आप नारियल के गूदे में छिड़क सकते हैं ताकि ये आसानी से निकल जाए।

3. जब एक बार नारियल का दूध निकल जाए तो इसे दोबारा से कपड़े से छान लीजिए ताकि अगर गलती से कोई नारियल का टुकड़ा रह गया हो तो वो निकल जाए।
इसे जरूर पढ़ें- सिर्फ दो चीज़ों से घर पर बनेगा ये Coconut Hair Conditioner, बाल होंगे लंबे, काले और सिल्की
4. अब तांबे या फिर एल्युमीनियम के बर्तन में इसी नारियल के दूध को 2-3 घंटे तक पकाना है। जी हां, सही पढ़ा आपने दो-तीन घंटे तक मीडियम आंच पर ये नारियल का दूध पकेगा।
5. हर आधे घंटे में इसे थोड़ा चलाते रहें ताकि किनारों से ये जले नहीं और चिपके भी नहीं। इसे तब तक पकाना है जब तक नारियल का दूध ब्राउन रंग का नहीं हो जाता है। इसे गलती से भी तेज़ आंच पर न पकाएं नहीं तो ये जल भी सकता है।
6. जब ये गाढ़ा और ब्राउन रंग का हो जाए तो इसे गैस पर से हटा लें और कपड़े की मदद से इसे छानें और जो भी गूदा कपड़े में आए वो निचोड़ें। आप देखेंगे कि इस मिक्सचर से नारियल का तेल निकल रहा है।
ये सबसे प्योर तरह का नारियल का तेल होगा जो न सिर्फ बालों और स्किन पर लगाने के काम आ सकता है बल्कि इससे आप खाना भी पका सकती हैं और साथ ही साथ इसे आयुर्वेदिक नुस्खों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें किसी तरह का प्रिजर्वेटिव भी एड करने की जरूरत नहीं होगी। बस ध्यान ये रखना है कि इसे आपको एयर टाइट बॉटल में रखना होगा जिसमें किसी भी तरह का मॉइश्चर न आए।
इस नारियल तेल को आप बालों में लगाएं या फिर स्किन में लगाएं ये मददगार साबित हो सकता है। सर्दियों के लिए तो खासतौर पर ये बहुत अच्छा होगा। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।