नेल पॉलिश रिमूवर हो गया है खत्म तो घर पर करें ये काम

नेल पॉलिश रिमूवर ऐसी एक चीज है जो अक्सर हमें तब बिल्कुल नहीं मिलती, जब उसकी जरूरत सबसे ज्यादा होती है। कई बार रिमूवर खत्म हो जाता है और वो भी हमें याद नहीं रहता है। अब ऐसे में खुरच-खुरचकर कब तक आप नेल पॉलिश निकालेंगी?
तो चलिए हम आपको एक आइडिया बताते हैं। आप घर पर कुछ चीजों की मदद से नेल पॉलिश रिमूवर बनाकर तैयार कर लीजिए। जब भी आपको रिमूवर की जरूरत पड़ेगी आपके पास घर पर बना एसीटोन-फ्री रिमूवर होगा।
अब आप सोच रही होंगी कि घर पर इसे कैसे बनाया जा सकता है? क्या यह प्रभावी होगा? बिल्कुल, आप घर पर एक प्रभावी रिमूवर तैयार कर सकती हैं। चलिए फिर देर किस बात की? हम आपको घर पर रिमूवर बनाने का तरीका भी बता देते हैं। आप भी इसे ट्राई करके जरूर देखिएगा।
रबिंग अल्कोहल से बनाएं रिमूवर

जी हां, रबिंग अल्कोहल एक अच्छा विकल्प है उन लोगों के लिए जो बिना एसीटोन के एक प्रभावी रिमूवर तैयार करना चाहते हैं। रबिंग अल्कोहल उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है जिन्हें एसीटोन-फ्री रिमूवर चाहिए।
यह एसीटोन वाले रिमूवर में पाए जाने वाले रसायनों की तुलना में ज्यादा नेचुरल और कम हार्श है। इसमें चूंकि जीवाणुरोधी गुण होते हैं, तो यह इंफेक्शन में राहत पहुंचाने में भी मदद कर सकता है।
क्या चाहिए-
- 2 बड़े चम्मच रबिंग अल्कोहल
- 1 बाउल गुनगुना पानी
- कॉटन बॉल्स
क्या करें-
- सबसे पहले गुनगुने पानी वाले कटोरे में अपने नाखूनों को 10 मिनट के लिए भिगोकर रखें।
- इसके बाद, कॉटन बॉल में अल्कोहल लेकर अपने नाखूनों पर लगाकर रब करें।
- नेल पॉलिश हटने तक रबिंग अल्कोहल को नेल्स पर लगाकर रगड़ें। कुछ ही मिनटों में आपकी नेल पॉलिश छूटने लगेगी।
- इसके बाद अपने हाथों के साथ नाखूनों को भी स्वस्थ रखने के लिए एक अच्छी मॉइश्चराइजर क्रीम लगाएं। आप क्यूटिकल ऑयल को नाखून पर लगाकर हल्का-हल्का रब भी कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : घर पर आप भी आसानी से नेल पॉलिश बना सकती हैं, जानिए कैसे
सिरका और नींबू से बनाएं रिमूवर

सिरके की एसिडिक प्रॉपर्टी नेल पॉलिश को हटाने में काफी मदद करती है। वहीं मैनीक्योर में भी नींबू का इस्तेमाल किया जाता है। ये दोनों सामग्री घरों में कुकिंग और किचन के कामों में इस्तेमाल होती है, इसलिए इसे उपयोग करने में आपको आसानी होगी।
क्या चाहिए-
- 2 चम्मच सफेद सिरका
- 2 चम्मच नींबू का रस
- गुनगुना पानी
- कॉटन बॉल्स
क्या करें-
- नेल पॉलिश हटाने से पहले नाखूनों को 10-15 मिनट के लिए गर्म पानी में भिगोकर रखें। इससे नेल पॉलिश हटाने में आसानी होगी।
- अब एक छोटी कटोरी में नींबू का रस और सिरके को बराबर भाग में मिला लें।
- इसमें कॉटन बॉल भिगोएं और अपने नाखूनों पर लगाकर कम से कम 15 सेकंड के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद अपनी उंगलियों को इससे रगड़ लें। अगर आपने नेल पॉलिश के ज्यादा कोट लगाए हैं, तो उसे हटाने में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे वो भी हटा जाएगा।
- हाथों को धोकर पोंछ लें और फिर अपने हाथों और नाखूनों को मॉइश्चराइज जरूर करें।
हैंड सैनिटाइजर से बनाएं रिमूवर

कोविड-19 के बाद से हर शख्स अपने पास सैनिटाइजर तो रखने ही लगा है। इसमें मौजूद अल्कोहल की मात्रा न सिर्फ कीटाणुओं को मारती है, बल्कि आपके नाखूनों से पॉलिश भी हटाती है। अगर आपके सैनिटाइजर में 75% आइसोप्रोपिल अल्कोहल है, तो यह नेल पॉलिश हटाने के काम आ सकता है।
क्या चाहिए-
- हैंड सैनिटाइजर
- गुनगुना पानी
- कॉटन बॉल्स
क्या करें-
- अपनी उंगलियों को गुनगुने पानी में डुबोकर रखें। इससे नेल पॉलिश जल्दी हटाने में आसानी होगी।
- इसके बाद हाथों को सुखाकर एक कॉटन बॉल में हैंड सैनिटाइजर लें और अपने नाखूनों पर रब करें।
- प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक कि पॉलिश छूटने न लगे। हालांकि सैनिटाइजर का ज्यादा इस्तेमाल न करें।
- हैंड सैनिटाइजर नाखूनों को ड्राई कर सकता है, इसलिए अपनी उंगलियों को मॉइश्चराइज जरूर करें और क्यूटिकल ऑयल लगाएं।
इसे भी पढ़ें : पुरानी और सुखी हुई नेल पॉलिश को इस तरीके से करें ठीक
इन घरेलू तरीकों का इस्तेमाल करके आप भी घर पर नेचुरल रिमूवर बना सकती हैं। ध्यान रखें कि क्योंकि इनमें पॉलिश रिमूव करने वाला मेन इंग्रीडिएंट एसीटोन नहीं है, तो आपको थोड़ा ज्यादा वक्त लग सकता है।
साथ ही किसी भी तरह के नुस्खे को इस्तेमाल करने के बाद अपने हाथों को खासतौर से अपनी उंगलियों और नाखूनों को मॉइश्चराइज करना बेहद जरूरी है।
हमें उम्मीद है कि ये DIY टिप्स आपको पसंद आएंगे। अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। आप अपने सुझाव हमें कमेंट करके दे सकते हैं। ब्यूटी से जुड़े ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए विजिट करें HerZindagi.
Image Credit: Freepik & Google Searches
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।