सूख रहे हैं होंठ तो अपनाएं ये 'लिप केयर रूटीन'

सर्दियों के मौसम में होंठों के फटने की समस्या बहुत ही आम है। इस मौसम में चलने वाली ठंडी हवाएं त्वचा में मौजूद मॉइश्चर को खत्म कर देती हैं, जिससे त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है। होंठों की त्वचा के साथ भी यह समस्या होती है, वहीं कुछ लोगों की आदत सूख रहे होंठों को जीभ से बार-बार गीला करने की भी होती है, जो स्किन की ड्राईनेस को और भी ज्यादा बढ़ावा देती है। कुछ लोग सूख रहे होंठों की खाल को दांतों से खींच कर भी उन्हें नुकसान पहुंचाते हैं।
अगर आपको मुलायम और गुलाबी होंठ चाहिए हों तो सबसे पहले तो अपनी इन खराब आदतों को छोड़ दें और दूसरा काम एक अच्छे लिप केयर रूटीन को फॉलो करें। हमने सर्दियों के मौसम के लिए एक आदर्श लिप केयर रूटीन जानने के लिए ब्यूटी एक्सपर्ट पूनम चुघ से बात की।
पूनम जी कहती हैं, 'जिनकी स्किन पहले से ड्राई होती है, उन्हें सर्दियों के मौसम में ज्यादा दिक्कत होती है। ऐसे में स्किन को जितना अधिक हाइड्रेट रखेंगी आपको उतना फायदा होगा।'
पूनम जी फटे हुए होंठों की समस्या को कम करने के लिए आसान लिप केयर रूटीन भी बताती हैं-
इसे जरूर पढ़ें: Expert Tips: शहद की मदद से दूर हो सकता है होंठों का कालापन
सुबह उठते ही करें ये काम
पूनम जी कहती हैं, 'सुबह उठते ही सबसे पहले आपको 2 ग्लास पानी पीना चाहिए। दरअसल, रात में सोते वक्त हमारी बॉडी शरीर में मौजूद पानी की अधिकांश मात्रा को सोख लेती है। ऐसे में त्वचा डीहाइड्रेटेड हो जाती है। पानी पीने से होंठों का सूखापन खत्म होता है।'
लिप स्क्रब
अगर आपके होंठों की खाल सूख कर निकल रही है तो आप इस स्क्रब का इस्तेमाल करके जरूर देखें।
सामग्री
- 1/2 छोटा चम्मच शहद
- 1/2 छोटा चम्मच कॉफी
विधि
- शहद और कॉफी को मिक्स करें और 2 मिनट के लिए होंठों को स्क्रब करें।
- इसके बाद आप होंठों को साधारण पानी से वॉश कर लें।
फायदा - शहद बहुत अच्छा नेचुरल मॉइश्चराइजर होता है, इससे होंठों की ड्राइनेस खत्म होती है और कॉफी से होंठों का कालापन दूर होता है।
इसे जरूर पढ़ें: Expert Tips: ऊपर के होंठों का कालापन दूर करने के आसान घरेलू उपाय जानें
लिप जेल
आप होममेड जेल से होंठों की मसाज भी कर सकती हैं। इससे आपकी त्वचा को डीप नरिशमेंट मिलता है।
सामग्री
- 1/2 छोटा चम्मच एलोवेरा जेल
- 2-3 ड्रॉप विटामिन-ई ऑयल
विधि
एलोवेरा जेल में विटामिन-ई ऑयल को मिक्स करें और इस जेल से होंठों की मसाज करें। यह कोशिश करें कि मसाज तब तक करें, जब तक होंठ जेल को सोख न लें।
फायदा- इस जेल से होंठों की मसाज करने से डैमेज स्किन रिपेयर होती है।
लिप मास्क
लिप केयर रूटीन के आखिरी स्टेप में आपको लिप मास्क लगाना होगा, इसे भी आप घर पर ही बना सकती हैं।
सामग्री
- 1/2 छोटा चम्मच गुलाब की पंखुड़ियों का पेस्ट
- 3-4 ड्रॉप्स दूध
विधि
गुलाब की पंखुड़ियों का पेस्ट तैयार कर लें और उसमें दूध की कुछ बूंदें डालें। फिर इस पेस्ट को होंठों पर लगा कर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद होंठों को पानी से वॉश कर लें।
यदि आप नियमित 10 मिनट के लिए इस लिप केयर रूटीन को अपनाती हैं, तो आपके होंठ मुलायम और गुलाबी बने रहेंगे। यह जानकारी आपको पसंद आई हो तो आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और ब्यूटी हैक्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।