माथे पर निकली फुंसी को ठीक करने के घरेलू उपाय जानें

गर्मी और बरसात के उमस भरे मौसम में त्वचा संबंधित बहुत सारी समस्याएं हो जाती हैं। इनमें से एक है चेहरे पर फुंसी निकलना। चेहरे पर फुंसी कहीं भी निकल सकती है, मगर सबसे ज्यादा फुंसी उस स्थान पर निकलती है, जहां ऑयल इकट्ठा होता है। खासतौर पर चेहरे के टी-जोन एरिया में।
इस हिस्से में माथा भी आता है। माथे पर दो तरह से ऑयल इकट्ठा होता है। एक तो त्वचा से निकलने वाला ऑयल और दूसरा स्कैल्प से निकलने वाला ऑयल, इसलिए दाने, मुंहासे और फुंसी निकलने की संभावनाएं भी माथे पर अधिक होती हैं।
माथे पर निकली फुंसी बेहद दर्दनाक होती है और चेहरे की खूबसूरती को भी प्रभावित कर देती है। इसलिए इसका तुरंत उपचार करना बहुत जरूरी होता है। बाजार में माथे की फुंसी को ठीक करने के लिए कई तरह की दवाएं, मेडिसिनल टेप और क्रीमें आती हैं। मगर आप इस समस्या से उबरने के लिए कुछ आसान और असरदार घरेलू नुस्खों को भी अपना सकती हैं।

माथे पर फुंसी के लक्षण-
- प्रभावित स्थान पर त्वचा सख्त हो जाती है।
- त्वचा में लालपन नजर आने लगता है।
- सिर में दर्द होता है।
- प्रभावित स्थान पर दाग और उभार नजर आता है।
- पस वाली फुंसी में प्रभावित स्थान पर सफेद या पीले रंग का एक मुंहनुमा छेद नजर आता है।
1. ग्रीन-टी का पानी
फायदा- अगर आपको ऐसा आभास हो कि आपके माथे पर फुंसी निकलने वाली है, तो उसी दिन से आपको चेहरे को ग्रीन-टी के पानी से वॉश करना शुरू कर देना चाहिए। आपको बता दें कि ग्रीन-टी में त्वचा से निकलने वाले एक्सट्रा ऑयल को कंट्रोल करने की क्षमता होती है। यह एंटीमाइक्रोबियल गुणों और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है।
कैसे करें इस्तेमाल- ग्रीन-टी को साधारण पानी में रात में भिगो दें। सुबह इस पानी को छान कर स्प्रे बॉटल में भर लें। अब पूरे दिन इस पानी से चेहरे को साफ करें।
टिप- अगर आपकी त्वचा ड्राई है तो आपको ग्रीन-टी के साथ गुलाब जल भी मिक्स कर लेना चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें: होठों की फुंसी ठीक करने के 5 रामबाण उपाय

2. टी-ट्री ऑयल
फायदा- टी-ट्री ऑयल एंटीबैक्टीरियल होता है। वहीं मुल्तानी मिट्टी(इस तरह यूज करें मुल्तानी मिट्टी)त्वचा को गहराई से साफ करती है और काले दाग-धब्बों को कम करती है। फुंसी को सुखाने के लिए दोनों का मिश्रण काफी लाभदायक हो सकता है।
सामग्री
- 1 छोटा चम्मच मुल्तानी मिट्टी
- 3 ड्रॉप्स टी-ट्री ऑयल
- गुलाब जल जरूरत अनुसार
विधि
- एक बाउल में मुल्तानी मिट्टी लें और उसमें टी-ट्री ऑयल और गुलाब जल मिक्स करके थिक पेस्ट तैयार करें।
- अब इस पेस्ट को प्रभावित स्थान पर लगाएं। सूखने पर आप चेहरे को धो लें।
- माथे पर निकली फुंसी को ठीक करने के लिए आप इस घरेलू उपचार का नियमित रूप से प्रयोग करें, फायदा जरूर मिलेगा।
इसे जरूर पढ़ें: नाक के अंदर निकल आई है फुंसी तो अपनाएं ये घरेलू उपाय
3. नीम और तुलसी
फायदा- नीम और तुलसी दोनों में ही एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। तुलसी एंटीइंफ्लेमेटरी भी होती है। इन दोनों के मिश्रण को फुंसी पर लगाने से सूजन भी कम होती है और फुंसी जल्दी सूख भी जाती है।
सामग्री
- 1/2 छोटा चम्मच नीम की पत्ती का पेस्ट
- 1/2 छोटा चम्मच तुलसी की पत्ती का पेस्ट
विधि
- सबसे पहले प्रभावित स्थान को गुलाब जल से हल्के से साफ करें।
- अब नीम और तुलसी के पेस्ट को मिक्स करके फुंसी पर लगाएं।
- 15-20 मिनट बाद आप चेहरे को पानी से वॉश कर लें।
- इस नुस्खे का नियमित रूप से प्रयोग करें, जल्दी ही फायदा मिलेगा।
4. बेकिंग सोडा
फायदा - बेकिंग सोडा में त्वचा को एक्सफोलिएट करने की क्षमता होती है। यह त्वचा को गहराई से साफ करता है। फुंसी पर भी इसे लगाया जा सकता है।
कैसे करें इस्तेमाल- आप केवल पानी में बेकिंग सोडा को घोल कर उसका गाढ़ा पेस्ट तैयार करें और दिन में 2 बार इसे प्रभावित स्थान पर लगाएं। इसे लगाने पर थोड़ी इचिंग हो सकती है, मगर इससे त्वचा को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। जब तक फुंसी पूरी तरह से ठीक नहीं हो जाती है, तब तक आपको इस नुस्खे का प्रयोग करते रहना चाहिए।
टिप- आप बेकिंग सोडा को गुलाब जल में घोल कर भी फुंसी पर लगा सकती हैं।
नोट-अगर आपकी त्वचा सेंसिटिव है तो आपको ऊपर बताए गए किसी भी नुस्खे का प्रयोग करने से पहले त्वचा विशेषज्ञ से परामर्श करना चाहिए। नॉर्मल त्वचा वालों को भी बिना पैच टेस्ट के इन घरेलू नुस्खों को नहीं आजमाना चाहिए।
यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें, साथ ही इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।