क्लींजर vs फोमिंग फेस वॉश: सही इस्तेमाल नहीं किया तो हो सकता है स्किन को नुकसान?
-1790776996961.webp)
स्किनकेयर रूटीन की शुरुआत हमेशा चेहरे की सफाई से होती है। आजकल बाजार में ढेरों ब्यूटी प्रोडक्ट्स मिलने लगे हैं, जिन्हें लेकर अक्सर महिलाएं कंफ्यूज हो जाती हैं। खासकर 'क्लींजर' और 'फोमिंग फेस वॉश' में से कौन सा सही है, इस बात का पता लगाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग दोनों को एक ही समझकर इस्तेमाल करने लगते हैं, जिससे फायदे की जगह त्वचा को नुकसान होने लगता है।
क्लींजर और फोमिंग फेस वॉश में अंतर
त्वचा को स्वस्थ और खूबसूरत रखने के लिए अपनी स्किन टाइप के हिसाब से सही प्रोडक्ट चुनना बेहद जरूरी होता है। गलत प्रोडक्ट के चुनाव से स्किन रूखी, बेजान या अत्यधिक ऑयली हो सकती है। आइए जानते हैं क्लींजर और फोमिंग फेस वॉश के बीच का अंतर और इनके इस्तेमाल से जुड़ी जरूरी बातें।
क्लींजर
क्लींजर आमतौर पर क्रीमी, लोशन या जेल जैसा होता है और यह चेहरे पर झाग नहीं बनाता। इसका मुख्य काम त्वचा में जमी जिद्दी गंदगी, हैवी मेकअप, वॉटरप्रूफ सनस्क्रीन और एक्स्ट्रा ऑयल को सौम्यता से साफ करना होता है। यह स्किन के प्राकृतिक तेल और नमी को सुरक्षित रखने में मददगार होता है।

फोमिंग फेस वॉश
फोमिंग फेस वॉश का इस्तेमाल करते समय पानी मिलने पर चेहरे पर भरपूर झाग बनता है। यह पोर्स यानी रोमछिद्रों की गहराई में जाकर सफाई करता है और अंदर जमी हुई धूल-मिट्टी व सीबम को बाहर निकालता है। यह चेहरे को तुरंत ताजगी और डीप क्लींजिंग का अहसास देता है।
यह भी पढ़ें- Homemade Face Cleanser: बाजार के महंगे प्रोडक्ट के बजाय घर बनाएं होममेड फेस क्लींजर, मिलेगी ग्लोइंग स्किन
आपकी स्किन के लिए कौन सा प्रोडक्ट है बेस्ट?
गलत प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से स्किन इरिटेशन, ड्राइनेस या ब्रेकआउट्स की समस्या हो सकती है। इसलिए अपनी स्किन टाइप के अनुसार ही प्रोडक्ट चुनें -
ड्राई और सेंसिटिव स्किन के लिए: अगर आपकी स्किन बहुत जल्दी खींची-खींची महसूस होती है या हल्की सी लापरवाही से लाल पड़ जाती है, तो आपके लिए क्लींजर सबसे बेस्ट रहेगा। इसमें मॉइश्चराइजिंग तत्व होते हैं, जो त्वचा को हाइड्रेटेड रखते हैं।
ऑयली और एक्ने-प्रोन स्किन के लिए: अगर आपकी स्किन ऑयली नजर आती है और बार-बार कील-मुंहासे निकलने लगते हैं, तो आपके लिए फोमिंग फेस वॉश सही रहेगा। इसका झाग पोर्स में फंसी अतिरिक्त चिकनाई और गंदगी को बाहर निकाल देता है।
इस्तेमाल करने का सही तरीका
दोनों ही प्रोडक्ट्स को इस्तेमाल करने का तरीका एक-दूसरे से अलग होता है -
क्लींजर इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले सूखे या हल्के नम चेहरे पर थोड़ा सा क्लींजर लगाएं। उंगलियों से सर्कुलर मोशन में कुछ सेकंड तक चेहरे की मसाज करें। इसके बाद इसे कॉटन पैड से पोंछ लें या गुनगुने पानी से धो लें। इसे बिना पानी के भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
फोमिंग फेस वॉश इस्तेमाल करने का तरीका: इसके लिए आप थोड़ा सा फेस वॉश हाथ में लें और थोड़ा पानी मिलाकर पहले हाथों पर ही झाग बना लें। अब इस झाग को गीले चेहरे पर लगाएं और 30 से 40 सेकंड तक हल्के हाथों से मसाज करें। इसके बाद ताजे या ठंडे पानी से चेहरे को अच्छी तरह धो लें।

यह भी पढ़ें- Homemade Rice Flour Face Cleanser: घर पर ऐसे बनाएं चावल के आटे का नेचुरल फेस क्लींजर, चेहरे का बढ़ेगा नूर
निष्कर्ष: क्लींजर और फोमिंग फेस वॉश दोनों ही अलग-अलग जरूरतों के लिए बनाए गए स्किनकेयर प्रोडक्ट्स हैं। अगर आप अपनी त्वचा के प्रकार और मौसम के अनुसार सही विकल्प चुनती हैं, तो इससे आपकी स्किन न सिर्फ बेदाग बनती है, बल्कि लंबे समय तक जवां और चमकदार भी बनी रहती है। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
(image credit: MAGNIFIC)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।