Sat Sep 12, 2026 | Updated 06:33 AM IST

Kedarnath Temple Mystery: आखिर क्यों पूरे 6 महीनों तक बंद रहते हैं केदारनाथ मंदिर के कपाट? जानें रहस्य

केदारनाथ मंदिर के कपाट हाल ही में 22 अप्रैल के दिन भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं और कपाट खुलते ही मंदिर में भक्तों का तांता लग गया है। आइए में एक सवाल यह उठता है कि केदारनाथ मंदिर के कपाट 6 महीने के लिए बंद क्यों किये जाते हैं और इसके पीछे का रहस्य क्या है?
Updated:- 2026-04-24, 18:10 IST
image

उत्तराखंड की पवित्र वादियों में स्थित केदारनाथ मंदिर हिंदुओं के सबसे पवित्र पूजनीय स्थलों में से एक है। यह चार धामों में से एक प्रमुख धाम भी है जहां भक्त इकट्ठे होते हैं। हर साल केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तों का जमावड़ा इकठ्ठा हो जाता है। इस मंदिर के लिए एक बात प्रसिद्द है कि केदारनाथ धाम के पूरे 6 महीनों के लिए बंद कर दिया जाता है। यह परंपरा सिर्फ एक धार्मिक नियम नहीं, बल्कि इसके पीछे कई दिलचस्प कारण भी छुपे हैं। भीषण बर्फबारी, खराब मौसम और ऊंचाई पर स्थित यह धाम सर्दियों में पूरी तरह से बर्फ से ढक जाता है, जिससे यहां पहुंचना असंभव हो जाता है। वहीं अगर हम धार्मिक मान्यताओं की बात करें तो मान्यता है कि जिस समय मंदिर के कपाट बंद होते हैं उस समय देवतागण स्वयं मंदिर में भगवान शिव की आराधना करते हैं। आइए जानें इस मंदिर से जुड़े कुछ ऐसे रहस्य जो शायद आपको भी नहीं पता होंगे।

कब बंद होते हैं केदारनाथ मंदिर के कपाट?

kedarnath dham

हर साल दीपावली के बाद भाई दूज के दिन केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद लगभग छह महीने तक मंदिर में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित कर दिया जाता है। आमतौर पर यह अवधि नवंबर से लेकर अप्रैल या मई तक रहती है, जब तक मौसम फिर से अनुकूल नहीं हो जाता है तब तक मंदिर के कपाट बंद ही रहते हैं। साल 2025 को 23 अक्टूबर, भाई दूज के दिन केदारनाथ धाम के कपाट बंद कर दिए गए थे और इन्हें अब 6 महीने बाद 22 अप्रैल को खोल दिया गया है।

यह भी पढ़ें- पांडवों ने क्यों बनवाया था केदारनाथ मंदिर? जानिए कथा

6 महीने कहां होते हैं बाबा केदार के दर्शन?

केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली को उखीमठ के ओमकारेश्वर मंदिर में स्थापित कर दिया जाता है और वहीं भक्तजन पूरे छह महीने तक बाबा केदार के दर्शन करते हैं और उनका पूजन विधि-विधान के साथ किया जाता है। शीतकाल में बाबा के दर्शन इसी स्थान पर होते हैं।

केदारनाथ मंदिर के कपाट 6 महीने के लिए बंद क्यों किए जाते हैं?

kedarnath temple door closing

केदारनाथ मंदिर के कपाट पूरे 6 महीने मतलब शीत काल आरंभ होते ही बंद कर दिए जाते हैं। इसके पीछे कई तरह की वजहें बताई जाती हैं। इसका एक सबसे बड़ा वैज्ञानिक कारण माना जाता है कि केदारनाथ धाम समुद्र तल से लगभग 11,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। सर्दियों में यहां भारी बर्फबारी होती है, जिससे पूरा क्षेत्र 4 से 5 फीट तक बर्फ से ढक जाता है। यहां का तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है और रास्ते पूरी तरह बंद हो जाते हैं। ऐसे में यहां यात्रा करना सुरक्षित नहीं माना जाता है। इसी वजह है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के कपाट सर्दियों के मौसम में बंद कर दिए जाते हैं।

यह भी पढ़ें- केदारनाथ मंदिर के आसपास मौजूद है कई बेहतरीन जगह, आप भी पहुंचें

केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के धार्मिक कारण

अगर हम धार्मिक मान्यताओं की बात करें तो पुराणों में इस मंदिर के बारे में यह बताया गया है कि इस मंदिर के निर्माण के समय से ही मंदिर दर्शन के लिए यह बात कही गई थी कि केदारनाथ मंदिर में छह महीने तक मनुष्य और 6 महीने तक देवतागण पूजा करेंगे। इसी वजह से आज भी ग्रीष्म काल में यह मंदिर मनुष्यों की पूजा के लिए खुला रहता है और शीत काल में जब मंदिर के कपाट बंद रहते हैं उस समय देवता भगवान केदार का पूजन करते हैं। ऐसे में मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भी मंदिर के भीतर पूजन जारी रहता है।

रहस्यमयी दीपक और स्वच्छ गर्भगृह

केदारनाथ मंदिर से जुड़ा एक और अद्भुत रहस्य यह है कि मंदिर के कप्पत बंद करते समय दीपक जलाया जाता है और जब मंदिर का कपाट खुलता है उस समय भी यह दीपक जलता हुआ पाया जाता है। इसके अलावा मंदिर का गर्भगृह वैसे ही साफ़-सुथरा नजर आता है जैसा मंदिर को बंद करते समय होता है। या साफ इस बात का प्रमाण है कि मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भी इस मंदिर में कोई न कोई दैवीय शक्ति मौजूद होती है।

वास्तव में केदारनाथ मंदिर का छह महीने तक बंद रहना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति और आस्था के संतुलन का प्रतीक है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Freepik.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।