8th Day of Navratri Vrat Katha 2025: चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन होती है मां महागौरी की पूजा, जानें व्रत कथा और मां का प्रिय भोग

नवरात्रि के आठवें दिन, जिसे दुर्गाष्टमी तिथि कहा जाता है, मां महागौरी की पूजा विधिपूर्वक की जाती है। इस दिन मां महागौरी को गुलाबी रंग के वस्त्र धारण कराए जाते हैं और ब्रह्म कमल का फूल अर्पित किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अष्टमी के दिन व्रत रखकर कन्या पूजन करने और मां महागौरी की आराधना करने से व्यक्ति को आत्मिक एवं मानसिक बल की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही, मां महागौरी की पूजा के बाद उनकी व्रत कथा सुनना भी अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इससे सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। आइए, ज्योतिषाचार्य राधाकांत वत्स से जानते हैं मां महागौरी की व्रत कथा के बारे में विस्तार से।
नवरात्रि का आठवां दिन: मां महागौरी की व्रत कथा

पौराणिक कथाओं के अनुसार, माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी। यह तपस्या लगभग 12 हजार वर्षों तक चली, जिसमें माता ने केवल बेलपत्र को ही भोजन के रूप में ग्रहण किया। उनकी घोर तपस्या से भगवान शिव प्रसन्न हुए और उन्हें दर्शन दिए, जिससे माता का तप पूर्ण हुआ।
जब भगवान शिव ने माता पार्वती को देखा, तो वे प्रसन्न भी हुए और दुखी भी, क्योंकि दीर्घकालीन तपस्या के कारण माता का तेज क्षीण हो गया था। भगवान शिव ने अपनी शक्ति से माता को दिव्य कांति प्रदान की, जिससे उनका सौंदर्य अद्भुत हो गया। इस दिव्य स्वरूप को ही महागौरी के नाम से जाना जाता है।
इसी घटना के बाद से मां महागौरी की सौंदर्य की देवी के रूप में पूजा की जाने लगी। मान्यता है कि मां महागौरी की आराधना करने से न केवल सौंदर्य की प्राप्ति होती है, बल्कि व्यक्ति के आंतरिक दोष भी समाप्त हो जाते हैं, और उसके जीवन में शांति व सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
नवरात्रि का आठवां दिन: मां महागौरी का प्रिय भोग

नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा में नारियल या नारियल से बनी मिठाइयों का भोग अर्पित करना अत्यंत शुभ माना जाता है। भक्त नारियल की बर्फी, नारियल के लड्डू आदि अर्पित कर सकते हैं, जिससे माता प्रसन्न होती हैं और भक्तों को उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि के दौरान आ जाएं पीरियड्स तो कैसे करें पूजा?
इसके अलावा, खीर, दूध की बर्फी, मालपुआ, नारियल के लड्डू जैसे अन्य मिष्ठान भी माता को भोग स्वरूप अर्पित किए जा सकते हैं। ऐसी मान्यता है कि मां महागौरी को यह प्रसाद अर्पित करने से घर में सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो वो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं और अपना फीडबैक भी शेयर कर सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image credit: herzindagi
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।