image

क्या Gold Jewellery की खरीदारी और बिक्री दे सकती है शुभ-अशुभ फल? एस्ट्रोलॉजर से जानें सही जवाब

कई बार हम बिना सोचे समझे हुए सोने के गहनों की खरीदारी करते हैं, लेकिन इसका भी शुभ समय होता है और अगर आप इसी शुभ समय पर सोने की खरीदारी या बिक्री करती हैं तो इससे जुड़े हुए कुछ नियमों के बारे में यहां जानें।
Editorial
Updated:- 2025-10-08, 17:02 IST

हमारे देश में सोना सिर्फ आभूषण के लिए इस्तेमाल में नहीं होता है बल्कि इसे माता लक्ष्मी का प्रतीक भी माना जाता है। यह समृद्धि, शक्ति और आत्मविश्वास का द्योतक भी है। हालांकि ज्योतिष की मानें तो हर समय सोना खरीदना या बेचना शुभ नहीं होता है। ग्रहों की चाल मुख्य रूप से सूर्य, बृहस्पति, शनि और राहु के गोचर, इस बारे में कई संकेत देते हैं जिनसे इस बात का अनुमान लगाया जा सकता है कि आपको किस समय सोने के गहनों या इससे जुड़ी चीजों की खरीदारी करनी चाहिए। आइए एस्ट्रोलॉजर सिद्धार्थ एस कुमार से इसके बारे में विस्तार से जानते हैं कि आपको सोने के गहनों की खरीद और बिक्री कब शुभ फल देती है और किन परिस्थितियों में इससे बचना चाहिए। इसके साथ ही ये भी जानें कि सोना धातु का संबंध किन ग्रहों से होता है जिसे खरीदने या बेचने से आपके जीवन में लाभ या हानि के योग बनते हैं।

सोना और ग्रहों का संबंध

ज्योतिष शास्त्र में सोना सूर्य और बृहस्पति की धातु माना जाता है। सूर्य आत्मबल, सम्मान और नेतृत्व का प्रतीक होता है जबकि बृहस्पति धन, ज्ञान और भाग्य का प्रतीक माना जाता है। इसी वजह से जब ये ग्रह अनुकूल स्थिति में हों, जैसे उच्च राशि या मित्र राशि में गोचर कर रहे हों, तब सोना खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है।

gold shopping astrology

ऐसा करने से न केवल आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, बल्कि व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा और आत्मसम्मान में भी वृद्धि हो सकती है। जहां एक तरफ सूर्य की शक्ति से आत्मविश्वास बढ़ता है और नेतृत्व क्षमता में सुधार होता है। वहीं बृहस्पति के अनुकूल प्रभाव से ज्ञान, भाग्य और वित्तीय स्थिरता बढ़ती है। इसी वजह से ज्योतिष के अनुसार ग्रहों की स्थिति देखकर ही सोने के गहने खरीदना लाभकारी होता है।

इसे जरूर पढ़ें: Gold Prices Today: सोना हुआ रिकॉर्ड हाई, त्योहारों के वक्त क्या खरीदें और क्या नहीं, बेहतर निवेश के लिए जानें एक्स्पर्ट की राय

सोना खरीदने के शुभ योग

एस्ट्रोलॉजर सिद्धार्थ एस कुमार बताते हैं कि सोना हमेशा शुभ नक्षत्रों और तिथियों में खरीदा जाए तो यह स्थायी लाभ देता है। ऐसे में यदि आप अक्षय तृतीया, धनतेरस, पुष्य नक्षत्र और गुरु पुष्य योग में सोना खरीदती हैं तो यह आपके लिए मंगलकारी हो सकता है। वहीं हिंदू पंचांग के किसी भी महीने के शुक्ल पक्ष में की गई खरीदारी धन की वृद्धि का सूचक होती है। यदि आप इस दौरान सोने की खरीदारी करें तो आपके जीवन में इसके लाभ दिखाई दे सकते हैं। ऐसे ही जब सूर्य या बृहस्पति आपकी कुंडली के द्वितीय, नवम या एकादश भाव में हों, तब सोने के गहनों (Gold Jewellery) की खरीद आर्थिक उन्नति और पारिवारिक सुख प्रदान करती है।

gold shopping astrology tips

सोना बेचने से जुड़े फल

अगर हम ज्योतिष की बात करें तो सोना बेचना सामान्य रूप से अशुभ माना जाता है क्योंकि यह स्थायी धन और लक्ष्मी-ऊर्जा का प्रतीक होता है। हालांकि, यदि आप किसी शुभ कार्य जैसे घर, व्यापार या शिक्षा में निवेश के लिए सोना बेचती हैं, तो यह नकारात्मक फल नहीं देता है। ऐसे ही सोने के गहने बेचना उनके लिए भी अशुभ नहीं माना जाता है जिनका व्यवसाय इससे जुड़ा हो। इसकी बिक्री उस समय अशुभ फल देती है जब आप बिना वजह सोने के गहने बेचती हैं। घर की समृद्धि के लिए ज्योतिषीय दृष्टि से किसी उपाय के रूप में सोना दान करने की सलाह दी जाती है, जैसे जब बृहस्पति नीच राशि में हो या सूर्य पर शनि या राहु की दृष्टि हो, तो सीमित मात्रा में सोना देना या बेचना भी लाभकारी सिद्ध हो सकता है।

इसे जरूर पढ़ें: सोने का सामान गया है खो? न्यूमेरोलोजी का ये जादुई नुस्खा मिनटों में ढुंढवा देगा आपका खजाना

किन ग्रह गोचरों के दौरान सोना बेचने से बचना चाहिए

  • सूर्य का तुला राशि में गोचर- यदि आप इस समय पर सोने के गहने या कोई भी सामान बेचती हैं तो आत्मबल और सामाजिक सम्मान कमजोर हो सकता है।
  • बृहस्पति का मकर राशि में गोचर- इस अवधि में सोना बेचने से आपके आर्थिक निर्णय गलत दिशा में जा सकते हैं।
  • शनि का अष्टम या द्वादश भाव में गोचर- जब इस तरह का गोचर हो तो सोना बेचने पर अचानक हानि या मानसिक तनाव हो सकता है।
  • राहु का सूर्य या बृहस्पति से युति या दृष्टि- इस तरह की स्थिति में सोना बेचने से भ्रम और अनुचित वित्तीय निर्णयों का संकेत मिलता है।
  • अमावस्या, चंद्रग्रहण या सूर्यग्रहण के दिन- ग्रहण के समय में सोना या इस तरह की किसी भी धातु की खरीदारी संबंधी कोई भी लेनदेन अशुभ माना जाता है।

gold jewellery shopping tips

Gold Jewellery बेचना जरूरी हो तो क्या करें 

कई बार परिस्थितियां ऐसी होती हैं जब सोना बेचना आपके लिए अनिवार्य हो जाता है। ऐसे समय में कुछ उपाय ग्रहों की प्रतिकूलता को कम कर सकते हैं।
ऐसी स्थिति में शुक्ल पक्ष के सोमवार, गुरुवार या शुक्रवार को बिक्री करें। ये दिन क्रमशः चंद्र, बृहस्पति और शुक्र ग्रह से जुड़े हैं, जो धन और भाग्य की रक्षा करते हैं।
सोना बेचने से पहले यदि आप माता लक्ष्मी या भगवान विष्णु का स्मरण करें और 'ॐ ह्रीं श्रीं लक्ष्म्यै नमः' मंत्र का 11 बार जाप करें, तो सोना बेचने के गलत प्रभाव को कम किया जा सकता है।

अगर आप भी सोने के गहनों की खरीदारी या बिक्री करती हैं तो आपको यहां बताई बातों का ध्यान रखना चाहिए। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Images: Freepik.com 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।

;