Adhik Maas Remedies: अधिक मास में करें ज्योतिष के ये 5 उपाय, धन लाभ के साथ मिलेगा विष्णु जी का आशीर्वाद

हिंदू पंचांग के अनुसार, अधिक मास तीन साल में एक बार आता है और इसका विशेष महत्व होता है। इस महीने को पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है। यह भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण को समर्पित होता है। ऐसी मान्यता है कि इस दौरान किए गए छोटे-छोटे धार्मिक उपाय भी कई गुना अधिक फल देते हैं। आइए, उन उपायों के बारे में जानें जो आपके जीवन में शुभता लाने में मदद करेंगे।
Updated:- 2026-05-14, 11:36 IST
image

हिंदू धर्म में अधिक मास का विशेष महत्व है और इस महीने को पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है। इसे अत्यंत चमत्कारी महीना माना जाता है और इस दौरान भगवान विष्णु की पूजा से विशेष फलों की प्राप्ति होती है। अधिक मास हर तीन साल में एक बार आता है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह महीना भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण को पूर्ण रूप से समर्पित होता है। मान्यता है कि अधिक मास में किए गए जप, तप, दान और पूजा का फल व्यक्ति को कई गुना अधिक मिलता है। इस साल 2026 में अधिक मास 17 मई से शुरू होकर 15 जून तक रहेगा। इस साल ज्येष्ठ महीने में अधिक मास लग रहा है जिसकी वजह से इस साल दो महीने तक ज्येष्ठ माह चलेगा। यदि आप इस दौरान कुछ ज्योतिषीय उपाय करेंगी, तो आपके जीवन में इसके शुभ फल सदैव दिखाई देंगे। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें कि आपको अधिक मास में कौन से ज्योतिषीय उपाय आजमाने चाहिए जिससे जीवन में खुशहाली बनी रहे और विष्णु जी का आशीर्वाद मिलता रहे। 

भगवान विष्णु की पूजा करें

worshipping lord vishnu

अधिक मास में पूरे महीने भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व होता है। यदि आप इस पूरे महीने विष्णु जी की पूजा के साथ 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करेंगी, तो जीवन में इसके लाभ होंगे। इस पूरे महीने नियमित रूप से कम से कम 11 बार इस मंत्र का जाप करें, इससे आपके जीवन में समृद्धि बनी रहेगी। इस महीने विष्णु सहस्रनाम का पाठ करना भी फलदायी माना जाता है। इस दौरान आपको रोजाना तुलसी के सामने दीपक जलाना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि तुलसी जी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय हैं और उनकी पूजा से विष्णु जी प्रसन्न होते हैं।

यह भी पढ़ें- Adhik Maas 2026: कब से शुरू हो रहा है अधिक मास? इस दौरान भूलकर भी न करें ये 3 काम

ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें

अधिक मास के पूरे एक महीने प्रातः जल्दी उठें और स्नान आदि से मुक्त होकर ईश्वर का पूजन करें। इस पूरे महीने प्रातः जल्दी उठने का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ब्रह्म मुहूर्त यानी सूर्योदय से कुछ समय पहले उठकर स्नान करने से व्यक्ति को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। ब्रह्म मुहूर्त में उठने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।

तामसिक भोजन न करें

हिंदू धर्म में अधिक मास को अत्यंत पवित्र समय माना गया है और ऐसा कहा जाता है कि यदि आप इस दौरान तामसिक भोजन से दूर रहते हैं और सात्विक भोजन करते हैं, तो भगवान विष्णु की विशेष कृपा बनी रहती है। इस दौरान सात्विक भोजन करने से मन शांत रहता है और पूजा-पाठ में एकाग्रता बनी रहती है। इस उपाय से भगवान विष्णु की कृपा दृष्टि भी प्राप्त होती है।

दान-पुण्य जरूर करें

what to donate

अधिक मास में दान करने का महत्व कई गुना ज्यादा होता है। इस दौरान यदि आप गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन, वस्त्र, जल, अनाज और धन का दान करते हैं, तो अत्यंत शुभ माना जाता है। इस उपाय से आपके घर में कभी भी धन की कमी नहीं होती है और जीवन में खुशहाली बनी रहती है। धार्मिक मान्यताओं की मानें तो दान-पुण्य करने से समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

किसी पसंदीदा चीज का त्याग करें

अधिक मास में संयम और त्याग का पालन करना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि यदि आप इस दौरान अपनी किसी पसंदीदा चीज का त्याग करेंगी तो आपका आत्मनियंत्रण बढ़ेगा और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। आप एक महीने के लिए किसी पसंदीदा खाने की वस्तु का त्याग भी कर सकती हैं। इस उपाय से आपको संयम सीखने में मदद मिलेगी।

अधिक मास की पूरी अवधि में यदि आप भी इन उपायों को आजमाएंगी तो आपके जीवन में सदैव खुशहाली बनी रहेगी। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Freepik.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।