क्या है सैनिटरी पैड्स को डिस्पोज करने का सही तरीका?

मेंस्ट्रुअल हाइजीन के मामले में अभी भी हमारा देश काफी पीछे है। यहां कई लड़कियों को सही समय पर पैड्स भी उपलब्ध नहीं होते हैं। ऐसे समय पर हम पैड्स को ठीक से डिस्पोज करने के बारे में तो सोच ही नहीं सकते हैं। सैनिटरी पैड्स किस तरह से पर्यावरण के लिए नुकसानदेह होते हैं हमें उसके बारे में तो पता ही है। हालांकि, बार-बार इस्तेमाल होने वाले कपड़े की तुलना में ये पीरियड्स के लिए ज्यादा सुविधाजनक भी होते हैं और किफायती भी।
सैनिटरी पैड्स, नैपकिन, क्लॉथ पैड्स, टैम्पोन, मेंस्ट्रुअल कप आदि बहुत सारी चीजें हैं जिनका इस्तेमाल किया जा सकता है।
अगर आप हेल्दी पीरियड्स की बात कर रही हैं, तो यह भी जरूरी है कि पीरियड पैड्स को ठीक से डिस्पोज किया जाए। कहीं खुला हुआ सैनिटरी पैड दिख जाता है, तो उसके कारण हाइजीन इशूज होना आम बात है। ये किसी तरह के इन्फेक्शन का कारण भी बन सकता है।
तो चलिए आज आपको बताते हैं कि किस तरह से सैनिटरी पैड्स डिस्पोज किए जा सकते हैं...
इसे जरूर पढ़ें- सैनिटरी नैपकिन की वेंडिंग मशीन को यूज करने का तरीका जानें
क्या सैनिटरी पैड्स को जलाना सही होता है?
कई लोगों को लगता है कि सैनिटरी पैड्स को जलाना ही सबसे सही डिस्पोजल सिस्टम होता है। पर यह तरीका पर्यावरण के लिए सही नहीं है। सैनिटरी पैड्स में बहुत मात्रा में टॉक्सिक प्लास्टिक होता है जिसे जलाने से हानिकारक धुआं निकलता है। अगर आप इसके पास खड़ी हैं, तो यह आपके लिए खतरनाक है और अगर नहीं खड़ी हैं, तो भी यह सही नहीं है। सैनिटरी पैड्स या पीरियड से जुड़ी किसी भी चीज को डिस्पोज करने के लिए आपको थोड़ी मेहनत करनी होगी। हां, आप क्लॉथ पैड्स को जला सकती हैं, लेकिन ऐसी कोई भी चीज नहीं जिसमें प्लास्टिक मौजूद हो।
क्या है सैनिटरी पैड्स को डिस्पोज करने का सही तरीका?
- भारत में सैनिटरी पैड्स डिस्पोजल सिस्टम बेहतर करने की जरूरत है, लेकिन फिर भी आप इन्हें गार्बेज डिस्पोजल के तौर पर ही देख सकती हैं।
- सबसे पहले आप सैनिटरी पैड्स को रैप करें। यूज्ड सैनिटरी पैड्स को अलग से रैप करने के लिए कवर्स आते हैं और कई ब्रांड्स में तो पैड्स के साथ ही कवर दिए जाते हैं। आपको इनका इस्तेमाल करना है। आमतौर पर कागज में लपेटकर सैनिटरी पैड्स फेंक दिए जाते हैं, लेकिन कागज गलने पर यह फिर से एक्सपोज हो जाते हैं। इसलिए कवर्स में लपेटना बेहतर होगा।
- इसके आगे आप पैड्स को सूखे कचरे के साथ रख सकती हैं। पैड्स को कभी गीले कचरे के साथ डिस्पोज ना करें क्योंकि ऐसा कचरा रीसाइकिल होने लायक नहीं होता है।
- आप चाहें तो इनके लिए अलग से एक डिस्पोजल डस्टबिन खरीद सकती हैं। पैड्स को डिस्पोज करने के लिए अलग से डस्टबिन मार्केट में उपलब्ध हैं। इन्हें खाली भी वैसे ही किया जाता है जैसे नॉर्मल डस्टबिन को किया जाता है।
- अगर आपने टैम्पोन या फिर क्लॉथ पैड यूज किया है, तो उनके लिए अलग से गार्बेज बैग्स लेकर आएं। बिना गार्बेज बैग्स के उन्हें फेंकना सही नहीं होगा।
इसे जरूर पढ़ें- बॉलीवुड की ये फिल्में करती हैं मेंस्ट्रुअल हाइजीन से जुड़े मुद्दों पर बात
क्या है मेंस्ट्रुअल कप धोने का सही तरीका?
रीयूजेबल पैड्स या फिर मेंस्ट्रुअल कप्स को बार-बार धोने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में इन्हें नॉर्मल साबुन और पानी से धोने के बाद एक बार गर्म पानी से साफ करना भी अच्छा होगा। ऐसे में इनमें मौजूद बैक्टीरिया पूरी तरह से खत्म होगा। हां, कुछ मेंस्ट्रुअल कप्स को आप बहुत गर्म पानी में नहीं साफ कर सकती हैं। अगर ऐसा कोई प्रोडक्ट यूज कर रही हैं, तो उसे साफ करने की तकनीक आप डिस्क्रिप्शन कवर में पढ़ लीजिए। रीयूजेबल मेंस्ट्रुअल प्रोडक्ट्स की सफाई ठीक से करना बहुत जरूरी है ताकि इंफेक्शन से बचा जा सके।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।