पीरियड्स में क्यों होने लगता है सिर में तेज दर्द और खाली पेट एसिडिटी? एक्सपर्ट से जानें किन तरीकों से मिल सकता है आराम

महिलाओं को हर महीने पीरियड्स के दौरान कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हार्मोन में बदलाव की वजह से महिलाओं को पीरियड्स में हैवी फ्लो, मूड स्विंग्स और पेट-पीठ में दर्द होना बहुत ही सामान्य है। वहीं, कुछ महिलाओं को पीरियड्स के दौरान सिर में तेज दर्द और एसिडिटी की समस्या होने लगती है। लेकिन, क्या आप जानती हैं कि पीरियड्स के समय तेज सिर दर्द और खाली पेट एसिडिटी की समस्या के पीछे क्या वजह होती है।
पीरियड्स में तेज सिर दर्द और खाली पेट एसिडिटी की समस्या क्यों होती है, इस सवाल का जवाब हमें डॉ. हंसाजी योगेंद्र ने दिया है। डॉ. हंसाजी योगेंद्र, द योगा इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर और एक योग गुरू हैं।
क्यों होता है पीरियड्स में सिर दर्द?
एक्सपर्ट के मुताबिक, पीरियड्स के दौरान हार्मोन में बदलाव की वजह से तेज सिर दर्द हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि पीरियड्स से पहले एस्ट्रोजन हार्मोन का लेवल गिरने लगता है, जिसकी वजह से दिमाग में मौजूद ब्लड वेसल्स पर असर पड़ता है और सिर दर्द की समस्या होती है। पीरियड्स में सिर दर्द के पीछे की वजह डिहाइड्रेशन, स्ट्रेस और लो ब्लड शुगर लेवल भी हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: अक्सर हो जाता है सिरदर्द? ये 10 टिप्स फॉलो करने से मिलेगा आराम
क्यों होती है पीरियड्स में खाली पेट एसिडिटी?
पीरियड्स में एसिडिटी की समस्या ज्यादा समय तक खाली पेट रहने से हो सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक, खाली पेट रहने से गैस्ट्रिक एसिड का प्रोडक्शन बढ़ जाता है, जिसकी वजह से जलन की समस्या होने लगती है। एसिडिटी की समस्या होने के अन्य कारण- मील्स स्किप करना, इर्रेगुलर मील्स और तेल-मसाले वाला खाना हो सकता है।
पीरियड्स में सिर दर्द की समस्या से कैसे निपटें?
एक्सपर्ट के मुताबिक, 2 योगासनों की मदद से पीरियड्स में होने वाले सिर दर्द में आराम मिल सकता है।
योगेंद्र निस्पंद भाव
अगर आपको पीरियड्स के दौरान तेज सिर दर्द की समस्या होती है, तो आप एक्सपर्ट का बताया यह योगासन ट्राई कर सकती हैं। इस आसन को करने के लिए सबसे पहले किसी दीवार से टेक लगाकर आराम से बैठ जाएं और अपनी पैर सामने की तरफ फैला लें। कंफर्टेबल पोजिशन में बैठने के बाद आंखें बंद कर लें और बाहरी आवाजों पर फोकस करें लेकिन, किसी तरह का रिएक्शन न दें। इस योगासन को करते समय बिल्कुल स्थिर और न्यूट्रल रहें।
योगेंद्र प्रमायमा-भ्रामरी
एक्सपर्ट के मुताबिक, इस योगासन को करते समय अपनी रीढ़ की हड्डी को सीधा रखकर बैठ जाएं। बैठने के बाद आंखें बंद करें और गहरी सांस लें। सांस लेने के दौरान मधुमक्खी की तरह गुनगुनाएं और आवाज की वाइब्रेशन पर फोकस करें।
पीरियड्स में खाली पेट एसिडिटी की समस्या से कैसे निपटें?
एक्सपर्ट के मुताबिक, पीरियड्स में होने वाली खाली पेट एसिडिटी की समस्या से निपटने में भी 2 योगासन आपकी मदद कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: एसिडिटी से हैं परेशान? ये फूड्स दिला सकते हैं राहत
योगेंद्र वज्रासन
इस योगासन को करने के लिए जमीन पर घुटने लगाएं और एड़ी के सहारे बैठें। इस दौरान अपनी रीढ़ को सीधा और घुटनों को एक साथ रखें। साथ ही अपने हाथों को जंघा पर सीधा रखें और आंख बंद करके डीप ब्रेथ लें। एक्सपर्ट के मुताबिक, खाने के बाद इस पोस्चर में बैठें।
योगेंद्र प्राणायाम
पीरियड्स में एसिडिटी की समस्या से निपटने के लिए यह आसन भी फायदेमंद हो सकता है। इसे करने के लिए सबसे पहले जमीन पर पैर करके सीधा लेट जाएं। फिर एक हाथ पेट पर रखें और दूसरा छाती पर रखें। पोजिशन में लेटने के बाद गहरी सांस लें और छोड़ें।
पीरियड्स में सिर दर्द और एसिडिटी की समस्या क्यों होती है और इससे कैसे निपटा जा सकता है, यह तो आप समझ ही गई होंगी। हमारी स्टोरी से रिलेटेड अगर कोई सवाल है, तो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।
अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।