साल 2027 से मलेशिया में खत्म होगी भारतीयों की वीजा-फ्री एंट्री, जानें कब और कैसे करें अप्लाई?

Image Credit- Magnific
अगर आप घूमने के लिए मलेशिया जाने का प्लान बना रही हैं, तो अपनी ट्रिप की तैयारी करने से पहले एक जरूरी बदलाव के बारे में जान लें। अभी भारतीय नागरिक बिना वीजा के मलेशिया जा सकती हैं, लेकिन यह सुविधा अब ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली है। मलेशिया सरकार ने भारतीयों के लिए वीजा-फ्री एंट्री बंद करने का फैसला किया है।
नया नियम 1 जनवरी 2027 से लागू हो जाएगा। यानी इस तारीख से मलेशिया जाने वाले भारतीयों को पहले से वीजा लेना होगा। ऐसे में अगर आप अगले साल वहां घूमने जाना चाहती हैं, तो जान लें कि वीजा के लिए आवेदन कब से शुरू होगा और अप्लाई करते समय किन बातों का ध्यान रखना है? आइए जानते हैं-
image credit- magnific
1 जनवरी 2027 से बदल जाएगा नियम
मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने हाल ही में एक ऑफिशियल नोटिस जारी किया था। इसमें बताया गया था कि 1 जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा खत्म हो जाएगी। नए नियम के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 या इसके बाद मलेशिया पहुंचने वाले हर भारतीय नागरिक के पास पहले से वीजा होना जरूरी होगा। यानी अब सिर्फ टिकट और बाकी तैयारी करके वहां पहुंचना काफी नहीं होगा। आपको सफर शुरू करने से पहले वीजा भी लेना होगा।
मलेशिया जाने के लिए कब से कर सकती हैं वीजा के लिए अप्लाई?
अगर आप सोच रही हैं कि वीजा के लिए आवेदन कब शुरू होगा, तो इसकी तारीख भी सामने आ गई है। भारतीय नागरिक 1 दिसंबर 2026 से मलेशियाई वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए MyVISA ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा। यानी वीजा अप्लाई करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिलेगी। अगर आपकी ट्रिप जनवरी 2027 या उसके बाद की है, तो समय रहते आवेदन कर लेना बेहतर रहेगा।
यह भी पढ़ें- हनीमून पर भारत से मालदीव जाने का है प्लान? काम आएगी यह ट्रैवल गाइड
इन बातों पर भी दें ध्यान
मलेशिया ने वीजा आवेदन को लेकर एक और नियम बनाया है, जिसे जानना जरूरी है। अगर आपका रजिस्ट्रेशन 7 वर्किंग डेज तक नए आवेदन या पेमेंट बाकी होने की स्थिति में पड़ा रहता है, तो वह अपने आप एक्सपायर हो जाएगा। ऐसा होने पर आपको पुराने आवेदन को आगे बढ़ाने का मौका नहीं मिलेगा। वीजा के लिए फिर से शुरुआत से पूरा प्रॉसेस करना होगा। यह नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुका है।
वीजा रिजेक्ट हुआ तो भी वापस नहीं मिलेगी फीस
वीजा के लिए आवेदन करने से पहले उसकी फीस से जुड़ी बात भी समझ लें। मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने यह भी साफ किया है कि वीजा प्रॉसेसिंग फीस वापस नहीं की जाएगी। इसका मतलब है कि आपका वीजा अप्रूव हो या रिजेक्ट, दोनों ही हालात में रिफंड नहीं मिलेगी। अगर बाद में सरकारी नियमों में बदलाव होता है या आप अपना ट्रैवल प्लान बदल देती हैं, तब भी जमा की गई फीस वापस नहीं मिलेगी। इसलिए आवेदन करने से पहले अपनी यात्रा की तारीख और बाकी प्लान अच्छी तरह देख लें।
image credit- magnific
ट्रैवल इंश्योरेंस को लेकर भी जान लें ये बात
मलेशिया ने वीजा के अलावा ट्रैवल इंश्योरेंस से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए हैं। 1 सितंबर 2026 से 31 देशों के नागरिकों के लिए मल्टीपल-एंट्री वीजा सीमित कर दिया गया है। अब यह वीजा सिर्फ कुछ खास वजहों से यात्रा करने वाले लोगों को दिया जा रहा है। इनमें शामिल हैं-
- बिजनेस के लिए मलेशिया जाने वाले लोग।
- इलाज कराने जाने वाले लोग।
- वेडिंग टूरिज्म के लिए जाने वाले लोग।
- फ्लाई-एंड-क्रूज से ट्रैवल करने वाले।
इसके साथ ही मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी पूरी ट्रिनप के समय के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस जरूर लें। वहां इलाज या दूसरी हेल्थ सुविधाओं पर होने वाला खर्च देश के बाहर से आए यात्रियों को खुद ही देना होगा।
मलेशिया जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप 2027 में मलेशिया घूमने जाने की तैयारी कर रही हैं, तो इन बातों को ध्यान में रखें-
- 1 जनवरी 2027 से भारतीयों के लिए वीजा-फ्री एंट्री बंद हो जाएगी।
- वीजा के लिए 1 दिसंबर 2026 से MyVISA पोर्टल पर आवेदन किया जा सकेगा।
- अधूरे आवेदन या बाकी पेमेंट वाले आवेदन 7 वर्किंग डेज बाद अपने आप एक्सपायर हो जाएंगे।
- वीजा मंजूर न होने या ट्रैवल प्लान बदलने पर भी फीस वापस नहीं मिलेगी।
- पूरी यात्रा के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लेने की सलाह दी गई है।
इसलिए अगर मलेशिया आपकी अगली ट्रिप की लिस्ट में है, तो टिकट बुक करने के साथ वीजा के नए नियमों को भी ध्यान में रखें। इससे आपको आखिरी समय पर कोई परेशानी नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- अब बिना वीजा घूमिए फिलीपींस! जानिए कैसे कम बजट में पूरा कर सकती हैं ट्रॉपिकल हॉलीडे का सपना
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।