दिल्ली से सिर्फ 6-7 घंटे की ड्राइव पर है यह खूबसूरत हिल स्टेशन, तुरंत प्लान कर लें ट्रिप
-1787466495809.webp)
हम सभी को घूमना-फिरना बहुत पसंद है। जैसे ही छुट्टी मिलती है, मन करता है कि कुछ दिन के लिए शहर की भागदौड़ से दूर चला जाया जाए, लेकिन लोगों के मन में सबसे पहला ख्याल शिमला, मसूरी, नैनीताल, मनाली या धर्मशाला का ही ख्याल आता है। हालांकि, जगह फेमस टूरिस्ट प्लेस हैं, इसलिए यहां आपको ठीक-ठाक बजट भी देखना पड़ता है। ऐसे में अगर आप कोई बजट ट्रिप करना चाहती हैं, तो चकराता जा सकती हैं।
चकराता घूमने का पूरा ट्रैवल गाइड
उत्तराखंड के देहरादून जिले में बसा चकराता समुद्र तल से करीब 6,948 फीट की ऊंचाई पर है। ये जगह दिल्ली वालों के लिए एकदम परफेक्ट है। सबसे अच्छी बात तो यह है कि चकराता में आपको सिर्फ पहाड़ देखकर वापस आने की जरूरत नहीं है। यहां झरने, जंगल, ट्रेकिंग, व्यू पॉइंट और आसपास घूमने की कई जगहें हैं। आइए जानते हैं चकराता जाने से लेकर वहां घूमने, खाने और रुकने तक की पूरी जानकारी।
चकराता क्यों जाएं?
चकराता उन लोगों को जरूर पसंद आता है जिन्हें बहुत ज्यादा भीड़ वाली जगहें पसंद नहीं होती हैं। यहां चारों तरफ पहाड़ और जंगल देखने को मिलते हैं। यहां देवदार, चीड़, ओक और दूसरे पेड़ों के भी जंगल हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, यह जगह ट्रेकिंग और नेचर वॉक के लिए बेस्ट है। अगर आपका मकसद सिर्फ हर जगह की फोटो खींचकर वापस आना नहीं है बल्कि आराम से पहाड़ों के बीच समय बिताना है तो चकराता जरूर जाएं।
दिल्ली से चकराता कितनी दूर है?
दिल्ली से चकराता की दूरी करीब 330-350 किलोमीटर है। अगर आप अपनी कार से जा रही हैं तो नॉर्मल 7-8 घंटे का समय लग सकता है, लेकिन दिल्ली का ट्रैफिक, रास्ते में रुकने और पहाड़ी सड़कों की स्पीड को देखते हुए ज्यादा समय भी लग सकता है। इसलिए अगर आप वीकेंड पर जा रही हैं तो कोशिश करें कि सुबह जल्दी दिल्ली से निकलें।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से काशी कैसे जाएं? घाटों की महाआरती से लेकर बनारसी जायके तक, जानें सब कुछ
दिल्ली से चकराता कैसे जाएं?
दिल्ली से चकराता जाने के लिए आपको कई ऑप्शन मिल जाएगा। जैसे-
कार से जाना सबसे आसान रहेगा
चकराता जाने के लिए रोड ट्रिप सबसे सही है। दिल्ली से देहरादून की तरफ जाते हुए आगे विकासनगर और कालसी होते हुए आप चकराता पहुंच सकती हैं। इसका रूट दिल्ली-देहरादून-विकासनगर-कालसी-चकराता है। अगर आपके पास अपनी कार है तो यह ऑप्शन अच्छा रहेगा, क्योंकि चकराता और आसपास की जगहों पर घूमने के लिए भी गाड़ी काम आएगी।
बस और कैब से भी जा सकती हैं
अगर आप खुद ड्राइव नहीं करना चाहतीं तो दिल्ली से देहरादून तक बस या ट्रेन से जा सकती हैं। इसके बाद देहरादून से चकराता के लिए टैक्सी या बस ले सकती हैं। देहरादून से चकराता की दूरी करीब 87-98 किलोमीटरा है।
यह भी पढ़ें- Pondicherry ट्रिप की प्लानिंग करने से पहले जरूर पढ़ें यह मजेदार ट्रैवल एक्सपीरियंस
ट्रेन से जाएं
आपको बता दें कि चकराता में कोई भी रेलवे स्टेशन नहीं है। इसके लिए आपको देहरादून ही आना होगा। देहरादून पहुंचने के बाद आप कैब, टैक्सी या बस से चकराता जा सकती हैं।
फ्लाइट से कैसे जाएं?
अगर आप फ्लाइट से जाना चाहती हैं तो देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट सबसे नजदीकी एयरपोर्ट है। वहां से आगे कैब लेकर चकराता पहुंचा जा सकता है। एयरपोर्ट से चकराता करीब 113 किलोमीटर दूर है।
चकराता में कहां-कहां घूमें?
चकराता में घूमने के लिए एक दो नहीं बल्कि 5 खूबसूरत जगहें हैं। जैसे-
1. टाइगर फॉल्स
चकराता की सबसे फेमस जगहों में टाइगर फॉल का नाम जरूर आता है। यह चकराता से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां पानी ऊंचाई से नीचे गिरता है और आसपास की हरियाली देखने लायक होती है। मानसून में तो झरने का नजारा और भी ज्यादा अच्छा लगता है, लेकिन बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और लैंडस्लाइड का खतरा भी रहता है। इसलिए मौसम देखकर ही जाएं।
2. चिलमिरी नेक
अगर आपको पहाड़ों का खुला नजारा देखना पसंद है तो चिलमिरी नेक जा सकती हैं। यह चकराता के पास ही एक खूबसूरत व्यू पॉइंट है। यहां से आसपास के पहाड़ और जंगल साफ दिखाई देते हैं। अगर मौसम साफ हो तो पहाड़ों का नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है।
यह भी पढ़ें- World Highest Shiva Temple: कैसा होता है दुनिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तक जाने का सफर?
3. मोइला टॉप
अगर आपको ट्रैकिंग पसंद है तो मोइला टॉप का प्लान बना सकती हैं। यह चकराता के ऊंचे हिस्सों में से एक है और यहां तक पहुंचने के लिए ट्रेक करना पड़ता है। इसे पूरा करने में कई घंटे लग सकते हैं। यह जगह उन लोगों के लिए सही है जिन्हें एडवेंचर पसंद है।
4. बुधेर गुफा
चकराता के आसपास बुधेर गुफा भी घूमने लायक है। इसे देखने के लिए भी आपको ट्रेकिंग करनी पड़ सकती है। अगर आपको जंगल और थोड़ा एडवेंचर पसंद है तो इसे अपनी लिस्ट में रख सकती हैं।
5. देवबन
देवबन चकराता के आसपास का खूबसूरत जंगल वाला इलाका है। यह समुद्र तल से करीब 9,279 फीट की ऊंचाई पर है। अगर आप ऐसी जगह जाना चाहती हैं जहां कुछ समय नेचर के बीच शांति से बिताया जा सके, तो देवबन जरूर जाएं।
चकराता में क्या खाएं?
चकराता कोई बहुत बड़ा शहर नहीं है, इसलिए यहां दिल्ली जैसी बहुत सारी फूड चेन या रेस्टोरेंट आपको नहीं मिलेगी। यहां आपको खाने में आमतौर पर इंडियन खाना, लोकल फूड और कुछ चाइनीज फूड मिल सकते हैं। वहीं आप ट्रिप के दौरान गर्म चाय, पराठे, दाल-चावल और दूसरे पहाड़ी खाने खा सकती हैं। अगर किसी होमस्टे में रुक रही हैं तो वहां पर आपको घर का बना खाना भी मिल सकता है।
चकराता में कहां रुकें?
चकराता में आपको लग्जरी होटल नहीं मिलेंगे। यहां छोटे रिजॉर्ट, होमस्टे और कैंपिंग जैसे ऑप्शंस हैं। अगर आप फैमिली के साथ जा रही हैं तो बाजार के आसपास स्टे करना ज्यादा सही रहेगा। अगर आपको ज्यादा शांति चाहिए तो चकराता से थोड़ा बाहर जंगल और पहाड़ों के बीच बने होमस्टे या रिजॉर्ट देख सकती हैं।
2 दिन का बेस्ट चकराता ट्रिप प्लान
अगर आप चकराता दो दिनों के लिए जा रही हैं, तो कुछ इस तरह से ट्रिप प्लान कर सकती हैं। जैसे-
पहला दिन
- सुबह: दिल्ली से जल्दी निकलें। रास्ते में नाश्ता करें और चकराता की तरफ बढ़ें।
- दोपहर: चकराता पहुंचकर होटल या होमस्टे में चेक-इन करें। थोड़ा आराम करें और खाना खाएं।
- शाम: चिलमिरी नेक या आसपास के किसी व्यू पॉइंट पर जाएं। शाम को वापस आकर बाजार में थोड़ा घूम सकती हैं।
- रात: होटल में डिनर करें और आराम करें।
दूसरा दिन
- सुबह: नाश्ता करके टाइगर फॉल के लिए निकलें। वहां कुछ समय बिताएं और नेचर को एंजॉय करें।
- दोपहर: वापस चकराता आकर खाना खाएं।
- शाम: अगर आप ट्रेकिंग करना चाहती हैं और समय और मौसम साथ दे रहा है तो किसी ट्रेल या आसपास के इलाके में नेचर वॉक कर सकती हैं।
अगर मोइला टॉप या बुधेर गुफा जैसे ट्रेक करने हैं तो उनके लिए अलग से समय रखें।
3 दिन की छुट्टी है तो ऐसे बनाएं प्लान
अगर आपके पास तीन दिन का समय है तब तो आप और अच्छे से घूम लेंगी। इसके लिए सुबह जल्दी दिल्ली से निकलना बेहतर रहेगा। पहले दिन सिर्फ चकराता पहुंचकर आराम और थोड़ा बहुत घूमने का प्लान रखें। दूसरे दिन टाइगर फॉल और आसपास की जगहों को कवर कर सकती हैं। अगर आप फिट हैं और ट्रेकिंग करना चाहती हैं तो मोइला टॉप के लिए पूरा समय रखें। तीसरे दिन आप सुबह नाश्ता करने के बाद आसपास थोड़ा घूमकर दिल्ली के लिए निकल सकती हैं। इस तरह ट्रिप में भागदौड़ कम रहेगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर से कैसे प्लान करें पोखरा की ट्रिप? जानें बेस्ट रूट, घूमने की जगहें और पूरा ट्रैवल गाइड
मानसून में जा रही हैं तो ये बातें जरूर याद रखें
अगर आप अभी अगस्त या सितंबर में चकराता जाने का सोच रही हैं तो एक जरूरी बात आपको ध्यान रखनी चाहिए। बारिश के मौसम में पहाड़ी रास्तों पर लैंडस्लाइड और सड़कें बंद होने जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर ले लें। बारिश बहुत ज्यादा हो तो झरने या ट्रेक के पास जाने में जल्दबाजी न करें। साथ ही कुछ काम की चीजें जरूर साथ रख लें-
- अच्छे ग्रिप वाले शूज
- जैकेट या गर्म कपड़े
- छाता या रेनकोट
- पावर बैंक
- जरूरी दवाइयां
- पानी की बॉटल
- ड्राई स्नैक्स
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik/AI
- चकराता जाने का सबसे सही महीना कौन सा है?
- मार्च से जून और सितंबर से नवंबर का मौसम घूमने के लिए सबसे मुफीद होता है।
- क्या चकराता में एटीएम और इंटरनेट नेटवर्क मिलता है?
- मुख्य बाजार में नेटवर्क और एटीएम उपलब्ध हैं, लेकिन दूर की जगहों पर समस्या हो सकती है।
- क्या चकराता जाने के लिए कोई स्पेशल परमिट चाहिए?
- भारतीय नागरिकों को परमिट की जरूरत नहीं है और यहां विदेशी पर्यटकों की एंट्री नहीं है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।