धनतेरस का त्योहार हिंदुओं के मुख्य त्योहारों में से एक है। यह दिवाली के पूरे पांच दिनों के त्योहारों की श्रृंखला में सर्वप्रमुख है। यूं कहा जाए कि दिवाली के त्योहार की शुरुआत ही धनतेरस के दिन से होती है। कार्तिक मास की त्रयोदसी तिथि को धनतेरस मनाया जाता है। इस त्योहार पर मुख्य रूप से भगवान् धन्वन्तरि का जन्मदिवस मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन ही भगवान धन्वन्तरि अमृत कलश लेकर समुद्र मंथन में बाहर आये थे। उसी दिन से धनतेरस को मुख्य रूप से मनाया जाने लगा और इस दिन खरीदारी का भी चलन बहुत अच्छा माना जाता है।
ऐसी मान्यता है कि धनतेरस के दिन बर्तन आदि खरीदने घर की समृद्धि के लिए अच्छे होते हैं। लेकिन धनतेरस के दिन मुख्य रूप से लोग सोने की खरीदारी करते हैं। ऐसा कहना भी गलत नहीं होगा कि धनतेरस के दिन सोने की खरीदारी करना बेहद शुभ होता है इसलिए सभी को अपनी सामर्थ्य अनुसार सोने की खरीदारी करनी चाहिए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि धनतेरस के दिन सोना खरीदना शुभ क्यों होता है और इसके पीछे की कथा किया है? आइए नई दिल्ली के जाने माने पंडित, एस्ट्रोलॉजी, कर्मकांड,पितृदोष और वास्तु विशेषज्ञ प्रशांत मिश्रा जी से जानें धनतेरस के दिन सोना खरीदने के पीछे के कारणों के बारे में।
सोने और सोने के आभूषण भारतीय परंपरा के अभिन्न अंग हैं। सोने को सौभाग्य, समृद्धि, बहुतायत और शुभता का प्रतीक माना जाता है। वास्तव में लोग सोने को उसमें धन की देवी लक्ष्मी के अवतार के रूप में देखते हैं। इसलिए दिवाली के पहले लक्ष्मी पूजन से पहले सोने के आभूषण खरीदने की प्रथा है। धनतेरस पर बर्तन व अन्य कई तरह की चीजें खरीदने की परंपरा और मान्यता है। लेकिन इस दिन सोने की खरीदारी करना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। सोना खरीदने के पीछे पौराणिक कथा भी जुड़ी हुई है। धनतेरस धन और तेरस दो शब्दों के मेल से बना है। घर में धन और समृद्धि के लिए इस दिन विशेष बातों का ध्यान रखना चाहिए।
यह विडियो भी देखें
इसे जरूर पढ़ें:Dhanteras 2021: जानें कब है धनतेरस का त्योहार, पूजा का शुभ मुहूर्त, पूजा की सही विधि और महत्व
ज्योतिष के अनुसार सोने को सबसे शुद्ध धातुओं में से एक माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि सबसे शुद्ध होने की वजह से सोने को धनतेरस के दिन जरूर खरीदना चाहिए। इस पवित्र धातु को धनतेरस के दिन घर लाने से साक्षात माता लक्ष्मी का आगमन होता है और पूरे साल लक्ष्मी जी की कृपा दृष्टि बनी रहती है। सोना खरीदने के साथ धनतेरस के दिन सोने का दान करना भी शुभ माना जाता है। इसलिए कुछ लोग इस दिन सोने का दान भी करते हैं।(धनतेरस के दिन क्या खरीदें और क्या न खरीदें)
धनतेरस पर वैसे तो हम कई तरह की चीजें खरीदते हैं लेकिन इस दिन मुख्य रूप से सोना खरीदा जाता है। इसके पीछे एक कथा मशहूर है जिसे लोग आज भी सोना खरीदने से जोड़ते हैं। यह कथा धनतेरस हिम नामक एक राजा के बेटे के श्राप से संबंधित है। कहा जाता है कि राजा हिम के बेटे को श्राप था कि शादी के चौथे दिन ही उसकी मृत्यु हो जाएगी। मगर जब इस बात का राजकुमार की पत्नी को पता चला तो उसने एक नीति बनाई। उसने अपने पति से शादी के चौथे दिन जगे रहने के लिए कहा। मगर पति कहीं सो न जाए इसके लिए वह लगातार गीत और कहानियां सुनाती रही। उसके बाद उसने घर के दरवाजे पर सोने-चांदी व अन्य बहुमूल्य वस्तुएं रख दीं, घर के आस-पास दीये भी जलाए। उस समय यमराज जब सांप के रूप में राजा हिम के बेटे की जान लेने आए तो सोने के आभूषणों और दीपों की चमक से अंधे हो गए। अंधे होने की वजह से यमराज घर के अंदर प्रवेश ही नहीं कर सके। वह आभूषणों के ढेर पर बैठ गए और रात भर गीत सुनते रहे। सुबह होने पर यमराज राजकुमार के प्राण लिए बिना ही चले गए क्योंकि मृत्यु की घड़ी बीत चुकी थी। इस प्रकार सोने के आभूषणों से यमराज की दिशा बदलने की कथा से ही धनतेरस के दिन सोना खरीदने की प्रथा चलने लगी।
इसे जरूर पढ़ें:क्या आप जानते हैं धनतेरस में क्यों की जाती है बर्तनों की खरीदारी
ऐसी मान्यता है कि धनतेरस के दिन देवी लक्ष्मी की भांति भगवान धनवंतरि भी समुद्र मंथन से निकले थे। चूंकि उनके हाथ में अमृत कलश था इसलिए इस दिन बर्तन आदि खरीदने की परंपरा बनाई गई है। मुख्य रूप से धनतेरस के दिन लोग सोने चांदी के बर्तन, पूजा के सिक्के और आभूषण आदि खरीदते है। इसके अलावा बहुत से लोग इसी दिन दिवाली की पूजा (दिवाली में इस विधि से करें लक्ष्मी पूजन)के लिए लक्ष्मी और गणेश की मूर्ति भी घर लाते हैं।
इस प्रकार धनतेरस के दिन मुख्य रूप से सोना खरीदा जाता है लेकिन अन्य चीज़ों की खरीदारी को भी शुभ माना जाता है। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।