Sawan 2022: सावन के बचे हुए 10 दिनों में करें इन चीजों का दान, हो जाएंगे मालामाल

सावन के महीने में यदि आप शिव पूजन के साथ कुछ चीजों का दान करते हैं तो ये आपके जीवन में समृद्धि के द्वार खोलने में मदद करता है।
Samvida Tiwari

सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। इस महीने में जहां एक तरफ शिव पूजन की विशेष महिमा है, वहीं दान पुण्य से भी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। ऐसा माना जाता है कि इस महीने किया गया दान सीधे भगवान शिव को स्वीकार्य माना जाता है।

यह पूरा महीना भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था का होता है। सावन का यह महीना भगवान भोलेनाथ का प्रिय महीना होता है। इसलिए लोग पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा करते हैं।

सावन के महीने में दान करने से पाप कर्मों से मुक्ति मिलती है और भक्तों के जीवन में सुख-समृद्धि आती है। आइए उज्जैन के पंडित मनीष शर्मा जी से जानें कि सावन के बचे हुए दिनों में आपको किन चीजों का दान करना चाहिए जिससे आपके घर में सुख समृद्धि बनी रहे।

1 चांदी का दान

श्रावण के महीने में चांदी का दान बहुत शुभ माना जाता है। इस महीने में चांदी के सिक्के का दान करना सभी मनोकामनाओं की पूर्ति का मार्ग खोलता है। ऐसा माना जाता है कि यदि आपकी कुंडली में काल सर्प दोष है तो सावन में मुख्य रूप से नाग पंचमी के दिन नाग का जोड़ा मंदिर में दान करें। इसके अलावा यदि आप मंदिर में चांदी का शिवलिंग दान करते हैं तो ये भी आपके लिए लाभदायक होगा।

2 अनाज का दान

सावन के महीने में अनाज का दान करने से आपके जीवन में कभी भी अन्न की कमी नहीं होती है। ऐसा माना जाता है कि भगवान शिव को चावल अत्यंत प्रिय है इसलिए अनाज में चावल का दान करना बहुत शुभ होता है। इस महीने में चावल की खीर का भोग भी भगवान शिव को चढ़ाना शुभ माना जाता है।

3 घी का दान

सावन के महीने में घी का दान भी बहुत शुभ माना जाता है और ऐसा माना जाता है कि यदि कोई व्यक्ति इस महीने घी का दान करता है तो उसकी सभी बीमारियां दूर होती हैं और शरीर स्वस्थ रहता है।

इसे जरूर पढ़ें:Sawan 2022: सावन के महीने में राशि अनुसार करें ये उपाय, आएगी सुख समृद्धि

 

4 रुद्राक्ष का दान

रुद्राक्ष भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इसलिए ऐसा माना जाता है कि जो व्यक्ति इस महीने रुद्राक्ष का दान करता है उसे सभी समस्याओं से मुक्ति मिलती है और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।

5 वस्त्र का दान

सावन के महीने में जो व्यक्ति वस्त्रों का दान किसी जरूरतमंद को करता है उसके जीवन में कभी किसी चीज की कमी नहीं होती है। मान्यता है कि वस्त्र दान करने से भगवान शिव की विशेष कृपा दृष्टि प्राप्त होती है।

6 नमक का दान

सावन के महीने में नमक का दान अत्यंत शुभ माना जाता है। इस महीने में नमक दान करने से समस्त कष्टों का निवारण होता है और घर में सुख समृद्धि आती है।

इसे जरूर पढ़ें:Vastu Tips: धन हानि से बचने के लिए भूल से भी न करें इन 5 चीजों का दान

7 दूध का दान

भगवान् शिव को दूध अत्यंत प्रिय है इसी वजह से शिवलिंग पर जल के साथ दूध चढ़ाना भी बहुत लाभकारी माना जाता है। इस महीने में यदि कोई व्यक्ति दूध का दान करता है तो उसके लिए विशेष रूप से फलदायी होता है।

8 गुड़ का दान

सावन के महीने में गुड़ के दान को विशेष रूप से फलदायी माना जाता है। यदि आप अगले 10 दिनों में गुड़ का दान किसी जरूरतमंद को करते हैं तो आपको मनचाहा भोजन मिलता है और कभी भी अन्न की कमी नहीं होती है।

9 काले तिल का दान

सावन के महीने में तिल का दान करने से मनोबल मजबूत होता है और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। ऐसा माना जाता है कि शिवलिंग पर भी सावन में दूध के साथ टिल जरूर चढ़ाना चाहिए।

इस प्रकार यदि आप सावन के बचे हुए दिनों में यहां बताई चीजों का दान करते हैं तो ये आपके जीवन में समृद्धि लाने के साथ आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में मदद करता है। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit: freepik and wallpapercave.com

Disclaimer