Tricks to make terrace rainproof and avoid dampness: बरसात का मौसम आता नहीं है कि घर में सीलन आनी शुरू हो जाती है। यह सीलन बड़ी परेशानी की वजह तब बन जाती है जब इसकी वजह से घर की दीवारों का पेंट खराब होने लगता है और पपड़ी भी छूटने लगती है। कई बार सीलन इतनी ज्यादा दीवारों में घुस जाती है कि सीमेंट भी झड़ने लगता है। ऐसे में अगर सीलन का सही समय पर इलाज न कराया जाए तो यह आपके घर की खूबसूरती पर धब्बा लगा सकती है। हालांकि, सीलन रोकने और इससे छुटकारा दिलाने का दावा करने वाले कई डिस्टेंपर और पेंट बाजार में मिलते हैं। लेकिन, पेंट या डिस्टेंपर कराना जेब पर खूब भारी पड़ता है।
अगर आप इस मानसून सीलन से अपने घर को बचाने का जुगाड़ ढूंढ रही हैं, तो आप सही जगह पर हैं। क्योंकि, यहां हम एक ऐसा उपाय बताने जा रहे हैं जो आपके घर की छत को सीलन की समस्या से छुटकारा दिला सकता है। हालांकि, यह उपाय उन लोगों के लिए ज्यादा कारगर है जिनका घर टॉप फ्लोर का है या जिनके घर पर ओपन टेरिस है। आइए, यहां जानते हैं घर की छत को सीलन से कैसे और किन चीजों की मदद से बचाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: सीलन ने बिगाड़ दिया है घर की दीवारों का लुक, अपनाएं ये स्मार्ट टिप्स
यह विडियो भी देखें
घर की छत पर आने वाली सीलन की समस्या से छुटकारा पाने के लिए किसी हार्डवेयर की दुकान से एक बोरी चूना और चारकोल ले आएं। अब सबसे पहले एक खराब या पुरानी पेंट की बाल्टी लें। इस बाल्टी में बराबर मात्रा में चूना और चारकोल डाल दें। अब इस घोल में पानी डालें और किसी बड़े डंडे की मदद से घोल लें। ध्यान रहे कि चूना और चारकोल उतना ही लें, जितनी बड़ी आपके घर की छत है।
ध्यान रहे कि चूना और चारकोल का घोल न ज्यादा पतला बनाएं और न ही ज्यादा गाढ़ा। इसे इतना पतला रखें जिससे आसानी से इसे छत पर फैलाया जा सके। अब आप किसी पुराने मग की मदद से चूना और चारकोल का घोल छत पर डाल सकती हैं। साथ ही वाइपर की मदद से कोने-कोने में फैला सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: घर की दीवारों पर सीलन है या नहीं, इन आसान तरीकों से आप खुद भी लगा सकते हैं पता
वहीं, अगर छत पर किसी तरह की दरार है तो भी चूना और चारकोल की मदद से उसे भर सकती हैं। क्योंकि, इन्हीं दरारों की वजह से छत की सतह में बारिश का पानी जाता है और सीलन की समस्या आती है। पूरी छत पर चारकोल और चूना का घोल अच्छी तरह फैला लें और इसे सूखने दें। इसके अलावा इस बात का ध्यान रखें कि आप जब भी चूना और चारकोल का घोल छत पर लगाएं उस दिन धूप खिली हो। क्योंकि, धूप में यह जल्दी सूख जाएगा। वहीं, अगर बारिश हो गई तो आपकी पूरी मेहनत पानी में बह जाएगी।
आप चाहें तो छत की दीवारों पर भी चूना और चारकोल का घोल लगा सकती हैं। हालांकि, इसके लिए आपको एक पेंट ब्रश की जरूरत होगी। ऐसा करने से दीवारों से रिस कर जाने वाले पानी की समस्या कम हो सकती है।
हमारी स्टोरी से रिलेटेड अगर कोई सवाल है, तो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।
अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।