How do you know if your kids are spoiled:हर माता-पिता की चाहत होती है कि उनका बच्चा तरक्की करे और जीवन में कामयाब बने। लेकिन, बच्चों का भविष्य और उनका व्यक्तित्व इस बात पर बहुत हद तक निर्भर करता है कि उनकी संगत कैसी है। जी हां, माता-पिता अपने बच्चों को संस्कार देने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। लेकिन, घर से बाहर कई बार बच्चों को ऐसी संगत मिल जाती है जो उन्हें गलत आदतों और गलत रास्तों की तरफ ले जाती है।
आज के डिजिटल दौर में बच्चे सिर्फ दोस्तों से इंफ्लुएंस नहीं होते हैं, बल्कि सोशल मीडिया की वजह से भी गलत संगति में फंस जाते हैं जो उन्हें मेंटली, इमोशनली और फिजिकली परेशानी में डाल सकती है। ऐसे में पैरेंट्स की जिम्मेदारी बढ़ जाती है और उनके लिए यह समझना जरूरी हो जाता है कि बच्चे की संगत क्या है। बच्चे की संगत पहचानने के लिए जरूरी नहीं है कि आप उनके दोस्तों से मिलें। आप बच्चे की बदलती आदतों को देखकर भी उनकी संगत का अंदाजा लगा सकते हैं और समय रहते उन्हें सही रास्ता दिखा सकते हैं। आइए, यहां जानते हैं कि बच्चे की किन आदतों को देखकर आप अच्छी और बुरी संगत की पहचान कर सकते हैं।
किन आदतों से पहचानें बच्चे की संगत अच्छी है या बुरी?
बदली भाषा और स्लैंग का इस्तेमाल
बच्चे की संगत क्या है यह पहचानने में सबसे पहली उसकी भाषा ही काम आती है। अगर बच्चा पहले की तुलना में गाली-गलौच या तीखे शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है, तो यह खतरे की घंटी हो सकती है। बच्चे की भाषा को पहचानें और समझें कि वह जिन लोगों के साथ उठ-बैठ रहा है वह लोग कैसे हो सकते हैं और किस तरह आपके बच्चे के विकास पर असर डाल सकते हैं।
फैशन और स्टाइल में बदलाव
अगर बढ़ती उम्र के साथ बच्चा अच्छे कपड़े पहन रहा है, तो इसमें घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन, उसके कपड़े पहनने और फैशन की आदतों में स्वभाव से उल्टा असर देखने को मिल रहा है तो यह खराब संगत का संकेत हो सकता है। ऐसे में बच्चे में हो रहे छोटे-मोटे सभी बदलावों पर अपनी नजर रखें, भले ही समय आने पर उनसे बात करें।
इसे भी पढ़ें: 15-16 साल की बेटी हो जाए तो जरूर सिखाएं ये बातें, नहीं होगी परेशान और रहेगी खुशहाल
पुराने दोस्तों से दूरी
बच्चा अपने पुराने दोस्तों को बोरिंग बताकर दूरी बना रहा है, तो समझ जाएं कि उसकी संगत बदल रही है। हालांकि, उसकी नई संगत कितनी गलत है और कितनी सही, यह पहचानने के लिए आपको थोड़े समय का इंतजार करना होगा।
सोशल मीडिया पर बिहेवियर
डिजिटल युग में बच्चों का इंटरनेट और सोशल मीडिया पर कैसा बिहेवियर है, यह भी जानना जरूरी है। अगर बच्चा अजीबो-गरीब ट्रेंड्स फॉलो कर रहा है, देर रात फोन का इस्तेमाल कर रहा है या सोशल मीडिया पर अतरंगी फोटोज और वीडियो शेयर कर रहा है, तो यह भी उसकी बुरी या खराब संगत का असर हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: स्कूल खुलने के बाद बच्चों को ऐसे कराएं पढ़ाई पर फोकस, ये 6 टिप्स करेंगे मदद
देर से घर लौटना
बच्चे की संगत पहचानने में उसका शेड्यूल भी आपकी मदद कर सकता है। अगर पहले बच्चा स्कूल से घर और घर से ट्यूशन जाता था। लेकिन, कुछ समय से वह घर देर से लौट रहा है या घर से निकलने के अजीबो-गरीब बहाने बना रहा है तो यह भी खराब संगत की निशानी हो सकते हैं। ऐसे में बच्चों को टोकने से पहले उनका शेड्यूल समझें और जानें कि वह अपना समय कहां और किन चीजों में लगा रहे हैं। इसके बाद ही उन्हें टोकें, लेकिन वह भी संभलकर। क्योंकि, कई बार बच्चों को टोकना या डांटना उल्टा असर कर सकता है।
हमारी स्टोरी से रिलेटेड अगर कोई सवाल है, तो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।
अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों