Hacks: एक्स्पायर्ड पेट्रोलियम जेली का इस तरह करें इस्तेमाल

कई बार ऐसा होता है कि हम किसी प्रोडक्ट को पूरी तरह से इस्तेमाल भी नहीं कर पाते हैं और उससे पहले ही वह एक्स्पायर्ड हो जाता है। जाहिर है, स्किन और हेयर प्रोडक्ट्स अगर एक्स्पायर्ड हो जाएं तो उन्हें इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। क्योंकि इनसे इन्फेक्शन होने का खतरा रहता है। इनमें से एक है पेट्रोलियम जेली। पेट्रोलियम जेली का ज्यादातर इस्तेमाल सर्दियों के मौसम में त्वचा को ड्राईनेस से बचाने के लिए किया जाता है।
जब सर्दियों का मौसम खत्म हो जाता है तो इसका इस्तेमाल कम हो जाता है और रखे-रखे यह एक्स्पायर्ड हो जाती है। ऐसे में अमूमन लोग इसे फेंक देते हैं। मगर आप चाहें तो एक्स्पायर्ड पेट्रोलियम जेली का भी यूज कर सकती हैं। आप पेट्रोलियम जेली की मदद से बहुत सारी घरेलू समस्याओं को दूर कर सकती हैं।
चलिए आज हम आपको एक्सपायर्ड पेट्रोलियम जेली को इस्तेमाल करने के रोचक हैक्स बताते हैं-
इसे जरूर पढ़ें: Hacks: कपड़ों से इंक या स्याही के दाग हटाने के 5 आसान घरेलू टिप्स

पेट्रोलियम जेली से छुड़ाएं लिपस्टिक के दाग
ऐसा कई बार होता है कि मेकअप करते वक्त लिपस्टिक के दाग कपड़ों में लग जाते हैं। आप कितने भी अच्छे ब्रांड की लिपस्टिक यूज करती हों, मगर एक बार लिपस्टिक के दाग यदि कपड़े पर लग जाएं तो वह आसानी से नहीं निकलते हैं। ऐसे में आप पेट्रोलियम जेली में थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिक्स करें और इस मिश्रण को कपड़े पर लगे लिपस्टिक के दाग पर लगाएं। हल्के हाथों से निशान को रब करें और 30 मिनट के लिए इस मिश्रण को कपड़े पर लगा छोड़ दें। इसके बाद आप कपड़े को साधारण डिटर्जेंट से धो सकती हैं। कपड़े को वॉश करने में लिपस्टिक के दाग गायब हो जाएंगे।
पेट्रोलियम जेली से बनाएं बॉडी स्क्रब
अगर पेट्रोलियम जेली को एक्स्पायर्ड हुए कुछ दिन ही हुए हैं तो आप इससे बॉडी स्क्रब (पेट्रोलियम जेली ब्यूटी हैक्स) या फुट स्क्रब भी बना सकती हैं। आपको बता दें कि इस स्क्रब को आप चेहरे पर इस्तेमाल न करें। पेट्रोलियम जेली से बॉडी स्क्रब बनाने के लिए आप कॉफी पाउडर को पेट्रोलियम जेली में अच्छी तरह से मिक्स करें और उसे हाथ, पैर, पीठ और चेहरे को छोड़ कर शरीर के अन्य भाग में इस्तेमाल कर सकती हैं। कॉफी की जगह आप इसमें चाय की पत्ती, चावल का पाउडर और चीनी भी मिक्स कर सकती हैं।

होममेड शू-शाइनर
पेट्रोलियम जेली अगर एक्स्पायर्ड हो गई है तो आप इसका यूज शू-शाइनर के तौर पर भी कर सकती हैं। शू को पॉलिश करने के बाद आप उसमें थोड़ी सी पेट्रोलियम जेली लगाएं और ब्रश से उसे पूरे शू पर फैला दें। इतना ही नहीं, आप पुराने लेदर के पर्स, जूते, जैकेट और फर्नीचर पर भी पेट्रोलियम जेली का यूज कर सकती हैं। इससे उनमें अनोखी चमक आ जाती है।
शीशे पर स्क्रैच मार्क्स कम करती है पेट्रोलियम जेली
कई बार घर में लगे शीशों में स्क्रैच पड़ जाते हैं, जो दिखने में भद्दे लगते हैं। अब बार-बार घर के शीशे तो नहीं बदले जा सकते हैं, मगर इन स्क्रैच मार्क्स को पेट्रोलियम जेली की मदद से रिपेयर जरूर किया जा सकता है। इसके लिए आप शीशे पर जहां भी स्क्रैच मार्क्स पड़े हैं उन पर पेट्रोलियम जेली लगाएं और फिर उसे कागज की मदद से पोछ दें। ऐसा अगर आप 2-3 बार करेंगी तो स्क्रैच मार्क्स हल्के हो जाएंगे।
इसे जरूर पढ़ें:एक नहीं बल्कि कई कामों के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं विक्स वेपोरब का

पेट्रोलियम जेली से छुड़ाएं च्विंगम
कई बार च्विंगम फर्श, कपड़ों यहां तक कि बालों में भी चिपक जाती है। ऐसे में च्विंगम (5 मिनट में कपड़ों से ऐसे छुड़ाएं च्विंगम) को निकालना बहुत कठिन हो जाता है। मगर पेट्रोलियम जेली के इस्तेमाल से आप च्विंगम कहीं भी चिपक जाए, उसे आसानी से निकाल सकते हैं। बालों और त्वचा पर चिपकी च्विंगम पेट्रोलियम जेली से बहुत ही आसानी से निकल जाती है। वहीं अगर फर्श या कपड़े पर च्विंगम चिपक जाए तो उसे निकालने के लिए आपको ब्रश में पेट्रोलियम जेली लगानी चाहिए और रब करना चाहिए।
घर के दरवाजों को जाम होने से कैसे बचाएं
कई बार मौसम बदलने के साथ-साथ घर के दरवाजे और खिड़कियां जाम हो जाती हैं और उन्हें खोलने या बंद करने में दिक्कत आती है। ऐसे में आप दरवाजे और खिड़कियों के कोनों में या उनके ज्वॉइंट्स में थोड़ी सी पेट्रोलियम जेली लगा सकती हैं। यह पेट्रोलियम जेली ग्रीस का काम करती है और इसके बाद दरवाजों और खिड़कियों को खोलना या बंद करना आसान हो जाता है।
हम उम्मीद करते हैं कि आपको पेट्रोलियम जेली के यह रोचक हैक्स पसंद आए होंगे। अगर आपके घर पर भी एक्स्पायर्ड पेट्रोलियम जेली पड़ी है तो उसे फेंके नहीं बल्कि उसका इस्तेमाल आप ऊपर बताई गई चीजों में कर सकती हैं।
यह आर्टिकल आपको पसंद आया हो तो इसे शयेर और लाइक जरूर करें, साथ ही इसी तरह और भी रोचक हैक्स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।