Lal Mirch Ka Achar Kaise Rakhen: चटपटा लाल मिर्च का अचार घर पर रखें, मेरी मम्मी बता रही हैं बनाने के असान स्टेप्स

Lal Mirch Ka Achar Recipe In Hindi: लाल मिर्च का अचार रखने का सीजन आ गया है। बाजार में आपको नई ताजी लाल मिर्च मिल जाएंगी, जिसका अचार आप घर पर ही रख सकती हैं। यह सीजन लाल मिर्च का अचार रखने के लिए बहुत ही अच्छा माना जाता है और खिली हुई धूप अचार के स्वाद को चार गुना बढ़ा देती है। हालांकि, घर में लाल मिर्च का अचार रखना सभी के लिए आसान नहीं है, खासतौर पर अगर आप पहली बार अचार रखने प्लान कर रही हैं, तो आपको इसी बारीकियों के बारे में जरूर पता होना चाहिए। मैंने भी अपनी मम्मी से पूछ इस बार घर पर ही लाल मिर्च का अचार रख है।
यकीन मानिए, अचार इतना ज्यादा स्वादिष्ट है कि मेरे घर पर इसके बिना सभी का लंच और डिनर दोनों अधूरा रहता है। अगर आप भी सोच रही है कि इस सीजन में आपको लाल मिर्च अचार रखना है, तो आपको अब देर नहीं करनी चाहिए, चलिए मैं आपको लाल मिर्च का अचार रखने के लिए अपनी मम्मी की रेसिपी बताती है, जिसे पढ़कर आप स्टेप-बाय-स्टेप लाल मिर्च का अचार रख पाएंगी।
लाल मिर्च का सही चुनाव
अचार केवल खाने में नहीं बल्कि दिखने में भी अच्छा लगे, इसके लिए मिर्च का चुनाव सही तरीके से करना चाहिए। मेरी मम्मी ने मुझे इस बारे में पहले ही बता दिया था। इसलिए मैं जब सब्जी मंडी गई, तो वहां पर एकदम लाल रंग की जो मिर्च थी उन्हीं का मैने चुनाव किया था। इसी के साथ-साथ मैंने इस बात का भी ध्यान रखा कि मिर्च कहीं से भी कटी-फटी या फिर गली हुई न हो। इतना ही नहीं, मिर्च लेते वक्त आपको यह भी देखना होगा कि उसकी डंठल लगी हो। दरअसल, डंठल नहीं होने पर मिर्च के अंदर कीड़े पाए जा सकते हैं।
लाल मिर्च का साफ करने सही तरीका
मिर्च को घर लाने के बाद उसे भूल से भी फ्रिज के अंदर न रखें। इससे उसकी अंदर नमी बैठ जाएगी। इसकी जगह आप मिर्च को सीधे 2 दिन के लिए धूप में रख दें। मिर्च को साफ करने के लिए पानी का इस्तेमाल भी न करें। मेरी मम्मी ने मुझे मिर्च को बांस की डलिया में फैला कर रखने की हिदायत दी थी। अगर आपके पास बांस की डलिया न हो, तो आप किसी भी छेददार बर्तन या फिर कॉटन के कपड़े में मिर्च को दो दिन धूप दिखा सकती हैं। इससे उसमें जो भी नमी बैठी है, वह खत्म हो जाएगी। इसके बाद आप सभी मिर्चों को अच्छी तरह से कॉटन के कपड़े से पोछ लीजिए। ध्यान रखिएगा कि कपड़ा एकदम साफ होना चाहिए। अब आप मिर्च की डंठल को तोड़ती जाएं और मिर्च में एक लंबा चीरा लगाती जाएं।
यह भी पढ़ें- खाने में लाल मिर्च डालने से क्या फायदा मिलता है?

लाल मिर्च की फिलिंग बनाने का तरीका
अब सबसे अहम चीज है लाल मिर्च के लिए अचार का मसाला तैयार करना, जो बहुत आसान है, बस आपको सही सामग्री के बारे में पता होना चाहिए। अगर आप एक 1 किलों लाल मिर्च का अचार रखना चाहती हैं, तो मसाला बनाने की सही और बैलेंस मात्रा नीचे आसान भाषा में बता रही हूं, ताकि मिर्चे का स्वा न ज्यादा तीखा और न फीका लगे।
सामग्री
- साबुत मसाले (दरदरे पिसे हुए)
- राई (सरसों) -150 ग्राम
- सौंफ- 100 ग्राम
- धनिया साबुत (पीसने के लिए)- 50 ग्राम (अगर पाउडर ले रही हैं तो नीचे देखें)
- मेथी दाना-25 ग्राम
- अजवाइन- 20 ग्राम
- जीरा- 20 ग्राम
- कलौंजी- 15 ग्राम
पिसे हुए मसाले
- हल्दी पाउडर- 25 ग्राम (लगभग 3 टेबलस्पून)
- लाल मिर्च पाउडर (तीखी)- 20–25 ग्राम (स्वाद अनुसार)
- कश्मीरी मिर्च पाउडर - 40–50 ग्राम (रंग और हल्की तीखापन के लिए)
- धनिया पाउडर - 40 ग्राम (अगर साबुत नहीं लिया हो तो)
नमक व खट्टापन
- नमक (साधारण)- 70–80 ग्राम
- काला नमक- 15–20 ग्राम
- खटाई (अमचूर पाउडर)- 30–40 ग्राम
अन्य सामग्री
- हींग- ½ छोटी चम्मच
- सरसों का तेल- 250–300 ml
- गन्ने का सिरका - 2–3 टेबलस्पून
यह भी पढ़ें- घर में नहीं टिकता है पैसा तो लाल मिर्च से करें ये तीन काम
विधि
- सभी साबुत मसाले जैसे- राई, सौंफ, धनिया साबुत, मेथी दाना, अजवाइन, जीरा और कलौंजी लें। इन मसालों को अलग-अलग धीमी आंच पर हल्का सा भून लें। इन्हें इतना ही भूने कि मसालों से खुशबू आए। ध्यान रखें कि मसाले जले नहीं। जब सभी मसाले ठंडे हो जाएं, तो उन्हें दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि इन मसालों से बहुत बारीक पाउडर नहीं बनाना है।
- अब एक बड़े और सूखे परात या बाउल में दरदरे पिसे मसाले डालें। इसके बाद इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, कश्मीरी मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर डालें और अच्छी तरह सब मसालों को हाथ या चम्मच से मिला लें।
- अब मसाले में साधारण नमक, अमचूर पाउडर और साथ में ½ छोटी चम्मच हींग डालें और सब कुछ अच्छे से मिक्स करें।
- अब सरसों के तेल को कड़ाही में डालकर अच्छी तरह गरम करें, जब तक धुआं न उठने लगे। फिर तेल को ठंडा होने दें। ठंडा होने पर तेल को थोड़ा-थोड़ा करके मसाले में डालें और मिलाएं। ध्यान रखें, मसाला ऐसा होना चाहिए कि वह न ज्यादा सूखा लगे और न ज्यादा पतला।
- आखिर में मिश्रण में गन्ने का सिरका डालें और हल्के हाथ से मिलाएं। आपको बता दें कि सिरका अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है।
लाल मिर्च में कैसे भरें फिलिंग
- यह पूरी तरह से आप पर निर्भर करता है कि आप मिर्च के अंदर के बीज को हटाना चाहती हैं या नहीं। मेरी मम्मी तो बीज नहीं हटाती हैं, इससे अचार तीखा हो जाता है। आपको अगर तीखा अचार नहीं पसंद आता है, तो आप हाथ या फिर चम्मच से बीज को हटा भी सकती हैं।
- आपने मिर्च में जो चीरा लगाया है, उसमें थोड़ा-थोड़ा मसाला भेरें। अगर मासला बहुत अधिक सूख है, तो उसमें थोड़ा सा तेल डाल लें। ध्यान रखें कि मसाला न तो ज्यादा गीला होना चाहिए और न ही ज्यादा सूखा।
- जब मसाला अच्छे से भर जाए, तो उसे दबाकर अच्छी तरह से रखें। ऐसा करने से मसाला बाहर नहीं निकलता है।
- आखिर में आप कांच की बरनी में मिर्च को दबा-दबा कर रखें और उसमें इतना सरसों का तेल भर दें कि एक-एक मिर्च उस तेल में डूब जाए। तेल भरे होने से आप मिर्च पूरे साल लाल रहती है और उसे आप फ्रिज से बाहर भी रख सकती हैं। साथ ही मिर्च का छिलका भी पतला हो जाता है।
लाल मिर्च को कैसे करें स्टोर
- लाल मिर्च का अचार डालने की यह सबसे अहम कड़ी है। मिर्च का अचार सालों-साल चले, इसके लिए आपको कांच की बरनी में अचार रखना चाहिए।
- अचार को रखने से पहले आपको कांच की बरनी को अच्छी तरह से साफ करके सुखाना चाहिए। फिर आप भरी हुई मिर्च को डबा-डबा कर रख सकती हैं।
- अब इस बात का ध्यान रखें कि अगर अचार को तेल में डुबोकर नहीं रखा है, तो उसे फ्रिज के अंदर ही रखें। अगर आपने अचार को तेल में डिप करके रखा है, तो भूल से भी बरनी को ऐसी जगह न रखें, जहां सीलन हों या फिर बहुत ज्यादा धूप आती हो।
ऊपर जो विधि मैंने आपको बताई है, उसी विधि से मैंने भी अचार रखा है। अगर आप भी घर पर लाल मिर्च का अचार रखना चाहती हैं, तो आप भी इस विधि को फॉलो कर सकती हैं। यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इस लेख को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या लाल मिर्च को धोकर अचार बनाना चाहिए?
- नहीं, मिर्च को पानी से नहीं धोना चाहिए। पानी से नमी बैठ जाती है, जिससे अचार जल्दी खराब हो सकता है। धूप में सुखाकर सूखे कपड़े से पोंछना सबसे सही तरीका है।
- लाल मिर्च के बीज निकालना जरूरी है या नहीं?
- यह पूरी तरह स्वाद पर निर्भर करता है। अगर तीखा अचार पसंद है तो बीज न निकालें, और अगर हल्का तीखापन चाहिए तो बीज निकाल सकते हैं।
- लाल मिर्च के अचार में सरसों का तेल ही क्यों इस्तेमाल किया जाता है?
- सरसों का तेल अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है और अचार को पारंपरिक तीखा स्वाद भी देता है।
- लाल मिर्च का अचार कितने दिन में खाने लायक हो जाता है?
- अचार लगभग 7–10 दिनों में खाने लायक हो जाता है, जब मसाले और तेल मिर्च में अच्छे से बस जाते हैं।
- क्या लाल मिर्च का अचार फ्रिज में रखना जरूरी है?
- अगर अचार पूरी तरह तेल में डूबा है, तो फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं। लेकिन तेल कम हो तो फ्रिज में रखना बेहतर होता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।