छुट्टी के दिन भी काम में लगी रहती हैं आप, जानें क्यों महिलाओं के लिए जरूरी है खुद के लिए वक्त निकालना?

क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि पूरे हफ्ते ऑफिस में काम करने के बाद जब छुट्टी आती है, तो आप घर के कामों में व्यस्त हो जाती हैं? कभी बच्चों की जिम्मेदारी, कभी घर की साफ-सफाई, कभी परिवार के लिए खाना बनाना, तो कभी अधूरे काम निपटाने की चिंता। ऐसे में छुट्टी का दिन भी कब निकल जाता है, पता ही नहीं चलता। वर्किंग डेज में ऑफिस और घर का काम साथ में मैनेज करना और छुट्टी के दिन बचे हुए कामों को करना...इस सबके बीच महिलाएं खुद के लिए वक्त ही नहीं निकाल पाती हैं और सबसे दिलचस्प बात यह है कि कई महिलाएं अपने लिए थोड़ा समय निकालने पर भी अपराधबोध महसूस करती हैं। उन्हें लगता है कि जब घर और परिवार के इतने काम बाकी हैं, तो वे अपने लिए समय कैसे निकाल सकती हैं?
यहां यह समझना बहुत जरूरी है कि अगर आप छुट्टी के दिन भी काम करती रहती हैं, तो इसका असर सीधे तौर पर आपकी मेंटल और फिजिकल हेल्थ पर हो सकता है। ऐसे में खुद के लिए वक्त निकालना बहुत जरूरी है। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से समझते हैं। इस बारे में Dr. Pragya Rashmi, Consultant Psychologist, Yashoda Hospitals, Secunderabad,Hyderabad जानकारी दे रही हैं।
बिना ब्रेक के काम करना खराब कर सकता है आपकी सेहत
डॉक्टर रश्मि का कहना है, "एक डॉक्टर के तौर पर, मैं अक्सर ऐसी महिलाओं को देखती हूं जो अपनी छुट्टी के दिनों में भी काम करती रहती हैं, जैसे मैसेज का जवाब देना, काम पूरा करना, परिवार की देखभाल करना या फिर छुट्टी लेने पर बुरा महसूस करना। वे ये नहीं समझती हैं कि अपने लिए समय निकालना आपकी शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए बहुत जरूरी है, न कि कोई ऐशो-आराम की चीज।"
- बिना ब्रेक लिए लगातार काम करने से तनाव, थकान, नींद न आना, चिड़चिड़ापन और अंत में 'बर्नआउट' (पूरी तरह से थक जाना) जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- इसका असर न केवल आपकी मेंटल हेल्थ, बल्कि फिजिकल हेल्थ पर भी होता है और इम्यूनिटी भी कमजोर हो सकती है, जिससे आप कई बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। इसकी वजह से पाचन और पीरियड साइकिल पर भी असर होता है।

यह भी पढ़ें- 'कुछ नहीं हुआ, मैं ठीक हूं...', महिलाएं अपनी तकलीफ छिपाती क्यों हैं? जानिए साइकोलॉजी
मानसिक तनाव और थकान कम करने के लिए जरूरी है Me Time
- महिलाओं के लिए रोजाना खुद के लिए कुछ वक्त निकालना जरूरी है। अगर आप रोज ऐसा नहीं कर पाती हैं, तो कम से कम छुट्टी वाले दिन खुद को वक्त दें।
- आपके लिए अपनी सीमाएं तय करना बहुत जरूरी है, क्योंकि अक्सर महिलाओं पर एक साथ कई जिम्मेदारियां होती हैं।
- हर दिन कम से कम 20 से 30 मिनट का समय अपने लिए निकालें और कुछ ऐसा करें जिससे आपको ताजगी मिले, जैसे टहलना, पढ़ना, प्रार्थना करना, संगीत सुनना, कसरत करना या बस अपने फोन से दूर कुछ शांत समय बिताना।
- खासकर हफ्ते में कम से कम एक दिन ऐसा जरूर रखें, जब आप न कोई काम करें और न ही किसी काम के बारे में सोचें, बल्कि खुद के साथ वक्त बिताएं और वो चीजें करें जो आपको पसंद हों।
- अपनी देखभाल करने से मानसिक सुकून मिलता है, फोकस बढ़ता है और ऊर्जा वापस आती है।

- नियमित व्यायाम, पूरी नींद लेना, संतुलित आहार खाना और सकारात्मक लोगों के साथ जुड़े रहना, ये सब तनाव कम करने और मूड को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
- अच्छी नींद लेना बहुत जरूरी है। हर रात लगभग 7 से 9 घंटे की नींद बहुत जरूरी है। सोने का एक तय समय रखें, सोने से पहले स्क्रीन और कैफीन (चाय, कॉफी) से बचें और सोने से पहले एक शांत रूटीन बनाएं।
- याद रखिए जब आप अपनी देखभाल करते हैं, तो आप दूसरों की देखभाल भी बेहतर तरीके से कर पाती हैं।
- अगर आप लगातार उदास, चिंतित, बहुत ज्यादा दबाव में महसूस कर रही हैं या चीजों को संभाल नहीं पा रही हैं, तो कृपया किसी हेल्थकेयर प्रोफेशनल (डॉक्टर या काउंसलर) से बात करें।
यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले ही नहीं, तनाव में भी सफाई क्यों करने लगती हैं कुछ महिलाएं? जानें इसके पीछे की वजह
हर जिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, हेल्दी खान-पान और मेंटल हेल्थ के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shutterstock
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।