शादी के बाद हर एक त्यौहार कुछ ख़ास ही होता है। जब बात हो लोहड़ी के त्यौहार की तब बात ही अलग है। वैसे तो लोहड़ी पंजाबी दुल्हन के लिए बेहद ख़ास होता है लेकिन आजकल इस त्यौहार को हर एक धर्मों के लोग धूमधाम से मनाते हैं। लोहड़ी का त्योहार हर नवविवाहित जोड़े के लिए शुभ माना जाता है। न केवल दंपति बल्कि उनके परिवार के सभी लोग भी अपने उत्सव की पोशाक पहने अलाव के चारों ओर नृत्य करते हैं। उत्तर भारतीयों के लिए लोहड़ी एक महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है। पवित्रता के अलावा यह अपनी पौराणिक श्रद्धा के लिए भी महत्त्वपूर्ण है।
शादी के बाद पहली लोहड़ी का अपना अलग आकर्षण होता है। शादी के बाद पहली लोहड़ी को ज्यादातर बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। लोहड़ी के त्यौहार में नवविवाहित जोड़े को बेहतरीन पोशाक पहनाई जाती है। फिर उन्हें उपहार और आशीर्वाद दिया जाता है। खासतौर पर ये त्यौहार नई नवेली दुल्हन के लिए कुछ ख़ास होता है। अगर आपकी भी नई -नई शादी हुई है और इस बार आपकी पहली लोहड़ी है तो यहां दिखाए आउटफिट्स से इंस्पिरेशन ले सकती हैं।
घरारा और शरारा फैशन
लोहड़ी के त्यौहार के दौरान, महिलाएं मुख्य रूप से पीले, लाल, हरे और सभी रंगों जैसे उत्सव रंगों में सजना पसंद करती हैं। उत्तर भारतीय सूट, शरारा सूट, घरारा महिलाओं के लिए लोहड़ी की पोशाक (लोहड़ी में ट्राई करें ये स्टाइलिश बॉलीवुड स्टाइल सूट) के लिए अधिक पसंद किए जाते हैं। उज्ज्वल शरारा और चमचमाते कुर्ते लोहड़ी फैशन 2021 के लिए एक आदर्श स्टाइल स्टेटमेंट बनाते हैं। अगर इसे गोटा के साथ लगाया जाता है, तो यह अधिक उत्सव वाले रंगों का प्रदर्शन करेगा। अगर आप भी लोहड़ी में नई पंजाबी दुल्हन की तरह पोशाक पहनना चाहती हैं तो इस तरह का शरारा या घरारा पहन सकती हैं।
त्यौहार के लिए ख़ास लुक
त्योहारों के दौरान नारंगी और पीले रंग भारत की अधिकांश महिलाओं की पहली पसंद होते हैं। एक्ट्रेस काजल अग्रवाल की ये खूबसूरत ड्रेस आपकी लोहड़ी पार्टी में चार चाँद लगाएगी। इस ड्रेस के साथ आप हैवी चोकर नेकलेस और मांगटीका भी कैरी कर सकती हैं जो आपके लुक को और ज्यादा निखार सकता है।
इसे जरूर पढ़ें:ब्राइडल लहंगे के साथ कैरी करें ये स्टनिंग एक्सेसरीज और बन जाएं गॉर्जियस दुल्हन
रेड साड़ी लुक
जब बात हो नई नवेली दुल्हन की तो भला लाल रंग कैसे पीछे रह सकता है। अगर आपकी नई -नई शादी हुई है और ये आपकी पहली लोहड़ी है तो रेड साड़ी लुक आपके लिए परफेक्ट लुक होगा। इस खूबसूरत लाल साड़ी को आप किसी भी ढंग से कैरी कर सकती हैं। ये रेड साड़ी आपके लुक में स्टाइल जोड़ने के साथ आपकी खूबसूरती को भी निखारेगी।
Recommended Video
पटियाला सूट
चूंकि लोहड़ी मुख्य रूप से पंजाबी त्यौहार है इसलिए एक पंजाबी दुल्हन की तरह पटियाला सूट पहनना एक बेहतर विकल्प है। आप भी इस दिन बेहद बोल्ड कलर के पटियाला सूट पहनकर बेहद खास पंजाबी ब्राइड की तरह दिखें। पूरा पंजाबी ब्राइड फील पाने के लिए बालों की खूबसूरत चोटी के साथ लोकप्रिय पंजाबी हेयर एक्सेसरी परांदा लगाएं। याद रखें कि आप नवविवाहित दुल्हन हैं, इसलिए पटियाला सूट के रंगों का चयन करते समय लाल,हरे, पीले और नारंगी रंग को प्राथमिकता दें। खासतौर पर गहरे रंग आपके लुक को और ज्यादा खूबसूरत बनाएंगे।
अनारकली सूट
नई नवेली दुल्हन के लिए बाजार में बहुत सारे खूबसूरत अनारकली सूट डिजाइन उपलब्ध हैं। आप किसी भी फ्लोर लेंथ अनारकली सूट को पहन सकती हैं और इसे खूबसूरत एक्सेसरीज के साथ स्टाइल कर सकती हैं। सर्दियों के मौसम में आप अनारकली सूट के साथ एक जैकेट भी पहन सकती हैं। आप अपने अनारकली सूट के साथ एक स्टाइलिश स्टोल के साथ और फुटवियर के रूप में जूतियों के साथ अपने लोहड़ी लुक को पूरा कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें:हाइट और फिगर के हिसाब पहनेंगी अनारकली सूट तो दिखेंगी स्टाइलिश
लहंगा चोली
एक पोशाक जो हमेशा किसी भी भारतीय त्यौहार पर अच्छी लगती है वह है लहंगा और चोली। खासकर यदि आप एक नई नवेली दुल्हन हैं, तो आपको पहले से ही अपनी पसंद के रूप में लहंगा तैयार रखना चाहिए। लोहड़ी के त्यौहार के दौरान आप अपने ब्राइडल लहंगे का इस्तेमाल भी कर सकती हैं, लेकिन सुनिश्चित करें कि आप दुपट्टे के ड्रेपिंग स्टाइल में कुछ बदलाव करें ताकि यह आपके शादी के दिन के लुक से थोड़ा अलग दिखे। इसके अलावा आप किसी भी गहरे रंग के या खूबसूरत दिखने वाले लहंगा चोली का चुनाव कर सकती हैं जो आपके लोहड़ी लुक को परफेक्ट बना सके।
इंडो वेस्टर्न गाउन
यदि आप एक नई नवेली दुल्हन हैं तो उपरोक्त विकल्पों में से अधिकांश आपने अपने विवाह समारोहों के दौरान पहले ही आज़मा लिए होंगे। यदि आप लोहड़ी पर्व के दौरान उसी शैली को दोहराना नहीं चाहती हैं, तो इंडो वेस्टर्न गाउन के लिए जाएं, जो काफी उत्तम दर्जे का दिखता है। ये आपके लोहड़ी लुक को परफेक्ट लुक देने के साथ देखने में स्टाइलिश भी लगेगा।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: pintrest