सालों-साल नए जैसे चमकेंगे गोटा-पट्टी के कपड़े, आजमाएं आसान रैपिंग गाइड
-1790259188791.webp)
गोटा पट्टी और जरी वर्क वाले कपड़े एक परफेक्ट और रॉयल लुक देते हैं। इस तरह के कपड़े अक्सर शादी-ब्याह या तीज-त्योहारों के दौरान पहने जाते हैं। यह दिखने में जितने खूबसूरत लगते हैं, इनकी देखभाल करना उतना ही थोड़ा मुश्किल हो जाता है। कई बार जरी वर्क और गोटा पट्टी के कपड़े लंबे समय तक अलमारी में रखे रहने की वजह से काले पड़ने लगते हैं, जिससे पूरा आउटफिट खराब दिखने लगता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इस लेख में बताई गई कुछ खास रैपिंग गाइड को फॉलो करके आप अपने कपड़ों को लंबे समय तक नया और चमकदार बनाए रख सकती हैं।
गोटा पट्टी और जरी वर्क को काला होने से कैसे बचाएं?
गोटा पट्टी और जरी वर्क वाले कपड़ों की केयर करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन अगर आप सही रैपिंग गाइड को फॉलो करके इन्हें स्टोर करती हैं, तो ये जल्दी काले नहीं पड़ेंगे। आइए जानते हैं इस गाइड के बारे में -

(image credit: instagram/Arsalan Banarasi Silk)
प्लास्टिक कवर के बजाय कॉटन कपड़े का इस्तेमाल करें
गोटा पट्टी और जरी वर्क वाले कपड़ों को अक्सर महिलाएं प्लास्टिक के कवर या पॉलीथिन में बंद करके रख देती हैं, लेकिन ऐसा करना आपके कपड़ों को खराब कर सकता है। प्लास्टिक नमी को सोखने नहीं देता और रोक लेता है, जिससे गोटा काला पड़ने लगता है। अगर आप भी अभी तक ऐसा ही कर रही थीं, तो अब ऐसा न करें। इसके बजाय आप कॉटन का एक साफ कपड़ा लें और उसमें अपनी ड्रेस को लपेटकर रखें। सूती कपड़ा आपकी ड्रेस तक आसानी से हवा पहुंचाता है और नमी को कपड़े तक जमा नहीं होने देता।
फोल्ड करते समय बटर पेपर या टिशू पेपर रखें
गोटा पट्टी और जरी वर्क वाले कपड़ों को सही तरीके से रखने के लिए आप बटर पेपर या टिशू पेपर का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। जब भी आप ऐसे आउटफिट को सूती कपड़े में लपेटें, तो फोल्ड करते समय जहां गोटा पट्टी या जरी का वर्क हुआ है, उस हिस्से पर बटर पेपर या एसिड-फ्री टिशू पेपर रख दें। इसके बाद ही कपड़े को फोल्ड करें। इस रैपिंग तकनीक से अगर आप कपड़ों को रखती हैं, तो सालों-साल तक उनकी चमक बरकरार रहती है।
सिलिका जेल या नीम की सूखी पत्तियां रखें
इसके अलावा, आप अलमारी या बॉक्स में जहां गोटा पट्टी वाला कपड़ा रखा है, वहां सिलिका जेल का पाउच या नीम की कुछ सूखी पत्तियां रख सकती हैं। सूखी नीम की पत्तियां आपके कपड़ों को दीमक या कीड़ों से बचाती हैं और कपड़ों को एकदम फ्रेश रखती हैं।

(image credit: instagram/Jay Sarees)
समय-समय पर कपड़ों को हवा और धूप दिखाएं
ध्यान रहे, अगर आप गोटा पट्टी वाले कपड़ों को सालों तक अलमारी के अंदर ही बंद करके रख रही हैं, तो ऐसा करने से बचें। इन्हें समय-समय पर बाहर निकालकर कुछ देर के लिए हल्की धूप या हवा में टांग दें। इसके बाद दोबारा रैपिंग मेथड के हिसाब से इसे सूती कपड़े में अच्छी तरह फोल्ड करके अलमारी में रख सकती हैं। ये सभी टिप्स न सिर्फ आपके कपड़ों को लंबे समय तक नया रखेंगे, बल्कि आपके फिजूल खर्च को भी बचाएंगे। इस तरीके से कपड़े रखने पर ड्राई क्लीनिंग या बार-बार नए कपड़े खरीदने का खर्च कम हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- शादी की शॉपिंग शुरू? गोटा पट्टी हाथफूल के ये खूबसूरत डिजाइन करें ट्राई
निष्कर्ष: गोटा पट्टी और जरी वर्क वाले कपड़ों को अगर आप लंबे समय तक नए जैसा रखना चाहती हैं, तो ऊपर बताई गई ये सभी टिप्स आपके बहुत काम आ सकती हैं। यह आसान रैपिंग गाइड आपके महंगे कपड़ों को काला पड़ने से बचाएगी। अगर आपने अभी तक यह तरीका नहीं आजमाया है, तो अब इसे अपनाकर अपने कपड़ों को सुरक्षित रख सकती हैं।
- क्या गोटा-पट्टी वर्क वाले कपड़े हवा और नमी के संपर्क में आने से काले या बेजान पड़ने लगते हैं?
- जी हां, गोटा-पट्टी में इस्तेमाल होने वाले धागे और मैटेलिक गोटे हवा में मौजूद नमी और ऑक्सीजन के संपर्क में आकर ऑक्सीडाइज होने लगते हैं। यही कारण है कि सही देखभाल न मिलने पर गोटा-पट्टी का रंग काला या मटमैला पड़ जाता है।
- क्या गोटा-पट्टी वाली साड़ियों या सूट को प्लास्टिक बैग में स्टोर करके रखना सही होता है?
- बिल्कुल नहीं! गोटा-पट्टी के कपड़ों को कभी भी पॉलीथिन या प्लास्टिक कवर्स में बंद करके नहीं रखना चाहिए। प्लास्टिक नमी को ट्रैप कर लेता है, जिससे गोटे पर कालापन, मोल्ड और पीलापन आने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है।
- गोटा-पट्टी वाली साड़ी या सूट को किस कपड़े में लपेटकर रखना चाहिए?
- इन्हें हमेशा बिना स्टार्च वाले सफेद मलमल या सूती कपड़े में अच्छी तरह लपेटकर रखना चाहिए। मलमल का कपड़ा सांस लेता है और बाहर की नमी को सोख लेता है, जिससे गोटे का मैटेलिक वर्क कभी काला नहीं पड़ता।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।